न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे वनडे में भारत को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा. बे ओवल ग्राउंड पर खेले गए इस इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 333 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. इसमें टिम सीफर्ट और विल यंग की ओपनिंग जोड़ी का अहम रोल रहा, जिन्होंने पहले विकेट के लिए 85 रनों की साझेदारी की. सीफर्ट के रूप में जब गुरनूर बरार ने पहला विकेट लिया तो उन्होंने काफी अग्रेसिव सेलिब्रेट किया, ये ऐसा था कि अगर विराट कोहली बीच में नहीं आते और भारतीय गेंदबाज को नहीं रोकते तो विवाद बढ़ सकता था.
विल यंग और टिम सीफर्ट ने न्यूजीलैंड को शानदार शुरुआत दिलाई. 12वें ओवर में आउट होने से पहले सीफर्ट अपना अर्धशतक पूरा चुके थे. उन्होंने 48 गेंदों में 58 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 3 छक्के और 6 चौके शामिल रहे. गुरनूर बरार की गेंद पर वह कैच आउट हुए, ईशान किशन ने पीछे दौड़कर एक शानदार कैच पकड़ा. कैच पूरा होते ही बरार सीफर्ट के आगे आ गए, जोर से चिल्लाने लगे. इस अग्रेसिव सेलिब्रेशन पर बल्लेबाज रियेक्ट करता, उससे पहले ही कोहली बीच में आ गए.
विराट कोहली शायद समझ गए थे कि गुरनूर बरार बेवजह ऐसा सेलिब्रेशन कर रहे हैं, जिससे उनके ऊपर जुर्माना भी लग सकता है. कोहली ने तुरंत बरार को पीछे किया, उन्हें बल्लेबाज से दूर किया. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
Kohli saved Gurnoor Brar from a potential match ban https://t.co/BNJDx2gwzM
— SIKA UJJWAL (@SIKAUJJWAL) November 13, 2026
89 रनों पर ढेर हुई टीम इंडिया
334 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 3 विकेट पहले ही ओवर में गंवा दिए थे. विराट कोहली, रोहित शर्मा और श्रेयस अय्यर खाता भी नहीं खोल पाए. खराब शुरुआत के बाद मिडिल आर्डर के बल्लेबाज भी फ्लॉप रहे और पूरी टीम 89 रनों पर ऑल आउट हो गई. ये वनडे इतिहास में भारत का छठा सबसे छोटा स्कोर है. टीम इंडिया 244 रनों से हार गई, जो वनडे में रनों के आधार पर भारत की दूसरी सबसे बड़ी हार है.
यह भी पढ़ें- बल्लेबाजों पर भड़के गौतम गंभीर, 89 रन पर ऑल आउट होने के बाद दिया ये बयान

















