अमेरिकी रक्षा खुफिया एजेंसी (DIA) ने चीन के सबसे रहस्यमयी स्पेस प्लेन ‘शेनलोंग’ की साफ तस्वीर जारी की है, जिसने एक बार फिर बीजिंग की ओर दुनिया का ध्यान खींचा है.पिछले 6 सालों से पृथ्वी के चारों ओर चक्कर काट रहा बिना इंसान वाला यह रोबोटिक प्लेन कई बार अंतरिक्ष में अनजान चीजें छोड़ने की वजह से सुर्खियों में रहा है. साइंटिस्ट काफी समय से रडार के जरिए इस पर नजर बनाए हुए थे, लेकिन इस नई तस्वीर ने पहली बार इसके सीक्रेट डिजाइन और असली क्षमताओं से पर्दा उठा दिया है.
यह तस्वीर साल 2024 में ‘वेंटोर’ कंपनी के एक सैटेलाइट ने अंतरिक्ष में महज 90 किलोमीटर की दूरी से ली थी. फोटो की क्लेरिटी इतनी अच्छी है कि इसमें 4.5 सेंटीमीटर जितनी छोटी चीज भी बिल्कुल साफ दिख रही है. स्पेस डॉट कॉम की रिपोर्ट के मुताबिक, शेनलोंग अंतरिक्ष में नए उपकरणों को ले जाने, उनका परीक्षण करने और फिर सुरक्षित जमीन पर वापस लौटने में सक्षम है. तस्वीर में यह प्लेन अपने सोलर पैनल खोले हुए एक दूसरे सैटेलाइट से जुड़ा दिखाई दे रहा है और इसका पिछला पेलोड दरवाजा भी खुला हुआ है.
कैसा है शेनलोंग स्पेस प्लेन?
शेनलोंग एक ऐसा स्पेस प्लेन है, जिसे बार-बार इस्तेमाल किया जा सकता है. यह काफी हद तक अमेरिका के X-37B स्पेस प्लेन जैसा दिखता है. इसे रॉकेट की मदद से अंतरिक्ष में भेजा जाता है और मिशन पूरा होने पर यह आम हवाई जहाज की तरह जमीन पर लैंड करता है. चीन ने आधिकारिक तौर पर कभी इसकी फोटो जारी नहीं की है, लेकिन विशेषज्ञों के अनुसार इसकी लंबाई करीब 26 फीट है. यह प्लेन इसी साल 7 फरवरी को ‘लॉन्ग मार्च 2F’ रॉकेट के जरिए अपने चौथे मिशन पर रवाना हुआ था.
‘Space.com’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक इस हफ्ते आम लोग भी इस प्लेन को बिना किसी दूरबीन के सीधे अपनी आंखों से देख सकेंगे. यह प्लेन 3 नवंबर को डेनवर शहर के ऊपर से और 5 और 6 नवंबर को लॉस एंजिल्स के ऊपर से गुजरेगा. इसे देखने का सबसे अच्छा समय सुबह सूरज निकलने से ठीक पहले का होगा.














