गोरखपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा का उद्देश्य भारत और संविधान को कटघरे में खड़ा करना है. जिन संवैधानिक संस्थाओं के बल पर देश का लोकतंत्र टिका हुआ है, उन्हें कमजोर करने की साजिश स्वीकार नहीं की जा सकती.
सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें लोकतंत्र का अर्थ समझना चाहिए. लोकतंत्र में बदला नहीं, जनता बदलाव करती है. 2014 में देश की जनता ने बदलाव किया और 2017 में उत्तर प्रदेश की जनता ने सत्ता परिवर्तन करके दिखाया. यह बदलाव कांग्रेस या समाजवादी पार्टी की ताकत से नहीं, बल्कि जनता जनार्दन की ताकत से हुआ था.
सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि 2017 और 2022 के चुनावों में सपा और कांग्रेस मिलकर भी उतनी सीटें नहीं जीत पाईं, जितनी बीजेपी ने अकेले 2022 में हासिल की थीं. बीजेपी ने उत्तर प्रदेश में 255 सीटें जीती थीं. उन्होंने कहा कि जनता ही तय करती है कि किसे चुनाव जिताकर भेजना है और किसे हराना है.
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस की चुनावी हार का जिक्र करते हुए कहा कि 2023 में राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा. महाराष्ट्र में भी कांग्रेस और INDIA गठबंधन को हार मिली. 2025 में दिल्ली में बीजेपी की सरकार बनी. बिहार में भी बीजेपी के नेतृत्व में सरकार बनी.
कांग्रेस राहुल गांधी को कितनी बार लॉन्च करेगी?
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राहुल गांधी की स्थिति देखकर हमें कभी-कभी आश्चर्य होता है कि कांग्रेस कितनी बार इनको लॉन्च करेगी. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक असफलताओं की जिम्मेदारी लेने के बजाय लगातार नए बहाने तलाशती रहती है.














