महाराष्ट्र में MHT-CET परीक्षा में कथित गड़बड़ियों और लाखों विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े मामले को लेकर NCP (SP) विधायक रोहित पवार ने आज (26 नवंबर) मुंबई पुलिस कमिश्नर देवेन भारती से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने पुलिस कमिश्नर को एक विस्तृत पत्र सौंपकर पूरे मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
रोहित पवार ने आरोप लगाया कि MHT-CET जैसी महत्वपूर्ण प्रवेश परीक्षा में कई स्तरों पर गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं. उन्होंने पत्र में तीन कंपनियों Eduspark International Pvt. Ltd., Indus Education Pvt. Ltd. और Skill Trec Consulting Ltd. के बीच कथित आपसी संबंधों और परीक्षा के आयोजन में उनकी भूमिका पर सवाल उठाए हैं.
उन्होंने बताया कि 4 सितंबर 2026 को CET Cell कार्यालय में इन कंपनियों के बीच संबंधों से जुड़े दस्तावेज अधिकारियों को दिए गए थे. इसके बाद 16 सितंबर को भी इस मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए पत्र लिखा गया, लेकिन अब तक की कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट नहीं मिली है.
4.59 लाख विद्यार्थियों का डेटा लीक होने का आरोप
रोहित पवार ने MHT-CET 2026 (PCM) परीक्षा में शामिल करीब 4 लाख 59 हजार विद्यार्थियों का निजी डेटा लीक होने का मुद्दा भी उठाया. उनके मुताबिक, विद्यार्थियों के मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी, जिले का नाम, पिनकोड और अन्य व्यक्तिगत जानकारियां CET Cell की आधिकारिक व्यवस्था के बाहर उपलब्ध हुई हैं.
इस मामले से जुड़े सबूत CET Cell और पुलिस को दिए गए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि 5 अक्टूबर 2026 को आजाद मैदान Police Station में सबूतों के साथ FIR दर्ज कराने की कोशिश की गई, लेकिन FIR दर्ज नहीं की गई.
स्टिंग ऑपरेशन में 50 हजार रुपये के लेनदेन का दावा
पत्र में पुणे की Xpertisc Education Pvt. Ltd. एजेंसी के खिलाफ किए गए स्टिंग ऑपरेशन का भी जिक्र किया गया है. रोहित पवार के मुताबिक, कुछ शिक्षकों ने 28 और 29 अक्टूबर को एजेंसी के कार्यालय में स्टिंग ऑपरेशन किया था. इसमें कथित तौर पर परीक्षा केंद्र मैनेज कर 99 से अधिक पर्सेंटाइल दिलाने का भरोसा दिया गया. इस दौरान 25 हजार रुपये नकद और 25 हजार रुपये ऑनलाइन, यानी कुल 50 हजार रुपये के लेनदेन से जुड़े वीडियो और अन्य सबूत जुटाए गए.
रोहित पवार ने बताया कि 2 नवंबर को शिक्षक इन सबूतों के साथ पिंपरी-चिंचवड़ और दापोडी Police के पास पहुंचे थे, लेकिन उन्हें वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा के बाद जानकारी देने की बात कही गई. बाद में उन्हें बताया गया कि मामला SIT के पास है. जब 3 नवंबर को शिक्षक SIT के पास सबूत लेकर पहुंचे तो कथित तौर पर यह कहकर सबूत लेने से इनकार कर दिया गया कि यह मामला उनकी जांच के दायरे में नहीं आता.
रोहित पवार ने15 से ज्यादा एजेंसियों के नाम पुलिस को दिए
रोहित पवार ने दावा किया कि इस पूरे मामले में करीब 12 ऑडियो क्लिप, 15 से अधिक संदिग्ध एजेंसियों के नाम और संपर्क नंबर तथा 50 से अधिक संदिग्ध विद्यार्थियों की जानकारी जांच एजेंसियों को दी गई है. इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है.
MHT-CET 2027 में 25 लाख रुपये तक मांगने का आरोप
पत्र में सबसे गंभीर आरोप MHT-CET 2027 की परीक्षा को लेकर लगाया गया है. रोहित पवार के मुताबिक, अभी से विद्यार्थियों और अभिभावकों को फोन करके परीक्षा केंद्र मैनेज करने और 99 से अधिक पर्सेंटाइल दिलाने के नाम पर 25 लाख रुपये तक की मांग की जा रही है.
उन्होंने सवाल उठाया कि इन एजेंसियों के पास विद्यार्थियों के निजी मोबाइल नंबर और अन्य जानकारियां कहां से पहुंच रही हैं. इसकी भी गहन जांच होनी चाहिए. इसके अलावा, स्टिंग ऑपरेशन में शामिल होने के लिए अभिभावकों ने अपने बच्चों के ओरिजिनल शैक्षणिक दस्तावेज Xpertise Education Pvt. Ltd. एजेंसी के पास जमा किए थे. रोहित पवार ने पुलिस कमिश्नर से इन दस्तावेजों को तत्काल एजेंसी से जब्त कर संबंधित विद्यार्थियों को वापस दिलाने की मांग की है.
रोहित पवार ने सरकार और शिक्षा मंत्री पर भी उठाए सवाल
पुलिस कमिश्नर से मुलाकात के बाद रोहित पवार ने कहा कि उन्होंने MHT-CET परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ियों से जुड़े सभी सबूत पुलिस कमिश्नर को सौंपे हैं. इसमें फर्जी एजेंसियों द्वारा एडमिशन दिलाने के नाम पर पैसे वसूलने के स्टिंग ऑपरेशन, डेटा लीक और 2027 की परीक्षा में अभी से सामने आ रही गड़बड़ियां शामिल हैं.
उन्होंने कहा कि सभी वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग पत्र के साथ दिए गए QR Code में मौजूद हैं. लोगों को इन रिकॉर्डिंग को जरूर सुनना चाहिए. इतने सबूत सामने आने के बावजूद सरकार FIR तक दर्ज नहीं कर रही है, यह हैरान करने वाली बात है.
रोहित पवार ने कहा कि महाराष्ट्र जैसे विकसित राज्य में इस तरह की गड़बड़ियां होना राज्य की छवि के लिए ठीक नहीं है. अगर ये सब नहीं रुका तो यह कहना पड़ेगा कि उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री और राज्य का नेतृत्व पूरी तरह निष्क्रिय है.
उन्होंने शिक्षा मंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि जिस मंत्री से आधुनिक तकनीक के दौर में बेहतर व्यवस्था की उम्मीद की जाती है, अगर वही किसी कथित ठग के सामने झुककर अभिवादन करते नजर आएं, तो उनसे क्या उम्मीद की जा सकती है? रोहित पवार ने पूरे मामले में तत्काल FIR दर्ज करने, सभी सबूतों की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है.
दीपके, सौरभ और रांका के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी, देश नहीं छोड़ सकते

















