एनवीडिया के CEO जेन्सन हुआंग का ‘हनी ट्रैप’ कांड इन दिनों चर्चा में है. कंपनी ने जांच शुरू कर दी है कि क्या उन्हें चीनी खुफिया एजेंसी की एक महिला ने जाल में फंसाया, लेकिन यह कोई पहला मामला नहीं है. जेन्सन हुआंग से पहले भी दुनिया के कई सबसे अमीर और ताकतवर लोग ‘हनी ट्रैप’ का शिकार हुए हैं. किसी को करोड़ों-अरबों का नुकसान हुआ, किसी की करियर खत्म हो गई, तो कोई बदनामी के डर से चुप बैठा रहा.
यह एक्सप्लेनर 5 बड़े नामों की कहानी है, जो हनी ट्रैप में फंसकर मिसाल बन गए…
1. जेफ्री एपस्टीन का ‘हनी ट्रैप’ नेटवर्क
जेफ्री एपस्टीन सिर्फ एक फाइनेंसर नहीं था. वह दुनिया के सबसे बड़े ‘हनी ट्रैप’ नेटवर्कों में से एक चलाता था. उसने और उसकी साथी गिस्लेन मैक्सवेल ने मिलकर अमीरों और ताकतवर लोगों को फंसाने के लिए महिलाओं का इस्तेमाल किया. एपस्टीन के कई शिकार बिलेनियर्स थे, लेकिन तीन नाम सबसे ज्यादा चर्चित रहे- बिल गेट्स, एलन मस्क औरलेस्ली वेक्सनर.
बिल गेट्स को एपस्टीन से जुड़े होने की वजह से सालों तक बदनामी झेलनी पड़ी. 2026 में जब एपस्टीन की फाइलें सार्वजनिक हुईं, तो गेट्स ने अपनी ही फाउंडेशन के कर्मचारियों के सामने माना कि एपस्टीन से मिलना उनकी ‘बहुत बड़ी गलती’ थी.
गेट्स ने स्टाफ से माफी मांगी और कहा कि उन्होंने कोई गैरकानूनी काम नहीं किया, लेकिन रेप्युटेशन को भारी नुकसान पहुंचा. उनकी पूर्व पत्नी मेलिंडा फ्रेंच गेट्स ने भी कहा कि उन्हें इन सवालों का जवाब देना चाहिए.
एलन मस्क को सीधे फंसाने की कोशिश हुई. एपस्टीन ने 2012 में किंबल के बर्थडे पार्टी में एक महिला को खास तौर पर चुना, ताकि वह किंबल के करीब आ सके और उसके जरिए एलन मस्क तक पहुंच सके. एलन उस वक्त फोर्ब्स की बिलेनियर्स लिस्ट में आ चुके थे.
एपस्टीन ने महीनों तक उस रिश्ते पर नजर रखी और एलन को 50 से ज्यादा बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन एलन ने ज्यादातर मैसेज अनदेखा कर दिए. यहां सीधा फाइनेंशियल नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन एलन का नाम एपस्टीन फाइलों में आने से सवाल जरूर उठे.
Victoria’s Secret के मालिक लेस्ली वेक्सनर का नुकसान सबसे ज्यादा हुआ. वेक्सनर ने खुद कांग्रेस के सामने गवाही दी कि एपस्टीन ने उन्हें ‘धोखा दिया’ और वह एक ‘शातिर ठग’ था. एपस्टीन ने वेक्सनर की दौलत पर कब्जा जमाया, उनकी संपत्ति का इस्तेमाल किया और कई सालों तक उनके भरोसे का फायदा उठाया.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वेक्सनर ने एपस्टीन को अपनी दौलत पर पूरी पावर दे दी थी, जिसका इस्तेमाल एपस्टीन ने दूसरे ताकतवर लोगों को फंसाने के लिए किया. वेक्सनर को सीधे तौर पर कोई आपराधिक मामला नहीं हुआ, लेकिन उनकी साख और कारोबारी विरासत पर गहरा दाग लगा.
2. चीन का ‘केयू जिन’ स्कैंडल
यह मामला 2026 की शुरुआत में सामने आया, जब चीन के सबसे बड़े टेक टाइकून्स में से एक डिंग लेई (NetEase के फाउंडर) और कई दूसरे अमीर निवेशकों को अरबों युआन का चूना लगा.
कहानी का केंद्र थी केयू जिन. वे लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स की प्रोफेसर और एशियन इन्फ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट बैंक के अध्यक्ष जिन लिकुन की बेटी हैं. एक चीनी टाइकून और Baolide Holdings Group के मालिक यू हाइजुन ने केयू जिन के नाम और उनके पिता के राजनीतिक कनेक्शन का इस्तेमाल करके निवेशकों को लुभाया.
