यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए कांग्रेस ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपनी चुनावी जमीन मजबूत करने की कवायद शुरू कर दी है. सहारनपुर जिले की सात विधानसभा सीटों में से पार्टी ने गठबंधन में पांच सीटों पर दावेदारी जताई है. इनमें बेहट, नकुड़, सहारनपुर नगर, सहारनपुर देहात और गंगोह शामिल हैं. दिलचस्प बात यह है कि कांग्रेस ने इन पांच सीटों में उन क्षेत्रों को भी शामिल किया है, जहां 2022 में बीजेपी ने जीत दर्ज की थी और उन सीटों को भी जहां समाजवादी पार्टी के विधायक हैं.
उत्तर प्रदेश के विधानसभा 2027 की तैयारियां शुरू हो गई हैं. सभी राजनीतिक दलों ने सियासी दांव चलना शुरू कर दिया है. ऐसे में उत्तर प्रदेश के सियासी नक्शे में सहारनपुर जिला हमेशा से निर्णायक माना जाता रहा है. 7 विधानसभा सीटों वाले इस जिले में मुस्लिम-दलित और गुर्जर-सैनी वोट बैंक हर बार चुनाव का रुख तय करता है. 2022 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने यहां 5 सीटें जीतकर सबको चौंकाया था, जबकि सपा को दो सीटों से संतोष करना पड़ा था.
पश्चिमी उत्तर प्रदेश का सहारनपुर जिला गन्ना बेल्ट के साथ देवबंद जैसे इस्लामिक सेंटर के लिए मशहूर है. यहां मुस्लिम आबादी अधिक होने के बावजूद बीजेपी ने पिछले चुनाव में सहारनपुर नगर, नुकड़, देवबंद, रामपुर मनिहारन और गंगोह विधानसभा सीट से जीती थी. सपा को सिर्फ बेहट और सहारनपुर देहात से संतोष करना पड़ा था.सहारनपुर नगर सीट बीजेपी की झोली में गई थी. कांग्रेस का खाता नहीं खुला था. उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, पार्टी सातों सीटों पर एक प्रतिशत से भी कम वोट हासिल कर सकी थी. ऐसे में पांच सीटों की मांग कांग्रेस की राजनीतिक महत्वाकांक्षा और गठबंधन में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने की कोशिश को दर्शाती है.
कांग्रेस की इस मांग का राजनीतिक महत्व इसलिए भी है क्योंकि पार्टी ने केवल उन सीटों पर दावा नहीं किया है जहां विपक्षी गठबंधन पहले से मजबूत रहा है, बल्कि नकुड़, सहारनपुर नगर और गंगोह जैसी बीजेपी की जीती हुई सीटों को भी अपने खाते में लेने की इच्छा जताई है. दूसरी तरफ, बेहट और सहारनपुर देहात में सपा के मौजूदा चुनावी आधार के बावजूद कांग्रेस की दावेदारी गठबंधन के भीतर सीट बंटवारे को लेकर बातचीत कठिन बना सकती है.
सहारनपुर की सभी सात विधानसभा सीटों के 2022 के चुनाव परिणाम
विधानसभा सीट विजेता (पार्टी) मिले वोट उपविजेता (पार्टी) मिले वोट जीत का अंतर कांग्रेस के वोट
बेहट उमर अली खान (सपा) 1,34,513 नरेश सैनी (बीजेपी) 96,633 37,880 1,632
नुकड़ मुकेश चौधरी (बीजेपी) 1,04,114 धर्म सिंह सैनी (सपा) 1,03,799 315 1,354
सहारनपुर नगर राजीव गुंबर (बीजेपी) 1,43,195 संजय गर्ग (सपा) 1,35,761 7,434 2,256
सहारनपुर देहात आशु मलिक (सपा) 1,07,007 जगपाल सिंह (बीजेपी) 76,262 30,745 1,217
देवबंद बृजेश सिंह (बीजेपी) 93,890 कार्तिकेय राणा (सपा) 86,786 7,104 1,096
रामपुर मनिहारान (SC) देवेंद्र कुमार निम (बीजेपी) 89,109 रविंद्र कुमार (बसपा) 68,516 20,593 1,544
गंगोह किरत सिंह (बीजेपी) 1,16,582 इंदर सैन (सपा) 93,133 23,449 1,936
इन आंकड़ों से कांग्रेस की चुनौती स्पष्ट होती है. पांचों सीटों पर उसका वोट प्रतिशत एक फीसदी से भी कम रहा. नकुड़ में बीजेपी और सपा के बीच महज 315 वोटों का अंतर था. सहारनपुर नगर में भी दोनों प्रमुख दलों के बीच मुकाबला अपेक्षाकृत करीबी रहा. ऐसे में कांग्रेस की उम्मीद गठबंधन के वोटों के हस्तांतरण और स्थानीय स्तर पर नए सामाजिक समीकरण बनाने पर निर्भर करेगी.
हालांकि, कांग्रेस की दावेदारी के सामने सबसे बड़ी चुनौती सपा का अपना राजनीतिक आधार है. बेहट और सहारनपुर देहात में सपा की जीत रही है, जबकि नकुड़ और सहारनपुर नगर में बीजेपी ने जीत दर्ज की थी. गंगोह में भी बीजेपी ने 23,449 वोटों से जीत हासिल की थी. ऐसे में सपा अपने जीते हुए क्षेत्रों को छोड़ने के लिए कितनी तैयार होगी, यह अहम सवाल है. वैसे भी जिले में 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को सबसे ज्यादा वोट सहारनपुर नगर में 2,256 मिले. सबसे कम वोट सहारनपुर देहात में 1,217 मिले.
सहारनपुर में कांग्रेस की चुनावी चुनौती आंकड़ों में
7
जिले की कुल विधानसभा सीटें
5
कांग्रेस की गठबंधन में मांग
0
2022 में कांग्रेस की जीती सीटें
1% से कम
सभी सात सीटों पर कांग्रेस का वोट शेयर
मांगी गई पांच सीटों का 2022 का राजनीतिक बंटवारा
सपा: 2 सीटें
बीजेपी: 3 सीटें
कांग्रेस की पांच सीटों की मांग केवल चुनाव लड़ने की तैयारी नहीं, बल्कि पश्चिमी यूपी में गठबंधन के भीतर अपनी राजनीतिक हैसियत बढ़ाने की कोशिश भी है. लेकिन 2022 में बेहद कमजोर प्रदर्शन के बाद पार्टी इन सीटों पर अपना दावा कितनी मजबूती से पेश कर पाएगी और सपा कितनी सीटें छोड़ने को तैयार होगी, इसका जवाब सीट बंटवारे की बातचीत में मिलेगा.


















