राजधानी दिल्ली में आग और अन्य आपात स्थितियों से निपटने के लिए फायर सर्विस को अपग्रेड किया गया है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार (3 अक्टूबर 2026) को सेवा संकल्प अभियान के तहत मालवीय नगर स्थित गीतांजलि फायर स्टेशन का उद्घाटन किया. इस दौरान 20 फायर रेस्पॉन्स मोटरबाइक और 26 क्विक रेस्पॉन्स व्हीकल्स (QRV) को भी हरी झंडी दिखाई गई.
कार्यक्रम में सांसद बांसुरी स्वराज, दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष सूद, विधायक सतीश उपाध्याय, दिल्ली फायर सर्विस के वरिष्ठ अधिकारी और अग्निशमन कर्मी मौजूद रहे. सरकार का कहना है कि नए संसाधनों से आग लगने या दूसरी आपात स्थिति में शुरुआती प्रतिक्रिया का समय कम किया जा सकेगा.
यह भी पढ़ें- ‘हमसे TV पर खूब लड़ीं…’, पवन खेड़ा ने प्रियंका कक्कड़ का यूं किया कांग्रेस में स्वागत
71 एक्टिव फायर स्टेशन, 120 का लक्ष्य
गीतांजलि फायर स्टेशन शुरू होने के बाद दिल्ली फायर सर्विस में सक्रिय स्टेशनों की संख्या 71 हो गई है. सरकार ने इसे बढ़ाकर 120 फायर स्टेशन करने का लक्ष्य रखा है. नए स्टेशन पर फिलहाल 16 फायरकर्मी तैनात रहेंगे. यहां एक छोटा फायर टेंडर, एक QRV और आग बुझाने के जरूरी उपकरण उपलब्ध रहेंगे.
यह स्टेशन मालवीय नगर के साथ गीतांजलि, शिवालिक, खिड़की, प्रेस एनक्लेव, देवली, नई बस्ती, आदर्श एन्क्लेव और डेरा गांव समेत आसपास के इलाकों में आपात कॉल पर मदद पहुंचाएगा.
26 नए QRV, शुरुआती आग पर तुरंत कार्रवाई
दिल्ली फायर सर्विस के बेड़े में 26 नए QRV शामिल किए गए हैं. इसके बाद विभाग के पास कुल 50 QRV हो गए हैं. इन वाहनों में 125 लीटर क्षमता वाली अल्ट्रा हाई-प्रेशर पंप प्रणाली है. इनमें 100 लीटर पानी और 25 लीटर फोम रखा जा सकता है.
इसके अलावा 180 बार दबाव वाला हाई-प्रेशर पंप, 60 मीटर लंबी हाई-प्रेशर नली और पांच मोड वाला मल्टी-सिस्टम नोजल लगाया गया है. इनके जरिए बड़े फायर टेंडर के पहुंचने से पहले शुरुआती स्तर पर आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की जा सकेगी.
तंग गलियों में बाइक से पहुंचेगी टीम
घनी आबादी और संकरी गलियों में बड़े फायर टेंडर को घटनास्थल तक पहुंचने में समय लग सकता है. इसे देखते हुए 20 फायर रेस्पॉन्स मोटरबाइक तैनात की गई हैं. इन पर कंप्रेस्ड एयर फोम और वॉटर मिस्ट बैकपैक सिस्टम, दो 2-लीटर हाई-प्रेशर एयर सिलेंडर और पोर्टेबल फायर एक्सटिंग्विशर सिस्टम मौजूद हैं.
प्रशिक्षित फायरकर्मी इन बाइक से तेजी से मौके पर पहुंचकर स्थिति का शुरुआती आकलन कर सकेंगे और जरूरत के मुताबिक तत्काल कार्रवाई शुरू करेंगे.
बेड़े में कई विशेष वाहन भी शामिल
दिल्ली फायर सर्विस के पास पहले से कई तरह के विशेष वाहन मौजूद हैं. इनमें 9 हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म, 4 अर्बन सर्च एंड रेस्क्यू वाहन, 4 लाइट एंड रेस्पिरेटरी इक्विपमेंट वाहन, 44 मल्टी-पर्पज वाहन, 17 कमांड एंड कंट्रोल वाहन और 18 छोटे रेस्क्यू वाहन शामिल हैं. नए QRV और मोटरबाइक जुड़ने से संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में शुरुआती फायर रिस्पॉन्स को तेज करने की क्षमता बढ़ेगी.
यह भी पढ़ें- नोएडा: सुपरनोवा की 43वीं मंजिल से शख्स ने लगाई छलांग, टुकड़ों में बिखरा शरीर