2022 में हांगझोउ में एक ‘शेयरहोल्डर्स मीटिंग’ के नाम पर दावत हुई, जहां डिंग लेई और आंट ग्रुप के पूर्व CEO सिमोन हू जैसे दिग्गज मौजूद थे. उन्हें लगा कि यू हाइजून के पास सरकारी बैकिंग है, इसलिए उन्होंने करोड़ों-अरबों का निवेश कर दिया.
जब Baolide दिवालिया हो गया, तो पता चला कि यह पूरा स्कैम था. रिपोर्ट्स के मुताबिक कुल नुकसान 1.3 अरब से 1.75 बिलियन युआन के बीच था. अकेले डिंग लेई ने करीब 1 बिलियन युआन गंवा दिए. यह मामला सीधे तौर पर ‘सेक्स हनी ट्रैप’ नहीं था, लेकिन इसमें एक महिला की पहचान और राजनीतिक पहुंच को ‘चारा’ बनाकर अमीरों को फंसाया गया.
3. मेहुल चोकसी: डायमंड टाइकून का ‘हनी ट्रैप किडनैपिंग’ कांड
भारत के भगोड़े डायमंड कारोबारी मेहुल चोकसी पर 13 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा के PNB घोटाले के आरोप हैं. 2021 में एंटीगुआ से उनके किडनैपिंग का मामला सामने आया, जिसमें उन्होंने खुद दावा किया कि उन्हें एक ‘हनी ट्रैप’ के जरिए अगवा किया गया.
चोकसी का आरोप है कि लंदन की प्रॉपर्टी कंसल्टेंट बारबरा जार्बिक ने उन्हें एंटीगुआ में एक अपार्टमेंट में बुलाया, जहां उन्हें टेजर किया गया, व्हीलचेयर से बांधा गया और एक यॉट पर डोमिनिका भेज दिया, ताकि उन्हें भारत भेजा जा सके.
चोकसी के वकीलों का कहना है कि यह भारत सरकार की एक सोची समझी साजिश थी. इसमें UK के लोग शामिल थे. इस मामले में सीधा पैसों का नुकसान तो सामने नहीं आया, लेकिन चोकसी की जिंदगी और कारोबार पूरी तरह तबाह हो चुके हैं. वह आज भी भारत में वांछित हैं और कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं.
4. जेम्स पेकर और केविन सुजिहारा: हॉलीवुड का ‘हनी ट्रैप’ कांड
ऑस्ट्रेलियाई बिलेनियर जेम्स पेकर का नाम 2019 में एक ऐसे स्कैंडल में आया, जिसने Warner Bros के CEO केविन सुजिहारा का करियर खत्म कर दिया. पेकर ने 2013 में ब्रिटिश एक्ट्रेस शार्लोट कर्क को Warner Bros के तत्कालीन चेयरमैन केविन सुजिहारा से मिलवाया.
आरोप था कि सुजिहारा ने कर्क को फिल्मों में रोल दिलाने के बदले सेक्स की मांग की. जब यह मामला सबके सामने आया तो सुजिहारा को इस्तीफा देना पड़ा. कोर्ट में इसे ‘हनी ट्रैप स्कीम’ कहा गया. पेकर का सीधा फाइनेंशियल नुकसान तो सामने नहीं आया, लेकिन उनकी छवि को नुकसान पहुंचा और वे इस विवाद में ‘सहायक’ की भूमिका में घिर गए.
5. स्टीफन क्लूबेक: बिलेनियर की मंगेतर पर हनी ट्रैप के आरोप
2026 में एक और बड़ा नाम सामने आया- स्टीफन क्लूबेक, जो कैलिफोर्निया के एक्सेंट्रिक बिलेनियर और डेमोक्रेटिक डोनर हैं. उनकी मंगेतर एडवा लेवी ( OnlyFans मॉडल) पर आरोप लगे कि उसने कई अमीर बुजुर्गों को डेटिंग ऐप्स के जरिए फंसाया, उनके घरों में सेंध लगाई और लाखों डॉलर की ठगी की.
प्रॉसिक्यूटर्स के मुताबिक लेवी ने 2023 से 2025 के बीच 8 अमीर लोगों को ‘हनी ट्रैप’ में फंसाया. उस पर छह फेलनी चार्जेज लगे. अगर दोषी साबित हुई, तो उसे करीब 11 साल 8 महीने की जेल हो सकती है. क्लूबेक ने शुरू में अपनी मंगेतर का बचाव किया, लेकिन बाद में उनकी सगाई टूट गई. इस मामले में क्लूबेक का सीधा फाइनेंशियल नुकसान सामने नहीं आया, लेकिन रिपुटेशन और निजी जिंदगी को बड़ा झटका लगा.














