न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने सोमवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अपने कार्यक्रम में प्रेस की कवरेज को लेकर व्हाइट हाउस से अलग रुख अपनाया. उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि सभी मीडिया संस्थानों के पत्रकार कार्यक्रम को कवर कर सकें, जबकि व्हाइट हाउस ने कुछ मीडिया संस्थानों के प्रवेश पर रोक लगा रखी है.
ममदानी और ट्रंप सोमवार को ग्रेसी मैंसन में साथ दिखाई दिए, जहां दोनों ने किफायती आवास, बुनियादी ढांचे, सार्वजनिक सुरक्षा और आव्रजन समेत कई मुद्दों पर चर्चा की.
ममदानी से पत्रकारों ने किए सवाल
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक पत्रकार ने ममदानी से सीधे पूछा कि व्हाइट हाउस की ओर से कुछ मीडिया संस्थानों पर लगाए गए प्रतिबंध को लेकर उनका क्या रुख है और क्या उन्होंने ट्रंप के सामने यह मुद्दा उठाया.
ममदानी ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति से कहा था कि कार्यक्रम में सभी प्रेस सदस्यों को लॉन पर मौजूद रहने दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि वह प्रेस की मौजूदगी और स्वतंत्र कवरेज में विश्वास रखते हैं. चाहे उनकी राय या आलोचना कुछ भी हो.
#WATCH | When questioned about whether he addressed US President Donald Trump’s decision to ban several media outlets from the White House during their meeting, New York City Mayor Zohran Mamdani says, “I told the President that we’re going to have all of the members of the press… pic.twitter.com/MPt5oEerVU
— ANI (@ANI) September 21, 2026
ट्रंप से सीएनएन और दूसरे मीडिया संस्थानों पर सवाल
इसी दौरान पत्रकार ने ट्रंप से सीएनएन, एमएस नाव और पालिटिको पर लगाए गए प्रतिबंध को लेकर सवाल किया. पत्रकार ने पूछा कि क्या यह फैसला ईरान युद्ध और बढ़ती गैस कीमतों से ध्यान भटकाने के लिए लिया गया है.
ट्रंप ने जवाब दिया कि इन मीडिया संस्थानों ने उनके बहिष्कार की बात कही थी, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया, इसलिए उन्हें इसकी ज्यादा चिंता नहीं थी. उन्होंने कहा कि प्रेस पर प्रतिबंध लगाने का कारण यह है कि मीडिया की भी कुछ जिम्मेदारी होती है. ट्रंप ने यह भी कहा कि उन्हें प्रेस से कभी सकारात्मक कवरेज नहीं मिलती और खबरें हमेशा नकारात्मक होती हैं.
इसके बाद ट्रंप ने अपने चुनाव में भारी जीत और देश की अर्थव्यवस्था से जुड़े अपने दावों का भी जिक्र किया.
पांच बड़े टीवी नेटवर्क ने कवरेज रोकी
सोमवार को व्हाइट हाउस टीवी पूल में शामिल पांच प्रमुख टीवी नेटवर्क ने साझा टेलीविजन कवरेज रोक दी. यह फैसला उस समय लिया गया जब व्हाइट हाउस ने मीडिया पर बैन लगाया. इस पर फाक्स न्यूज मीडिया, एबीसी न्यूज, सीबीएस न्यूज, सीएनएन और एनबीसी न्यूज ने संयुक्त बयान में कहा कि जनता को सरकार के बारे में सटीक और स्वतंत्र जानकारी पाने का महत्वपूर्ण अधिकार है. उनके मुताबिक, किसी प्रशासन को किसी मीडिया संस्थान की रिपोर्टिंग पसंद नहीं आने पर उसे प्रतिबंधित नहीं करना चाहिए.
मीडिया संस्थानों ने ट्रंप प्रशासन पर मुकदमा किया
सीएनएन, एमएस नाव और पालिटिको ने सोमवार को ट्रंप प्रशासन के खिलाफ मुकदमा भी दायर किया. तीनों संस्थानों का आरोप है कि उनकी रिपोर्टिंग के कारण व्हाइट हाउस से बाहर करना अमेरिकी संविधान के प्रथम संशोधन में मिले अधिकारों का उल्लंघन है. उन्होंने यह भी कहा कि उनकी प्रेस मान्यता बिना उचित प्रक्रिया के रद्द की गई.
यह भी पढ़िएः व्हाइट हाउस ने CNN को किया बैन, बड़े टीवी नेटवर्क्स ने रोक दिया प्रेसिडेंट ट्रंप का कवरेज
















