मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) रेलवे स्टेशन पर बम रखे जाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया. धमकी की सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं. आनन-फानन में रेलवे स्टेशन पर डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया. करीब तीन घंटे तक पूरे स्टेशन परिसर में तलाशी अभियान चलाया गया. हालांकि, इस दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली.
जानकारी के मुताबिक, 14 नवंबर की शाम करीब 6 बजकर 50 मिनट पर पुलिस कंट्रोल रूम को डायल 112 के जरिए एक धमकी भरा फोन आया. फोन करने वाले शख्स ने CSMT रेलवे स्टेशन पर बम रखने की बात कही. कॉलर ने 9420112655 मोबाइल नंबर से फोन किया था. रेलवे स्टेशन जैसे भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थान पर बम की धमकी मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और तुरंत सुरक्षा व्यवस्था सक्रिय कर दी.
CNG Price Hike: मुंबईकरों को फिर महंगी CNG का झटका, रिक्शा-टैक्सी और आम लोगों की जेब पर बोझ
डॉग स्क्वॉड और BDDS की टीम ने की जांच
धमकी मिलने के बाद डॉग स्क्वॉड और बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) की टीम को मौके पर भेजा गया. सुरक्षा टीमों ने रेलवे स्टेशन के अलग-अलग हिस्सों की बारीकी से जांच की. इस दौरान स्टेशन परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, ताकि किसी भी तरह के खतरे की आशंका को दूर किया जा सके.
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों का तलाशी अभियान रात करीब 9 बजकर 30 मिनट पर पूरा हुआ. राहत की बात यह रही कि जांच के दौरान स्टेशन परिसर से कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई. इसके बाद रेलवे पुलिस की ओर से पूरे मामले की जानकारी मुख्य नियंत्रण कक्ष को दी गई.
फिलहाल पुलिस धमकी भरा फोन करने वाले शख्स की पहचान करने में जुटी है. जिस मोबाइल नंबर से कॉल किया गया था, उसके आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी किसने दी और इसके पीछे उसका क्या मकसद था.
महाराष्ट्र के गन्ना किसानों को मिलेगी खुशखबरी! 500 से 700 रुपये प्रति टन आर्थिक सहायता की मांग


















