शुक्रवार, 23 अक्टूबर को यानी आज सिनेमाघरों में एक या दो नहीं बल्कि नौन फिल्में रिलीज हुई हैं. इनमें स्पाई कॉमेडी ‘उड़ता तीर’ से लेकर साइकोलॉजिकल थ्रिलर ‘तू है मेरी किरण’ तक शामिल हैं. यानी इस वीकेंड सिनेमालवर्स के लिए थिएटर्स में देखने लिए कई ऑप्शन हैं. चलिए यहां फ्राइडे को बड़े पर्दे पर रिलीज हुई सभी फिल्मों की पूरी लिस्ट जान लेते हैं.
उड़ता तीर
भारत में एक हादसे के दौरान एक पाकिस्तानी जासूस की याददाश्त चली जाती है और वह अपना असली मिशन भूल जाता है. खुद को भारतीय अफसर समझने की गलतफहमी के चलते अनजाने में वह अपने ही देश के लिए सबसे बड़ा ख़तरा बन जाता है. इस फिल्म में आयुष्मान खुराना, सारा अली खान, राहुल बोस और राम कपूर सहित कई कलाकारों ने अहम रोल प्ले किया है. कॉमेडी और ट्विस्ट से भरपूर ये फ्राइडे 23 अक्टूबर को रिलीज हुई है.

तू है मेरी किरण
समर के साथ किरण की दोस्ती तब एक डरावने मोड़ पर आ जाती है, जब उसका लगाव एक खतरनाक जुनून में बदल जाता है. समर बहुत ज्यादा अधिकार जताने लगता है और किरण को अकेला छोड़ने से इनकार कर देता है, जिसके बाद वह उसकी खतरनाक पकड़ से बचने के लिए संघर्ष करती है. फिल्म में सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल ने लीड रोल प्ले किया है.

पहला प्यार दूसरी बार
ग्रेजुएशन के दस साल बाद, बचपन के छह दोस्त एक ट्रिप पर साथ जाते हैं. यह ट्रिप जल्द ही उलझनों से भर जाती है, क्योंकि पुरानी दबी हुई भावनाएं फिर से जाग उठती हैं, पुराने क्रश फिर से ताजा हो जाते हैं, और आज के दौर के रिश्तों का ड्रामा उनके पुराने बंधन की परीक्षा लेता है. इस रोमांटिक कॉमेडी का निर्देशन अनुज सैनी ने किया है. फिल्म में अलीशा चोपड़ा, स्पर्श वालिया, साक्षी वैद्य, कुणाल वैद्य और सरगुन कौर लूथरा अहम रोल में हैं.

मैं ना रहा
1990 के दशक की रोमांटिक फिल्मों को देखकर बड़े हुए राज को अपना सच्चा प्यार, सिमरन नहीं मिल पाता. पूरे बारह साल अलग रहने के बाद, किस्मत उन्हें अचानक सिमरन की शादी के दिन फिर से एक साथ ले आती है. ये फिल्म भी शुक्रवार यानी आज थिएटर में रिलीज हुई है. अमित कसारिया निर्देशित इस फिल्म में अध्ययन सुमन और दिविता राय ने लीड रोल प्ले किया है.

खाली खेती
एक शांत ग्रामीण परिवेश पर आधारित यह थ्रिलर, पारंपरिक खेती-बाड़ी के जीवन को डरावनी अलौकिक ताकतों के साथ जोड़ती है. इसमें होने वाली अजीबोगरीब घटनाएं आज के समाज की कमियों को उजागर करती हैं. ये फिल्म भी सिनेमाघरों में शुक्रवार, 23 अक्टूबर को रिलीज हो गई है.
तुम मेरे हो
आजाद ख्यालों वाला एक स्काईडाइवर अपनी सपनों की महिला से शादी करने के बाद बस जाता है. लेकिन, गहरे धोखे, भावनात्मक उथल-पुथल और अचानक पैदा हुए टकरावों की वजह से उनकी शांत नई जिंदगी में उथल-पुथल मच जाती है, जो उनकी शादी के रिश्ते की परीक्षा लेती है.

दूसरा
भारत की 2002 की ऐतिहासिक नेटवेस्ट फाइनल जीत की पृष्ठभूमि पर बनी यह स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म दिखाती है कि कैसे क्रिकेट की एक राष्ट्रीय जीत एक युवा लड़की को अपने हक के लिए खड़े होने और सच बोलने का साहस देती है. फिल्म में प्लाबिता बोरठाकुर, अंकुर विकल, समिधा गुरु, त्विशा जोशी और कृष्णा गोकानी ने अहम रोल पले किया है. इस स्पोर्ट्स ड्रामा को अभिनय देव ने निर्देशित किया है.
लिटिल थॉमस
1990 के दशक के गोवा में, सात साल का एक अकेला लड़का एक छोटा भाई पाने का सपना देखता है. अपने इस सपने को सच करने के लिए, वह अपने माता-पिता, जो हमेशा लड़ते रहते हैं के बीच सुलह कराने की एक योजना बनाता है. इस फिल्म का निर्देशन कौशल औझा ने किया है. इसमें रसिका दुग्गल, गुलशन देवैया, हृदांश पारेख, हृद्यांश गोकानी, निनाद पंडित, महाबानू मोदी-कोटवाल और आरुष सरदा ने अहम भूमिकाएं निभाई हैं.
क्लेफेस
यह डीसी हॉरर फिल्म मैट हेगन की कहानी है, जिस पर चेहरे पर एक भयानक हमला होता है. एक असफल एक्सपेरिमेंटल सर्जरी से उसका शरीर पूरी तरह बदल जाता है और वह आकार बदलने वाली मिट्टी से बने एक जीवित राक्षस में तब्दील हो जाता है. ये भी आज थिएटर में आ गई है. इस हॉलीवुड फिल्म में टॉम राइस हैरिस, रूबी सियर, नाओमी एकी अहम रोल में हैं.
















