दक्षिण दिल्ली के हौज खास में फूलों का कारोबार कर अपने परिवार का गुजारा करने वाली राधा के साथ हुई मारपीट का मामला अब सोशल मीडिया पर चर्चा में है. परिवार का आरोप है कि सोनी नाम के शख्स और उसके साथियों द्वारा गांजा बेचने के लिए दबाव बनाया जा रहा था. मना करने पर राधा और उसके परिजनों को निशाना बनाया गया. 8 अक्टूबर को हुई इस घटना में तीन लोग घायल हुए हैं. मामले का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान के लिए विशेष टीम बनाई है.
घटना के वायरल वीडियो में एक महिला सड़क किनारे बैठकर फूलों की माला तैयार करती दिखती है. तभी दो व्यक्ति उसके पास आते हैं. बातचीत के कुछ ही देर बाद मामला हिंसक हो जाता है और एक शख्स लाठी से महिला को पीटने लगता है. उसे बचाने पहुंचे राहगीरों को भी दूसरा व्यक्ति निशाना बनाता दिखाई देता है.
‘योगी का आदर करता हूं लेकिन 1.27 करोड़…’ हिन्दू वोट कटने के दावों पर कपिल सिब्बल का सीएम से सवाल
पीड़ित परिवार के सदस्य अमन ने बताया कि घटना सुबह करीब तीन बजे की है. उसकी भाभी राधा उस समय अकेले बैठकर माला बना रही थी. अमन घर में सो रहा था. उसके मुताबिक, हमलावर उसके बारे में पूछ रहे थे. इसके बाद एक अन्य व्यक्ति वहां पहुंचा और उस पर हमला कर दिया. राधा की हालत बिगड़ने पर वह बेहोश हो गई. शोर सुनकर अमन बाहर आया तो हमलावरों ने उसके साथ भी मारपीट की. किसी तरह वहां से निकलने के बाद वह अस्पताल पहुंचा.
करीब 10 लोगों के हमले का दावा
अमन का आरोप है कि इस वारदात में लगभग 10 लोग शामिल थे. हमलावरों के पास लाठियां, लोहे की छड़ें और चाकू थे. हमले में अमन के सिर और पैर पर चोट आई, जबकि राधा के सिर, पीठ और पैरों में चोटें लगीं. परिवार के एक अन्य सदस्य, अमन के भाई को भी चोट पहुंची है.
परिवार ने सोनी नाम के व्यक्ति और उसके साथियों को इस हमले के लिए जिम्मेदार ठहराया है. आरोप है कि ये लोग परिवार पर गांजा बेचने का दबाव बना रहे थे. राधा और उसके परिजनों ने जब इस काम से इनकार किया तो उन्हें धमकाया गया और फिर मारपीट की गई. परिवार का यह भी कहना है कि आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी थी.
पहले भी दो बार हमले का आरोप
पीड़ित परिवार ने दावा किया है कि उनके साथ इस तरह की घटना पहले भी दो बार हो चुकी है. इसके बावजूद उन्हें सुरक्षा नहीं मिल पाई. परिवार का कहना है कि गांजा बेचने से इनकार करने के बाद से उन पर दबाव बनाया जा रहा था.
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई
मामले पर दक्षिण दिल्ली के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने संज्ञान लिया है. आरोपियों की पहचान और उनकी तलाश के लिए टीम गठित की गई है. पुलिस ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिया है कि मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप
वहीं, परिवार के वकील का दावा है कि घटना के बाद उन्होंने चार से पांच बार पुलिस से संपर्क किया था. राधा और उसके बेटे की चिकित्सकीय जांच भी कराई गई थी. इसके बावजूद शिकायत देने के बाद शुरुआती दौर में मामला दर्ज नहीं किया गया. वकील के मुताबिक, घटना का वीडियो वायरल होने और मीडिया में खबर आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वारदात के पांच दिन बाद तक मामले में उचित जांच नहीं हुई थी.
छठ पर बिहार जाने वालों की बल्ले-बल्ले, दिल्ली से 77 बसें शुरू, किराये में भारी छूट














