12वीं की परीक्षा पास करने के बाद विद्यार्थियों के सामने सबसे बड़ा सवाल होता है कि आगे किस क्षेत्र में पढ़ाई करें. कोई डॉक्टर बनना चाहता है तो किसी का सपना इंजीनियर बनने का होता है. वहीं कुछ विद्यार्थी ऐसे भी होते हैं, जो पढ़ाई के साथ-साथ अच्छी कमाई और जल्दी नौकरी पाने के विकल्प तलाशते हैं. आज के समय में करियर के अवसर भी तेजी से बदल रहे हैं.
अब केवल डॉक्टर और इंजीनियरिंग ही अच्छी सैलरी वाले करियर तक पहुंचने का रास्ता नहीं हैं. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डेटा साइंस, साइबर सिक्योरिटी, फाइनेंस और एविएशन जैसे क्षेत्रों में भी युवाओं के लिए नए अवसर बन रहे हैं. ऐसे में जरूरी है कि विद्यार्थी अपने इंटरेस्ट, योग्यता और भविष्य की संभावनाओं को ध्यान में रखकर कोर्स चुनें. ऐसे में जानिए कुछ शानदार हाई सैलेरी वाले करियर विकल्प के बारे में.
B.Tech AI और डेटा साइंस
अगर आपने 12वीं में फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स (PCM) विषय लिए हैं, तो B.Tech in Computer Science, Artificial Intelligence और Data Science आपके लिए अच्छे विकल्प हो सकते हैं. आज कंपनियां अपने काम को आसान बनाने के लिए AI और डेटा एनालिटिक्स का इस्तेमाल कर रही हैं. इस क्षेत्र में पढ़ाई करने के बाद आप AI इंजीनियर, मशीन लर्निंग इंजीनियर और डेटा साइंटिस्ट जैसे पदों पर काम कर सकते हैं. इनकी शुरुआती सैलरी लगभग 5 से 12 लाख रुपये सालाना हो सकती है. अच्छे इंस्टिट्यूशन और अच्छी स्किल्स के साथ यह पैकेज अधिक भी हो सकता है.
MBBS और मेडिकल क्षेत्र
बायोलॉजी में इंटरेस्ट रखने वाले विद्यार्थियों के लिए MBBS एक लोकप्रिय विकल्प है. इसके लिए 12वीं में PCB विषय और NEET UG परीक्षा पास करना जरूरी है. MBBS की पढ़ाई आमतौर पर 5.5 साल की होती है, जिसमें इंटर्नशिप भी शामिल होती है. इसके बाद डॉक्टर के रूप में अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में काम कर सकते हैं. शुरुआती कमाई इंस्टिट्यूशन और नौकरी के अनुसार अलग-अलग होती है. वहीं आगे MD या MS जैसी विशेषज्ञता हासिल करने पर कमाई की संभावनाएं बढ़ जाती हैं.
चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA)
कॉमर्स के विद्यार्थियों के लिए CA एक अच्छा प्रोफेशनल करियर विकल्प है. इस क्षेत्र में आने के लिए 12वीं के बाद इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) के जरिए CA Foundation की परीक्षा देनी होती है. CA बनने के बाद टैक्सेशन, ऑडिटिंग, फाइनेंशियल मैनेजमेंट और अकाउंटिंग जैसे क्षेत्रों में काम करने का मौका मिलता है. नए CA को लगभग 7 से 12 लाख रुपये सालाना का पैकेज मिल सकता है. हालांकि असल कमाई परीक्षा में प्रदर्शन, ट्रेनिंग और कंपनी पर निर्भर करती है.
यह भी पढ़ें: November School Holidays 2026: नवंबर में बच्चों की मौज, दिवाली और छठ पर मिलेगी लंबी छुट्टी, यहां देखें डेट्स
कमर्शियल पायलट ट्रेनिंग
अगर आपको आसमान में उड़ना पसंद है, तो कमर्शियल पायलट बनना भी आपके लिए एक अच्छा विकल्प हो सकता है. इसके लिए 12वीं में फिजिक्स और मैथ्स विषय होना जरूरी है. इसके बाद डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) के नियमों के अनुसार ट्रेनिंग और लाइसेंस की प्रक्रिया पूरी करनी होती है. इस क्षेत्र में ट्रेनिंग का खर्च काफी अधिक होता है. हालांकि एक्सपीरियंस और एयरलाइन के अनुसार पायलट की सैलरी भी काफी ज्यादा होती है.
लॉ और कॉरपोरेट लीगल करियर
आर्ट्स, कॉमर्स और साइंस तीनों स्ट्रीम के विद्यार्थी 12वीं के बाद पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड लॉ कोर्स कर सकते हैं. इसके लिए CLAT जैसी प्रवेश परीक्षाओं के जरिए राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालयों (NLU) में एडमिशन लिया जा सकता है. इसके बाद वकील, कॉरपोरेट लीगल एडवाइजर और लीगल कंसल्टेंट जैसे करियर विकल्प मिलते हैं. शुरुआती कमाई लगभग 4 से 10 लाख रुपये सालाना होती है. वहीं बड़े लॉ फर्म और अच्छे इंस्टिट्यूशन से पढ़ाई करने वाले विद्यार्थियों को इससे अधिक पैकेज भी मिल सकता है.
साइबर सिक्योरिटी और डिजिटल टेक्नोलॉजी
डिजिटल लेनदेन और ऑनलाइन सेवाओं के बढ़ने से साइबर सुरक्षा की जरूरत भी बढ़ रही है. ऐसे में साइबर सिक्योरिटी, क्लाउड कंप्यूटिंग और नेटवर्क सिक्योरिटी से जुड़े कोर्स विद्यार्थियों के लिए अच्छे विकल्प हैं. इनकी पढ़ाई B.Tech, BCA या कंप्यूटर साइंस से जुड़े दूसरे डिग्री प्रोग्राम के जरिए की जा सकती है. इस क्षेत्र में शुरुआती सैलरी लगभग 4 से 10 लाख रुपये सालाना होती है.
यह भी पढ़ें: UP Special TET 2026: ड्यूटी की चिंता छोड़ दे टीचर्स, स्पेशल टीईटी परीक्षा देने के लिए सरकार ने दी विशेष छुट्टी
Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI
















