पंजाब के मोगा में आम आदमी पार्टी ने गुरुवार (26 नवंबर) को महारैली की. इस दौरान आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी हिस्सा लिया. सभा में भीड़ को देखकर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दो लाख से भी ज्यादा लोग होंगे, ये इतिहास में पहली बार हो रहा है. ये संयोग नहीं है कि 26 नवंबर को संविधान बना और 26 नवंबर को ही आम आदमी पार्टी की स्थापना हुई.
उन्होंने आगे कहा, “मेरे ख्याल से ऊपर वाले की इच्छा थी. ऊपर वाले का इशारा है कि आज जिस तरह से हमारे देश के अंदर संविधान को रौंदा जा रहा है, संविधान को कुचला जा रहा है, संविधान का अपमान किया जा रहा है. ऊपर वाले ने 26 नवंबर को आम आदमी पार्टी की स्थापना करके यह आम आदमी पार्टी को जिम्मेदारी दी है कि अब इस देश में संविधान बचाने की जिम्मेदारी आम आदमी पार्टी की है.”
केजरीवाल ने यह भी कहा, “उपर वाले ने ये जिम्मेदारी आप को दी कि आम आदमी देश को चलाए. बाबा साहेब आंबेडकर ने कहा था कि सबकी बराबरी है और 26 नवंबर 2012 को आम आदमी पार्टी ने जिम्मेदारी ली है. अब आम आदमी की बारी है. अब आम आदमी की बारी है अब नेता नहीं आम आदमी देश चलाएगा.”
भगवंत मान ने सारी गारंटी पूरी की- अरविंद केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा, “पांच साल पहले जब वोट मांगने आया था तो एक गारंटी दी थी जिसको लोग केजरीवाल की गारंटी कहते थे. सीएम भगवंत मान ने सारी गारंटी पूरी की है. आज मैं आपके सामने खड़ा हूं, क्योंकि मेरे छोटे भाई भगवंत मान ने केजरीवाल की सारी गारंटी पूरी कर दी, जितने वादे किए थे हमने सारे वादे पूरे कर दिए.”
उन्होंने आगे कहा, “केजरीवाल की गारंटी मतलब पक्की गारंटी, धोखा नहीं है, पक्की गारंटी है. हमने कहा था कि बिजली फ्री देंगे. बिजली फ्री आ रही है कि नहीं आ रही है? हमने कहा था तीर्थयात्रा कराएंगे. तीर्थयात्रा हो रही है कि नहीं हो रही है? हमने कहा था मोहल्ला क्लीनिक खोलेंगे, मोहल्ला क्लीनिक बने कि नहीं बने? अच्छा इलाज हो रहा है कि नहीं हो रहा?”
आप संयोजक ने कहा, “हमने कहा था शिक्षा अच्छी करेंगे. आज कई स्कूल अच्छे हो गए. अभी और कई स्कूल अच्छे होना बाकी है. अगले पांच साल में बचे हुए स्कूलों को भी शानदार बनाएंगे, आपके बच्चों को अच्छी से अच्छी शिक्षा देंगे. हमने कहा था मावा धिया योजना से हर महिला को उसके अकाउंट में हजार-हजार रुपये देंगे. मुझे बड़ी खुशी है कि यह सबसे बड़ी हमारी गारंटी थी और वह गारंटी भी पूरी करके आज मैं आपके सामने आया हूं.”
मोदी सरकार पर बरसे अरविंद केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल आगे निशाना साधते हुए कहा, “पुरानी सरकार ने पंजाब का खजाना खाली कर दिया था. इसलिए देर गारंटी पूरी करने में हुई है. मोदी सरकार ने पंजाब का पैसा रोक दिया था. मोदी सरकार ने देश में इतनी महंगाई कर दी है तो मान साहब ने 1000 रुपये देकर मदद करने की कोशिश की है. मारने वाले से बचाने वाला बड़ा होता है. महंगाई से मोदी सरकार मारने का काम कर रही है और मान सरकार 1000 रुपये देकर आपको मदद करने का काम कर रही है.”
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवंत मान ने महिलाओं को 1000-1000 रुपये देकर आप हाथ खुले करके काम करने में मदद की है. दिल्ली वाले बहुत परेशान हैं. उनसे पुछना बीजेपी ने वहां की सारी स्कीमें बंद कर दी अगर उनको वोट मिला तो वो यहां भी बंद कर देंगे. इसलिए एक-एक वोट आम आदमी पार्टी को मिलना चाहिए.
उन्होंने बताया कि कांग्रेस के एक बडे नेता ने एक इंटरव्यू में कहा कि इसकी क्या जरुरत है इससे सरकार पर बहुत बोझ बढ़ रहा है. मावा धीयां योजना और फ्री बिजली बंद होना चाहिए. अरविंद केजरीवाल ने पूछा कि क्या मावा धींया योजना बंद होनी चाहिए? क्या फ्री बिजली बंद होनी चाहिए? पीएम नरेंद्र मोदी कहते हैं कि ये फ्री की रेवड़ी है. क्या ये रेवडी फ्री की है?
सरकारी पैसा जनता का है- अरविंद केजरीवाल
आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने यह भी कहा कि सरकारी पैसा किसका है. सरकारी पैसा जनता का है. सरकारी पैसा किसी के पिताजी का नहीं है. भगवंत मान को दोबारा सीएम बनाना है. अगर आम आदमी पार्टी की सरकार दोबारा बनेगी तभी ये सारी स्कीमें जारी रहेंगी. अगर आपने उनको वोट दे दिया, गलती मत कर देना. दिल्ली वालों से पूछ लो दिल्ली वाले पछता रहे हैं. बीजेपी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इन्होंने दिल्ली में सब बंद कर दिया है और यहां भी कर देंगे. भगवंत मान ने आपकी मदद की है उसका हाथ कभी मत छोड़ना. आज तक कोई पार्टी नहीं आई जिसने सीधे महिलाओं, माता-बहनों के खाते में 1000 रुपये दिए हों.
मोगा में अरविंद केजरीवाल की रैली से पहले बड़ा हादसा, कॉफी मशीन में जोरदार धमाके से हड़कंप














