राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस पार्टी के नेता अशोक गहलोत प्रदेश की भजन लाल शर्मा सरकार पर हमलावर है. पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपनी बहुचर्चित सोशल मीडिया वीडियो सीरीज ‘बजट फाइल्स’ का पहला एपिसोड शनिवार को रिलीज कर दिया है. आज पहले एपिसोड में उन्होंने जल जीवन मिशन के मुद्दे को उठाया है.
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज पहले एपिसोड में जल जीवन मिशन के मुद्दे को उठाया है. अशोक गहलोत ने वीडियो क्लिप के साथ जारी किए गए संदेश में कहा है कि उनके राज में पहले साल में 13.88 नल के कनेक्शन जारी किए गए थे. भजनलाल सरकार के 3 साल में भी इतने कनेक्शन नहीं लग सके हैं. बीजेपी सरकार के 3 साल में पूरे राजस्थान में सिर्फ 12.95 लाख कनेक्शन ही लग सके हैं.
राजस्थान: ID मांगने पर भड़के बदमाश, डेढ़ दर्जन लोगों ने होटल में की जमकर तोड़फोड़
‘2 साल बनाम 5 साल पर भजनलाल शर्मा को देना चाहिए जवाब’
उन्होंने कहा है कि 2 साल बनाम 5 साल की बात करने वाले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को इस बारे में जवाब देना चाहिए. अशोक गहलोत का कहना है कि भजनलाल सरकार ने सिर्फ दो सालों में ही 45 लाख पेयजल कनेक्शन देने का वादा अपने बजट में किया था, लेकिन 13 लाख कनेक्शन भी नहीं लग सके हैं.
हर घर नल का वादा किस साल होगा पूरा- गहलोत
उन्होंने आरोप लगाया है कि ठेकेदारों का भुगतान नहीं किया जा रहा है, इस वजह से वह काम नहीं कर रहे हैं. सरकार को इस बारे में जवाब देना चाहिए. इसके अलावा उन्होंने कहा है कि भाजपा के संकल्प पत्र में 2025 तक हर घर नल का वादा किया गया था. सरकार को यह बताना चाहिए कि यह वादा किस साल पूरा होगा.
बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत इससे पहले इंतजार शास्त्र की सीरीज चला चुके हैं. इसमें उन्होंने तमाम मुद्दों को उठाया था. अधूरे काम वाली तमाम परियोजनाओं को लेकर सरकार पर निशाना साधा था.
अशोक गहलोत की सीरीज पर BJP का पलटवार
वहीं, दूसरी तरफ राजस्थान में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की बजट फाइल्स सीरीज पर बीजेपी ने पलटवार किया है. बीजेपी ने पलटवार करते हुए कहा, “अशोक गहलोत अपनी पार्टी में अलग-अलग पड़ गए हैं. वह अपनी पार्टी में अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे हैं.”
राजस्थान बीजेपी के प्रवक्ता नरेंद्र कटारा का कहना है, “पूर्व मुख्यमंत्री के पास अब कोई काम नहीं रह गया है, इसलिए वह पूरा दिन सिर्फ सोशल मीडिया पर बिताते हैं. खुद को सक्रिय दिखाने के लिए वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते रहते हैं. सोशल मीडिया पर वह गलत आंकड़े जारी कर लोगों के बीच भ्रम फैलाने का काम करते हैं.”
बजट फाइल्स सीरीज का हकीकत से नहीं लेना देना- बीजेपी
प्रवक्ता नरेंद्र कटारा का कहना है कि अशोक गहलोत आज के समय में अप्रासंगिक हो गए हैं, उन्हें अब कोई गंभीरता से नहीं लेता है. उन्होंने बजट फाइल्स नाम से जिस सीरीज की शुरुआत की है, उसका हकीकत से कोई लेना-देना नहीं है.
जोधपुर में आज निकलेगा RSS का भव्य घोष संचलन, मोहन भागवत करेंगे निरीक्षण














