आज 6 अक्टूबर से भारत और वेस्टइंडीज की टी20 सीरीज शुरू हो रही है. पहला मैच लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा. यहां बड़े-बड़े स्कोर बनते रहे हैं, लेकिन यह भी ज्ञात रहे कि लखनऊ में चेज करना खून-पसीना एक करना जैसा काम है. पहला टी20 मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से शुरू होगा.
भारतीय टीम वनडे सीरीज में वेस्टइंडीज को 2-1 से हराकर आ रही है. मगर टी20 में कैरेबियाई टीम को हराना आसान नहीं होगा. यहां जान लीजिए कि आज इकाना स्टेडियम की पिच किसका अधिक साथ देगी? आज गेंदबाज या बल्लेबाज, कौन करेगा इकाना स्टेडियम की पिच पर राज.
किसका साथ देगी पिच?
इकाना स्टेडियम की पिच आमतौर पर गेंदबाजी के अनुकूल रहती है. जैसे-जैसे मैच आगे बढ़त है, स्पिन गेंदबाजी और स्लोवर-बॉल बल्लेबाजों के लिए मुश्किलें पैदा करने लगती हैं. भारत के अलावा यहां कोई भी टीम 164 रन से बड़ा स्कोर नहीं कर पाई है. जब आखिरी बार यहां टी20 इंटरनेशनल मैच खेला गया, तब न्यूजीलैंड के खिलाफ 100 रन का टारगेट हासिल करने में भारतीय टीम के पसीने छूट गए थे.
इकाना स्टेडियम पर चेज करना सबसे मुश्किल काम है. यहां खेले गए 6 टी20 मैचों में पांच मौकों पर पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती है. ऐसे में आज टॉस जीतने वाली टीम बेशक बैटिंग करने का निर्णय ले सकती है. आज पहला टी20 बहुत लो-स्कोरिंग रह सकता है.
बारिश की है संभावना
आज लखनऊ में बारिश की संभावना है. अगर मुकाबले से पहले या खेल के दौरान बारिश आती है तो पिच अलग तरह का बर्ताव कर सकती है. दोपहर के समय काफी बारिश हो सकती है. हालांकि मैच के दौरान बारिश की ना बराबर संभावना है, इसलिए बिना किसी दखल के मैच पूरा होने की संभावना रहेगी.
रोहित शर्मा को पीछे छोड़ेंगे ईशान किशन
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में इकाना स्टेडियम पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रोहित शर्मा हैं. उन्होंने यहां 2 पारियों में 155 रन बनाए हैं. ईशान किशन इस मैदान पर 108 रन बना चुके हैं. ईशान अगर आज पहले टी20 में 48 रन और बना लेते हैं तो रोहित को पीछे छोड़ देंगे.
भारत का स्क्वाड: वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), ईशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, मयंक यादव, कुलदीप यादव, रवि बिश्नोई, नितीश कुमार रेड्डी, नमन धीर
वेस्टइंडीज का स्क्वाड: शाई होप (कप्तान), कामिल पूरन, अमीर जांगू, शिमरोन हेटमायर, शेरफेन रदरफोर्ड, रोवमैन पॉवेल, रोस्टन चेज़, रोमारियो शेफर्ड, गुडाकेश मोती, अकील होसेन, शमर जोसेफ, मैथ्यू फोर्ड, कीमो पॉल, क्वेंटिन सैम्पसन, शमर स्प्रिंगर
यह भी पढ़ें:
क्रिकेट में बड़ी अनहोनी, डायरेक्ट छक्के के लिए गई वाइड गेंद; सिर चकरा देगा वीडियो














