‘तुम्बाड’ भारतीय सिनेमा की उन खास फिल्मों में से एक है, जिसने बड़े पर्दे पर लोककथा और फैंटेसी की दुनिया को एक अलग अंदाज में पेश किया. सालों से इस फिल्म ने अपनी एक मजबूत फैन फॉलोइंग बनाई है और समय के साथ इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ती गई है. 2024 में दोबारा रिलीज होने पर भी फिल्म को शानदार रिस्पॉन्स मिला. यो भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली री-रिलीज फिल्मों में शामिल हुई और इसने नए रिकॉर्ड भी बनाए.
अब, जब ‘तुम्बाड’ अपनी रिलीज के 8 साल पूरे कर रही है और ‘तुम्बाड 2’ को लेकर भी दर्शकों की उत्सुकता बढ़ रही है, तो फैंस एक बार फिर इस अनोखी दुनिया को बड़े पर्दे पर देखने के लिए उत्साहित हैं. उम्मीद है कि इसका सीक्वल कहानी और विजुअल्स को एक और बड़े स्तर पर लेकर जाएगा.
फिल्म की आठवीं सालगिरह और फ्रेंचाइजी को लेकर बढ़ती चर्चाओं के बीच, ये देखना दिलचस्प है कि आखिर ऐसा क्या था, जिसने पहली ‘तुम्बाड’ को भारतीय सिनेमा के लिए एक खास फिल्म बना दिया. आइए जानते हैं फिल्ममेकिंग के उन 7 पहलुओं के बारे में, जो इसे बाकी फिल्मों से बिल्कुल अलग बनाते हैं.
1. पारंपरिक हॉरर से अलग, भारतीय लोककथाओं पर आधारित कहानी
जहां ज्यादातर इंडियन हॉरर फिल्में भुतिया हवेली, शैतानी गुड़िया या बदला लेने वाली आत्माओं जैसे जाने-पहचाने तरीकों पर निर्भर रहती हैं, वहीं ‘तुम्बाड’ ने भारतीय लोककथाओं की एक गहरी और डरावनी दुनिया को चुना. फिल्म में देवी की संतान हस्तर की कथा दिखाई गई है, जिसे कभी पूजा न किए जाने का श्राप मिला था. इस कहानी के जरिए फिल्म ने अपनी एक अलग पौराणिक दुनिया बनाई.
इसकी कहानी में पश्चिमी हॉरर फिल्मों के बजाय मराठी लोकपरंपराओं और भारतीय लोककथाओं से प्रेरणा ली. यही वजह है कि फिल्म की दुनिया अपनी जड़ों से जुड़ी हुई और बेहद डरावनी महसूस होती है.

2. अचानक डराने वाले सीन नहीं, माहौल से पैदा होता है डर
हॉरर फिल्मों में अक्सर अचानक तेज आवाजों और चौंका देने वाले कैमरा शॉट्स के जरिए डर पैदा किया जाता है. लेकिन ‘तुम्बाड’ ने इसके लिए एक अलग रास्ता चुना. फिल्म धीरे-धीरे तनाव पैदा करती है और अपने माहौल, खामोशी और रहस्य के जरिए दर्शकों को डर की दुनिया में ले जाती है. यहां दर्शक सिर्फ एक हॉरर फिल्म नहीं देखते, बल्कि खुद को एक ऐसी डरावनी दुनिया में फंसा हुआ महसूस करते हैं, जिससे बाहर निकलना आसान नहीं है.
3. प्रोडक्शन डिजाइन खुद कहानी कहता है
‘तुम्बाड’ की दुनिया को पर्दे पर उतारने में कई साल लगे और इसकी मेहनत फिल्म के हर फ्रेम में दिखाई देती है. फिल्म का प्रोडक्शन डिजाइन सिर्फ कहानी का बैकग्राउंड नहीं है, बल्कि ये समय के गुजरने, रहस्यों और धीरे-धीरे बढ़ते पतन को भी दिखाता है.
आजादी से पहले के महाराष्ट्र की पत्थर की इमारतों से लेकर पुश्तैनी हवेली के बारीक इंटीरियर तक, नितिन जिहानी चौधरी और राकेश यादव ने मिलकर एक ऐसी दुनिया बनाई, जो अपने भीतर कई रहस्य छिपाए हुए महसूस होती है. फिल्म का हर कोना अपने आप में एक कहानी कहता है.

