महाराष्ट्र एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) ने नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ठाणे जिले के ठाकुर्ली इलाके से 45 साल के एक इनामी नक्सली को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपी की पहचान संजय सरजू यादव उर्फ संजय गोदराय उर्फ बुधराम के रूप में हुई है. उस पर झारखंड पुलिस की ओर से 10 लाख रुपये का इनाम घोषित था. ATS ने उसे हिरासत में लेने के बाद झारखंड पुलिस के हवाले कर दिया, जहां उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
जानकारी के मुताबिक, संजय यादव मूल रूप से झारखंड के पलामू जिले का रहने वाला है. वह छतरपुर थाना क्षेत्र के देवगन गांव का निवासी बताया जा रहा है. जांच एजेंसियों के अनुसार, वह नक्सली संगठन की जोनल कमेटी का सदस्य है. महाराष्ट्र ATS को उसके ठाणे जिले के ठाकुर्ली इलाके में छिपे होने की जानकारी मिली थी. इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया.
महाराष्ट्र: शरद पवार अस्पताल से हुए डिस्चार्ज, उद्धव ठाकरे कल करेंगे मुलाकात
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह पिछले 10 दिनों से ठाकुर्ली इलाके में रह रहा था. हालांकि, वह यहां किस मकसद से आया था और किन लोगों के संपर्क में था, इसकी जांच की जा रही है.
झारखंड पुलिस को सौंपा गया नक्सली
संजय यादव पर झारखंड पुलिस ने 10 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था. महाराष्ट्र ATS की कार्रवाई के बाद उसे झारखंड पुलिस को सौंप दिया गया. इसके बाद झारखंड पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया.
जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि 10 लाख रुपये का इनामी नक्सली महाराष्ट्र के ठाकुर्ली इलाके में क्यों रह रहा था. क्या वह किसी खास काम से यहां आया था या किसी नेटवर्क के संपर्क में था, इसकी भी जांच की जा रही है.
पहले कत्ल, फिर पैर काटे… लाश ठिकाने लगाने के लिए रोज थोड़े-थोड़े अंग फेंकने की थी योजना!
ATS की ओर से आरोपी को कोर्ट में पेश किए जाने की जानकारी सामने आई है. उससे पूछताछ में नक्सली संगठन से जुड़े अन्य लोगों और उसकी गतिविधियों के बारे में अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है.


















