तेलंगाना से एक दुखद घटना सामने आई है. तेलंगाना से आने वाली एक 17 वर्षीय महिला खिलाड़ी ने आत्महत्या कर ली, जिसकी पहचान नंदिनी के रूप में हुई है. यह घटना तेलंगाना के विकाराबाद स्थित मधू कॉलोनी की बताई जा रही है. कुछ समय पहले ही नंदिनी का BCCI ने अंडर-19 टीम में सेलेक्शन किया था. उनकी सुसाइड की खबर से पूरा परिवार सदमे में है.
नंदिनी विकाराबाद जिले के सांगयापल्ली गांव से थीं, जो विकाराबाद में अपनी नानी के घर रहकर पढ़ाई के साथ-साथ क्रिकेट की कोचिंग ले रही थी. अंडर-19 टीम में सेलेक्शन के बाद उनके जिले को पहचान दिलाई है और एक बढ़िया करियर की उम्मीद भी बंधने लगी थी.
प्यार के नाम पर…
उनके परिवार ने आरोप लगाया है कि अनिल और कृष्णा नाम के दो पुरुष नंदिनी को नियमित रूप से परेशान करते थे, इसी कारण उसने अपनी जिंदगी का अंत करने का बड़ा निर्णय किया. इंडिया टुडे के अनुसार अनिल पिछले कुछ दिनों से प्यार के नाम पर लगातार नंदिनी का पीछा कर रहा था, जबकि कृष्णा इसमें उसका साथ दे रहा था.
पुलिस को सुबह 9 बजे नंदिनी के मृत होने की जानकारी मिली. विकाराबाद के सर्किल इंस्पेक्टर रघु ने बताया कि सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद उनकी टीम मौके पर पहुंची थी. जांच में खुलासा हुआ कि नंदिनी ने छत के पंखे से लटक कर सुसाइड किया है. इंस्पेक्टर ने पुष्टि करके बताया कि पीड़ित परिवार ने 2 पुरुषों के खिलाफ परेशान करने का आरोप लगाया है. आगे की जांच के लिए पुलिस ने नंदिनी के मोबाइल फोन को जब्त करके फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया.
पुलिस ने दर्ज किया मामला
नंदिनी के परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों ने न्याय की मांग करते हुए सड़क पर विरोध प्रदर्शन किया. उन्होंने दोनों आरोपियों की गिरफ़्तारी और उनके खिलाफ सख्त एक्शन लिए जाने की मांग की. नंदिनी के पिता द्वारा दर्ज शिकायत के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध मौत का मामला दर्ज कर लिया है.
सर्किल इंस्पेक्टर रघु ने लोगों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों पर नजर रखें और उन्हें ज्यादा से ज्यादा इमोशनल सपोर्ट देने की कोशिश करें.
यह भी पढ़ें:
एशिया कप के फाइनल में भारत-पाकिस्तान की टक्कर, कब, कहां और किस चैनल पर देखें लाइव?















