बॉलीवुड के किंग कहे जाने वाले एक्टर शाहरुख खान आज 61 साल के हो गए हैं. वो आज यानी कि 2 नवंबर को अपना बर्थडे सेलिब्रेट कर रहे हैं. शाहरुख का जन्मदिन फैंस के लिए किसी त्योहार से कम नहीं होता है. लोग आधी रात में भी एक्टर के घर के बाहर उनके दीदार का इंतजार करते हैं. ऐसे में अब ‘किंग’ के मेकर्स ने फैंस को आधी रात को सरप्राइज दिया है, जिसके बाद फैंस की खुशी का ठिकाना ही नहीं रहा है.
दरअसल, शाहरुख खान के 61वें जन्मदिन के मौके पर अपकमिंग फिल्म ‘किंग’ से उनका पहला सॉन्ग रिलीज किया गया है, जिसमें वो दीपिका पादुकोण के साथ रोमांस करते हुए नजर आ रहे हैं. फैंस दोनों की जोड़ी को देखकर काफी एक्साइटेड हो गए हैं. चलिए बताते हैं ‘किंग’ के फर्स्ट सॉन्ग के बारे में…
दीपिका संग दिखी शाहरुख की केमिस्ट्री
शाहरुख खान के जन्मदिन के मौके पर ‘किंग’ से उनका रोमांटिक सॉन्ग रिलीज किया गया है, जिसे बीच के किनारे दीपिका और शाहरुख पर फिल्माया गया है. फैंस को उनके इस सरप्राइज का पहले से ही बेसब्री से इंतजार था, जो कि इसके रिलीज के साथ ही खत्म हो गया है. ‘किंग’ से ये गाना रिलीज होने के बाद दर्शकों और फैंस की एक्साइटमेंट फिल्म को लेकर और भी बढ़ गई है. इसमें दोनों स्टार्स के बीच कमाल की केमिस्ट्री देखने के लिए मिली है. इसमें केमिस्ट्री के साथ ही एक्शन और शाहरुख के कई रूप देखने के लिए मिलते हैं. वो दीपिका संग रोमांस तो करते हैं साथ ही धांसू एक्शन के साथ ही इमोशनल भी दिखाई देते हैं.
देखिए शाहरुख-दीपिका का रोमांटिक सॉन्ग…
यह भी पढ़ें: ‘रामायणम्’ की कमाई 37 करोड़ के पार, बनी रणबीर कपूर की दूसरी हाईएस्ट ओपनर
मन्नत के बाहर लगी बड़ी स्क्रीन ने बढ़ाई थी एक्साइटमेंट
गौरतलब है कि शाहरुख खान के बर्थडे और ‘किंग’ को लेकर पहले ही सरप्राइज प्लान कर दिया गया था. फैंस को पहले ही अंदाजा हो गया था कि एक्टर के बर्थडे की रात को कुछ बड़ा ही प्लान किए जाने की तैयारी है क्योंकि एक्टर के बंगले मन्नत के बाहर एक बड़ी सी स्क्रीन लगाई गई थी, जिस पर ‘किंग’ का पोस्टर लगा था, जिसके बाद इसके टीजर और गाने को लेकर कयास लगाए जा रहे थे, जो कि अब खत्म हो गया है.
शाहरुख को लकी चार्म मानती हैं दीपिका पादुकोण
आपको बता दें कि दीपिका पादुकोण शाहरुख खान को अपना लकी चार्म मानती हैं. उनका मानना है कि जब-जब उन्होंने शाहरुख के साथ फिल्म की वो तब-तब पर्दे पर छा गईं. उनकी फिल्में ब्लॉकबस्टर रहीं और उनके पास फिल्मों की लाइन लग गई. गौरतलब है कि दीपिका ने किंग खान की फिल्म ‘ओम शांति ओम’ से ही 2007 में डेब्यू किया था. इसके बाद दोनों की जोड़ी को ‘चेन्नई एक्स्प्रेस’ समेत कई फिल्मों में देखा जा चुका है. दीपिका ने संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म ‘स्पिरिट’ छोड़ने के बाद ही शाहरुख की ‘किंग’ का ऐलान किया था.
‘किंग’ कब होगी रिलीज?
वहीं, बात की जाए कि शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ कब रिलीज हो रही है तो इसे सिनेमाघरों में 24 दिसंबर, 2026 को रिलीज किया जाएगा. फिल्म क्रिसमस के मौके पर थिएटर में दस्तक देने वाली है. आपको बता दें कि पूरे 3 साल बाद एक्टर थिएटर में कमबैक करने वाले हैं. इसमें दीपिका-शाहरुख के अलावा सुहाना खान, रानी मुखर्जी, अभिषेक बच्चन, अनिल कपूर, अरशद वारसी और जयदीप अहलावत जैसे कलाकार नजर आने वाले हैं.
इसके पहले उन्हें आखिरी बार फिल्म ‘पठान’, ‘जवान’ और ‘डंकी’ में देखा गया था. उनकी ये फिल्में 2023 में रिलीज की गई थीं और इस साल तीनों हिट फिल्मों देकर उन्होंने 2500 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस कर डाला था. अब ‘किंग’ को लेकर 3 साल बाद एक बार फिर से वही बज बना हुआ देखने के लिए मिल रहा है. देखना होगा कि ये बॉक्स ऑफिस पर कितने रिकॉर्ड्स तोड़ पाती है.














