बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि उनकी दूरदर्शिता के कारण देश के लोगों को सोने में निवेश से होने वाले संभावित नुकसान से बचने की सलाह मिली थी. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने कुछ महीने पहले लोगों से सोना नहीं खरीदने की अपील की थी. वहीं, रामकृपाल यादव ने अग्निवीर योजना का समर्थन किया और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा. उन्होंने बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन में बिहार के नेताओं को जगह मिलने पर भी खुशी जताई.
रामकृपाल यादव ने कहा कि कुछ महीने पहले पीएम मोदी ने देशवासियों से सोना नहीं खरीदने की अपील की थी. उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री ने यह सलाह भविष्य के हालात को समझकर दी थी. मंत्री ने दावा किया कि उस समय सोना खरीदने वाले लोगों को बाद में कीमतों में गिरावट से नुकसान उठाना पड़ सकता था. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध और अंतरराष्ट्रीय हालात को समझ रहे थे. हालात सामान्य होने के बाद सोने के दाम गिर गए.
पटना, बिहार: मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा, “कुछ महीने पहले उन्होंने(पीएम मोदी) देशवासियों से अपील की थी कि सोना मत खरीदिए. सच पूछिए तो उन्होंने ठीक ही कहा था, क्योंकि सोने का दाम गिर गया है. जिन लोगों ने उस समय सोना खरीदकर जमा किया होता या अपने पास रखा होता, चाहे छोटी मात्रा में या बड़ी मात्रा में, उन्हें कितना नुकसान उठाना पड़ता. वह दूरदर्शी हैं। सभी हालात को समझ रहे थे. खाड़ी देशों में युद्ध चल रहा था। हालात सामान्य हुए तो देखिए सोने के दाम गिर गए हैं.”
अग्निवीर योजना को बताया सही फैसला
रामकृपाल यादव ने अग्निवीर योजना का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि अब लोगों को समझ में आ गया है कि यह योजना सही थी और सरकार का फैसला उचित था. उन्होंने दावा किया कि लोगों ने इस योजना को स्वीकार कर लिया है.
— IANS Hindi (@IANSKhabar) November 22, 2026
बीजेपी के ओबीसी मोर्चे में बिहार के नेताओं को जगह
मंत्री ने बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन के विस्तार और ओबीसी मोर्चे के गठन पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि बिहार के कई संघर्षशील नेताओं को संगठन में सम्मान और जिम्मेदारी मिली है. इनमें अर्जुन सहनी, विशाल यादव और अजय गुप्ता शामिल हैं. रामकृपाल यादव ने राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार जताया और नए पदाधिकारियों को बधाई दी.
अखिलेश यादव पर साधा निशाना
अखिलेश यादव के राजनीतिक दावों पर तंज कसते हुए मंत्री ने कहा कि वह अपनी राजनीति कर रहे हैं. उन्होंने सवाल किया कि क्या अखिलेश कभी प्रधानमंत्री बनेंगे? रामकृपाल यादव ने कहा कि वह मुख्यमंत्री भी नहीं बनेंगे. उन्होंने अखिलेश के सपनों को ‘मुंगेरीलाल के हसीन सपने’ करार दिया.
यह भी पढ़ें- नीतीश सेतु पर पोस्टर फाड़ने का वीडियो वायरल, RJD पर भड़की JDU-BJP!


















