गंगा एक्सप्रेस-वे पर बीजेपी विधायक चंद्रपाल सिंह लोधी की फार्च्यूनर कार पोल से टकरा गई. एक्सप्रेस वे पर पानी भरे होने के चलते कार अनियंत्रित होकर पोल से टकराई है. इस हादसे में कार सवार बीजेपी विधायक समेत दो लोग घायल बताए जा रहे हैं. यह भीषण सड़क हादसा लखनऊ से दिल्ली जाते समय हुआ है.
घायल बीजेपी विधायक को एम्बुलेंस से दिल्ली एम्स हॉस्पिटल ले जाया गया है. हादसे में बीजेपी विधायक की कार को भी भारी नुकसान हुआ. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए. यह दर्दनाक हादसा स्याना कोतवाली क्षेत्र के पोटा कबूलपुर गांव के पास गंगा एक्सप्रेस वे पर हुआ है.
विधायक को हापुड़ से दिल्ली किया रेफर
हादसे में घायल विधायक को पहले हापुड़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन बाद में डॉक्टरों ने उन्हें दिल्ली एम्स के लिए रेफर कर दिया है. चंद्रपाल सिंह लखनऊ से दिल्ली जा रहे थे, लेकिन हापुड़ के करीब पहुंचते ही उनकी कार हादसे का शिकार हो गई.
टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर पहुंची और कार सवार लोगों को निकालने का प्रयास किया. लोगों ने एंबुलेंस बुलाकर विधायक समेत सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया.
कार में चालक और गनर भी थे मौजूद
हादसे की शिकार हुई कार में विधायक के साथ कार चालक और उनका गनर भी मौजूद था. हादसे में गनर और चालक को मामूली चोट आने की जानकारी सामने आई है. बता दें कि रास्ते में भारी बारिश के कारण जलभराव हुआ था. ज्यादा पानी होने की वजह से कार ने संतुलन खो दिया और सामने लगे पोल से टकरा गई.
हादसे के दौरान बीजेपी कार्यकर्ता भी मौके पर इकट्ठा हो गए. फिलहाल इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. बता दें कि चंद्रपाल सिंह लोधी बुलंदशहर की डिबाई विधानसभा सीट से बीजेपी के विधायक हैं.
EC विवाद पर रालोद नेता केसी त्यागी का चौंकाने वाला बयान, कहा- ‘चुनाव आयोग को…’














