• Home
  • ताजा खबरें
  • बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं पर सरकारी खर्च सबसे कम, 5 राज्यों की रिपोर्ट आई सामने
Image

बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं पर सरकारी खर्च सबसे कम, 5 राज्यों की रिपोर्ट आई सामने


राष्ट्रीय स्वास्थ्य लेखा रिपोर्ट 2023-24 में पांच राज्यों के स्वास्थ्य खर्च से जुड़ी तस्वीर सामने आई है. बिहार, उत्तर प्रदेश, पंजाब, मध्य प्रदेश और झारखंड के आंकड़े बताते हैं कि सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर होने वाले खर्च और आम लोगों की जेब से इलाज पर खर्च होने वाली रकम में काफी अंतर है. उत्तर प्रदेश में कुल स्वास्थ्य खर्च पांचों राज्यों में सबसे ज्यादा है, लेकिन इसमें सरकार की हिस्सेदारी सबसे कम है. यहां इलाज के कुल खर्च का 67.1 फीसदी पैसा आम लोगों को अपनी जेब से देना पड़ रहा है. वहीं, बिहार में प्रति व्यक्ति सरकारी स्वास्थ्य खर्च सबसे कम है. मध्य प्रदेश में सरकारी खर्च की हिस्सेदारी पांचों राज्यों में सबसे ज्यादा दर्ज की गई है.

बिहार में कुल स्वास्थ्य खर्च 29,928 करोड़ रुपये दर्ज किया गया. इसमें सरकार ने 14,412 करोड़ रुपये खर्च किए, जो कुल स्वास्थ्य खर्च का 48.2 फीसदी है. वहीं, लोगों को अपनी जेब से इलाज पर 14,062 करोड़ रुपये खर्च करने पड़े. यह कुल खर्च का 47 फीसदी है. बिहार में प्रति व्यक्ति सरकारी स्वास्थ्य खर्च महज 1,126 रुपये रहा, जो पांचों राज्यों में सबसे कम है. इतना ही नहीं, यह राष्ट्रीय औसत 2,959 रुपये से भी काफी नीचे है. प्रति व्यक्ति जेब से इलाज पर खर्च 1,099 रुपये रहा.

बिहार में सरकारी स्वास्थ्य खर्च की हिस्सेदारी कुल खर्च में करीब आधी होने के बावजूद प्रति व्यक्ति सरकारी खर्च काफी कम है. राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं पर सरकारी निवेश बढ़ाने की जरूरत इन आंकड़ों से साफ दिखाई देती है.

निशांत के मामले ने पकड़ा तूल! JDU ने कहा- ‘नीतीश कुमार के नाम पर…’

उत्तर प्रदेश में 67 फीसदी से ज्यादा खर्च जनता की जेब से

उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं पर कुल 1,20,632 करोड़ रुपये खर्च किए गए. यह पांचों राज्यों में सबसे बड़ी रकम है. हालांकि, इसमें सरकारी हिस्सेदारी सिर्फ 33,167 करोड़ रुपये यानी 27.5 फीसदी रही. इसके उलट आम लोगों को इलाज के लिए अपनी जेब से 80,895 करोड़ रुपये खर्च करने पड़े. यह कुल स्वास्थ्य खर्च का 67.1 फीसदी है. राज्य में प्रति व्यक्ति सरकारी स्वास्थ्य खर्च 1,399 रुपये रहा, जबकि प्रति व्यक्ति जेब से इलाज पर खर्च 3,413 रुपये दर्ज किया गया.

आंकड़ों से पता चलता है कि प्रदेश में इलाज का बड़ा आर्थिक बोझ आम लोगों पर है. सरकारी खर्च की हिस्सेदारी कम होने के कारण लोगों को अस्पताल, दवाइयों और दूसरी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अपनी बचत से बड़ी रकम खर्च करनी पड़ रही है.

पंजाब में इलाज पर लोगों को खर्च करने पड़ रहे ज्यादा पैसे

पंजाब में कुल स्वास्थ्य खर्च 20,681 करोड़ रुपये रहा. इसमें सरकार की हिस्सेदारी 6,171 करोड़ रुपये यानी 29.8 फीसदी दर्ज की गई. दूसरी तरफ, लोगों ने अपनी जेब से इलाज पर 12,561 करोड़ रुपये खर्च किए, जो कुल स्वास्थ्य खर्च का 60.7 फीसदी है. राज्य में प्रति व्यक्ति सरकारी स्वास्थ्य खर्च 1,991 रुपये रहा, जबकि प्रति व्यक्ति जेब से इलाज पर खर्च 4,052 रुपये दर्ज किया गया.

सरकारी खर्च के मुकाबले आम लोगों को अपनी जेब से दोगुने से भी ज्यादा पैसे खर्च करने पड़े. आंकड़े बताते हैं कि पंजाब में स्वास्थ्य सेवाओं पर होने वाले कुल खर्च का बड़ा हिस्सा सीधे लोगों की जेब से आ रहा है. ऐसे में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और उन पर होने वाले खर्च को लेकर सवाल खड़े होते हैं.

