बुधवार (30 सितंबर) को गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में वेस्टइंडीज की तरफ से छक्के और चौकों की बरसात देखने को मिली. भारत के खिलाफ दूसरे वनडे में पहले बैटिंग के लिए उतरी वेस्टइंडीज ने 50 ओवर में 7 विकेट पर 405 रन बनाए. यह वेस्टइंडीज का वनडे में सबसे बड़ा टोटल रहा. पहली बार 400 का आंकड़ा पार किया है. टीम की तरफ से तीन शतक देखने को मिले. आमिर जंगू ने सबसे बड़ी पारी खेलते हुए 77 गेंदों में 13 चौके और 3 छक्के लगाकर 114 रन बनाए. कप्तान शाई होप ने 104 रनों की पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 3 छक्के शामिल रहे. ओपनर जॉन कैंपबेल के बल्ले से 101 रन निकले. उन्होंने 9 चौके और 5 छक्के लगाए. फॉर्मेट में भारत का सबसे बड़ा सफल चेज 360 रनों का है.
मुकाबले में भारत के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया था. पहली पारी के बाद उनका यह फैसला गलत साबित होता नजर आया है. भारतीय गेंदबाज पूरी तरह से फ्लॉप रहे. तेज गेंदबाजों ने 9 से ज्यादा की इकॉनमी से रन खर्चे. वहीं स्पिनर की इकॉनमी 6 से ऊपर की रही. गुरनूर बराड़, कुलदीप यादव और रवींद्र जडेजा ने सबसे ज्यादा 2-2 विकेट लिए. गुरनूर सबसे महंगे साबित हुए. उन्होंने 10 ओवर में 9.60 की इकॉनमी से 96 रने खर्चे.
भारत के सामने सबसे बड़े रन चेज का दबाव
मुकाबले में भारत के सामने वनडे में अपना सबसे बड़ा सफल रन चेज करने का दबाव होगा. भारत ने अब तक फॉर्मेट का सबसे बड़ा सफल रन चेज 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 360 रन बनाकर किया था. उस मैच में रोहित शर्मा ने नाबाद 141 रनों की और विराट कोहली ने नाबाद 100 रनों की पारी खेली थी. भारत ने सिर्फ 43.3 ओवर में ही जीत हासिल कर ली थी. आज भी भारत को चाहिए होगा कि ‘रो-को’ का बल्ला चले.
अफ्रीका भी दे चुका है 400 से ज्यादा का लक्ष्य
भारत को इससे पहले अफ्रीका ने 2015 में खेले गए वनडे में 439 रनों का लक्ष्य दिया था. चेज करते हुए टीम इंडिया सिर्फ 224 रन पर सिमट गई थी. अब देखना दिलचस्प होगा कि आज 400 के चेज में भारत कैसा प्रदर्शन करता है.
ऐसी रही वेस्टइंडीज की पारी
वेस्टइंडीज की शुरुआत कुछ खास नहीं रही. टीम ने 37 रन पर पहला विकेट कीसी कार्टी (09) के रूप में गंवाया. इसके बाद कैम्पबेल और शाई होप ने दूसरे विकेट के लिए 110 (79 गेंद) रनों की साझेदारी की. तीसरे विकेट के लिए आमिर जंगू और शाई होप ने 182 (131 गेंद) रनों की साझेदारी की. इन दोनों साझेदारियों की बदौलत वेस्टइंडीज ने 400 रन का आकंड़ा पार किया. हालांकि एक वक्त पर ऐसा भी लग रहा था कि वेस्टइंडीज 450 का आंकड़ा भी पार कर लेगा, लेकिन अंत में भारतीय गेंदबाजों ने कुछ हद तक शिकंजा कसा.
यह भी पढ़ें: कैंपबेल, आमिर और शाई होप… वेस्टइंडीज ने ‘ट्रिपल शतक’ के साथ रचा इतिहास
