4. बारिश, कीचड़ और धुंध भी हैं कहानी का अहम हिस्सा
बहुत कम फिल्में मौसम का इस्तेमाल ‘तुम्बाड’ की तरह करती हैं. फिल्म में लगातार होती बारिश सिर्फ एक विजुअल इफेक्ट नहीं है, बल्कि ऐसा लगता है जैसे बारिश भी कहानी के किरदारों में से एक हो.
गीली दीवारें, फिसलन भरी मिट्टी, ठंडी धुंध और आसमान में छाए बादल, ये सब मिलकर एक ऐसा माहौल बनाते हैं, जिसमें किरदार और दर्शक दोनों घिरे हुए महसूस होते हैं. सिनेमैटोग्राफर पंकज कुमार ने इस उदास और रहस्यमयी माहौल को इतनी खूबसूरती से कैमरे में कैद किया कि पर्दे पर गीली मिट्टी और पुरानी लकड़ी तक का एहसास होने लगता है.
5. लालच की ऐसी कहानी, जो इंसान को अंदर तक झकझोर देती है
‘तुम्बाड’ की असली कहानी सिर्फ एक राक्षस या किसी गड्ढे की नहीं है. ये इंसान के भीतर छिपे लालच की कहानी है.
फिल्म लालच को सिर्फ एक बुरी आदत के रूप में नहीं दिखाती, बल्कि इसे एक ऐसे अभिशाप की तरह पेश करती है, जो एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचता है. ये दिखाती है कि जरूरत से ज्यादा पाने की चाह किस तरह इंसान की समझ, उसके परिवार और उसकी इंसानियत को खत्म कर सकती है.

6. विनायक के किरदार में सोहम शाह का जबरदस्त बदलाव
सोहम शाह ने सिर्फ विनायक राव का किरदार नहीं निभाया, बल्कि फिल्म के लंबे प्रोडक्शन के दौरान इस किरदार को पूरी तरह जिया. विनायक चालाक है, अपने फायदे के बारे में सोचता है और अपनी इच्छाओं को पूरा करने के लिए जुनूनी है. इसके बावजूद उसके किरदार में एक अलग आकर्षण है.
सोहम शाह ने विनायक के घमंड, उसकी जिद और उसके भीतर छिपी इंसानी कमजोरियों को बेहद बारीकी से पर्दे पर उतारा.
7. फिल्म खत्म होने के बाद भी दिमाग में बनी रहती है इसकी दुनिया
ज्यादातर हॉरर फिल्में खत्म होने के साथ उनका असर भी खत्म हो जाता है. लेकिन ‘तुम्बाड’ का अनुभव अलग है. फिल्म की रिलीज के 8 साल बाद भी फैंस इसके प्रतीकों और कहानी की परतों पर चर्चा करते हैं, इसके डरावने माहौल की तारीफ करते हैं और इसके शानदार विजुअल्स को दोबारा देखना पसंद करते हैं.
‘तुम्बाड’ ने साबित किया कि भारतीय सिनेमा में भी बड़े विचारों और अनोखी कहानियों पर आधारित फिल्में बनाई जा सकती हैं, वो भी अपनी कलात्मक सोच से समझौता किए बिना. यही वजह है कि इस फिल्म ने भारतीय सिनेमा में अपनी एक खास जगह बनाई है. ‘तुम्बाड 1’ देखने के बाद अब इसके सीक्वल को लेकर सभी की उम्मीदें बढ़ी हुई है और फिल्म की फ्रेंचाइजी पर सबकी नजर रहने वाली है.
















