भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ट्रेड होकर मुंबई इंडियंस से पंजाब किंग्स में आ गए हैं. आईपीएल के आगामी सीजन (IPL 2027) में हार्दिक पंजाब किंग्स के लिए खेलते हुए नजर आएंगे. हार्दिक की जगह भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मुंबई से जुड़ गए हैं. हार्दिक के पंजाब में आने से टीम को क्या फायदा होगा? इस पर हेड कोच रिकी पोंटिंग ने प्रकाश डाला है.
पोंटिंग ने बताया कि हार्दिक के आने से टीम ‘ऑलराउंडर’ बन गई है. हार्दिक उन चुनिंदा ऑलराउंडर्स में शुमार हैं, जो टी20 मुकाबले में टीम के लिए एक गेंदबाज की भूमिका अदा कर सकते हैं. वह पूरे 4 ओवर फेंकते हैं, जिससे टीम के पास एक बल्लेबाज ज्यादा खिलाने की आजादी होती है.
मेगा ऑक्शन में ज्यादातर खिलाड़ी रहें साथ
जियोस्टार से बात करते हुए रिकी पोंटिंग ने कहा, “मैंने हमेशा इस बात का ध्यान रखा है कि अगले साल होने वाली मेगा नीलामी से पहले तीन साल के इस चक्र में हमारी टीम के ज्यादातर खिलाड़ी एक साथ बने रहें. इसलिए हमने आईपीएल 2027 से पहले छह खिलाड़ियों को रिलीज करने और 19 खिलाड़ियों को बरकरार रखने का फैसला किया है.”
हार्दिक के आने से टीम में संतुलन बढ़ा
पोंटिंग ने कहा, “हमने ट्रेड के जरिए हार्दिक पांड्या को टीम में शामिल किया है और अर्शदीप सिंह को दूसरी टीम में भेजा है. अब हमारे पास एक बेहद संतुलित टीम है. हमारी टीम में कितने ऑलराउंडर हैं, इसको लेकर काफी चर्चा हो रही है. पांड्या के आने के साथ हमारे पास काफी सारे ऑलराउंडर मार्को यानसन, मार्कस स्टोइनिस, अजमतुल्लाह उमरजई, (सूर्यांश) शेडगे, शशांक सिंह और कूपर कोनोली जैसे खिलाड़ी भी टीम में मौजूद हैं. हालांकि इससे हमें काफी फायदा होगा. स्पिन गेंदबाजी करने वाले ऑलराउंडर हों या तेज गेंदबाजी करने वाले ऑलराउंडर, हमने लगभग हर विभाग को कवर कर लिया है.”
हार्दिक पांड्या का आईपीएल करियर
हार्दिक ने अपने आईपीएल करियर में 162 मुकाबले खेल लिए हैं. इन मैचों की 150 पारियों में उन्होंने 2955 रन बनाए, जिसमें 10 फिफ्टी शामिल हैं. हाई स्कोर 91 रन का रहा. 116 पारियों में गेंदबाजी करते हुए हार्दिक ने 82 विकेट अपनी झोली में डाले हैं, जिसमें मैच बेस्ट फिगर 5/36 का रहा.
यह भी पढ़ें: एशिया कप में वैभव सूर्यवंशी फ्लॉप, नेपाल के खिलाफ बत्ती गुल; 50 ओवर मैच पड़ा भारी















