अजमेर की ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती दरगाह को मंदिर बताने के दावे के मामले में महाराणा प्रताप सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजवर्धन सिंह परमार को पाकिस्तान के नंबर से जान से मारने की धमकी मिलने का दावा किया गया है. परमार के मुताबिक शनिवार रात करीब 11:54 बजे उनके मोबाइल पर पाकिस्तान के कोड वाले नंबर से कॉल आया था.
परमार का आरोप है कि फोन करने वाले ने उन्हें अजमेर दरगाह मामले से पीछे हटने के लिए कहा. कॉल करने वाले ने कथित तौर पर कहा कि वह सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर बताएं कि अब उनका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है. ऐसा नहीं करने पर 24 घंटे के अंदर उनके परिवार के किसी सदस्य को जान से मारने की धमकी दी गई.
ये भी पढ़ें: ‘पंजाब में लोगों का जीना दुश्वार, अबकी बार कांग्रेस…’, सचिन पायलट का बड़ा दावा
NIA से जांच की मांग
धमकी मिलने के बाद परमार ने पुलिस को इसकी जानकारी दी है. उन्होंने केंद्र सरकार से भी मामले की जांच कराने की मांग की है. परमार ने गृह मंत्रालय और NIA से पाकिस्तान के नंबर से आई कॉल की जांच कराने की मांग की है.
तीन राज्यों में सुरक्षा की मांग
राजवर्धन सिंह परमार ने अपने और परिवार के लिए राजस्थान, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में सुरक्षा की मांग की है. उनका कहना है कि उनका गृह जिला उत्तर प्रदेश में है, परिवार दिल्ली में रहता है और अजमेर दरगाह से जुड़ा मामला राजस्थान में चल रहा है. ऐसे में तीनों जगह सुरक्षा जरूरी है.
पहले भी मिल चुकी हैं धमकी
परमार का दावा है कि उन्हें वर्ष 2022 से अब तक अलग-अलग नंबरों से 12 से ज्यादा बार धमकियां मिल चुकी हैं. वह अजमेर दरगाह में मंदिर होने के दावे को लेकर कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं. यह मामला अजमेर की अदालत के साथ जयपुर हाईकोर्ट में भी विचाराधीन बताया गया है.
एक अन्य याचिकाकर्ता को भी मिल चुकी है धमकी
अजमेर दरगाह में मंदिर होने का दावा करते हुए हिंदू सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विष्णु गुप्ता ने अजमेर सिविल कोर्ट में याचिका दायर की थी. कोर्ट ने 27 नवंबर 2024 को इस याचिका को स्वीकार करते हुए सुनवाई शुरू की थी. विष्णु गुप्ता को भी इस मामले में पहले धमकी मिल चुकी है. इसके अलावा जयपुर लौटते समय उन पर फायरिंग की घटना भी सामने आई थी.
जांच में जुटी पुलिस
अब राजवर्धन सिंह परमार को पाकिस्तान के नंबर से कथित धमकी मिलने के बाद मामला फिर चर्चा में है. पुलिस और संबंधित एजेंसियां कॉल की जांच कर यह पता लगाने की कोशिश करेंगी कि धमकी देने वाला व्यक्ति कौन था और कॉल वास्तव में कहां से की गई थी.