मध्य प्रदेश में सरकारी स्वास्थ्य खर्च की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा

मध्य प्रदेश की स्थिति बाकी राज्यों के मुकाबले थोड़ी अलग दिखाई देती है. यहां कुल स्वास्थ्य खर्च 36,628 करोड़ रुपये रहा. इसमें सरकार ने 17,687 करोड़ रुपये खर्च किए, जो कुल खर्च का 48.3 फीसदी है. यह पांचों राज्यों में सरकारी खर्च की सबसे बड़ी हिस्सेदारी है. वहीं, लोगों ने अपनी जेब से इलाज पर 16,939 करोड़ रुपये खर्च किए, जो कुल स्वास्थ्य खर्च का 46.2 फीसदी है. राज्य में प्रति व्यक्ति सरकारी स्वास्थ्य खर्च 2,033 रुपये रहा.

हालांकि, यह भी राष्ट्रीय औसत 2,959 रुपये से कम है. प्रति व्यक्ति जेब से इलाज पर खर्च 1,947 रुपये दर्ज किया गया. इन आंकड़ों से पता चलता है कि मध्य प्रदेश में स्वास्थ्य खर्च में सरकार की भागीदारी अपेक्षाकृत बेहतर है, लेकिन प्रति व्यक्ति सरकारी खर्च के मामले में अभी भी सुधार की गुंजाइश है.

झारखंड में सरकारी खर्च से ज्यादा लोगों की जेब से आया पैसा

झारखंड में कुल स्वास्थ्य खर्च 17,016 करोड़ रुपये दर्ज किया गया. इसमें सरकारी खर्च 6,414 करोड़ रुपये रहा, जो कुल खर्च का 37.7 फीसदी है. वहीं, लोगों ने अपनी जेब से इलाज पर 9,986 करोड़ रुपये खर्च किए. यह कुल स्वास्थ्य खर्च का 58.7 फीसदी है. राज्य में प्रति व्यक्ति सरकारी स्वास्थ्य खर्च 1,604 रुपये रहा, जबकि प्रति व्यक्ति जेब से इलाज पर खर्च 2,497 रुपये दर्ज किया गया.

झारखंड में इलाज के कुल खर्च में सरकार की तुलना में आम लोगों की हिस्सेदारी काफी ज्यादा है. सरकारी स्वास्थ्य खर्च की हिस्सेदारी 40 फीसदी से भी कम रहना बताता है कि स्वास्थ्य सेवाओं के लिए लोगों को निजी तौर पर बड़ी रकम खर्च करनी पड़ रही है.

विवादों में घिरे अशोक चौधरी का पहला रिएक्शन, आरोपों पर दी ये सफाई

पांचों राज्यों के आंकड़ों में यूपी की स्थिति सबसे अलग

राष्ट्रीय स्वास्थ्य लेखा रिपोर्ट के आंकड़ों को एक साथ देखने पर साफ होता है कि पांचों राज्यों में स्वास्थ्य सेवाओं पर सरकारी खर्च की स्थिति एक जैसी नहीं है. उत्तर प्रदेश में कुल स्वास्थ्य खर्च सबसे ज्यादा होने के बावजूद सरकारी हिस्सेदारी सबसे कम 27.5 फीसदी है.

वहीं, बिहार में प्रति व्यक्ति सरकारी खर्च सबसे कम 1,126 रुपये है. मध्य प्रदेश में सरकारी खर्च की हिस्सेदारी 48.3 फीसदी के साथ सबसे ज्यादा है. पंजाब में प्रति व्यक्ति जेब से इलाज पर खर्च 4,052 रुपये सबसे अधिक है, जबकि झारखंड में भी कुल स्वास्थ्य खर्च का 58.7 फीसदी हिस्सा आम लोगों को अपनी जेब से उठाना पड़ रहा है.



Source link

Related Posts

लखनऊ में समरीन हत्या में आरोपी बॉयफ्रेंड ने जेल में लगाई फांसी, तौलिए से लगाया फंदा

लखनऊ में सुशांत गोल्फ सिटी स्थित होटल की 10वीं मंजिल से गिरकर हुई समरीन की मौत के मामले…

ByByPUJA KUMARI Nov 19, 2026

सपा-कांग्रेस गठबंधन पर पड़ेगा आजम खान की रिहाई का असर? तारिक अनवर का दावा

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की जमानत और रिहाई के मुद्दे पर कांग्रेस सांसद तारिक अनवर…

ByByPUJA KUMARI Nov 19, 2026

UP चुनाव 2027 से पहले अयोध्या में कांग्रेस की तैयारी, बीकापुर से ठोका दावा

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने अयोध्या जिले की पांच विधानसभा सीटों में से सिर्फ…

ByByPUJA KUMARI Nov 19, 2026

सहारनपुर में कांग्रेस की बड़ी दावेदारी, सपा के सामने सीटों का पेच

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 के लिए कांग्रेस ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपनी चुनावी जमीन मजबूत करने की…

ByByPUJA KUMARI Nov 19, 2026

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top