देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में सफर करने वाले यात्रियों के लिए झटके वाली खबर है. आज (गुरुवार, 1 अक्टूबर) से मुंबई में गाड़ियों से एंट्री करना जेब पर भारी पड़ेगा क्योंकि शहर के पांच एंट्री प्वाइंट्स पर टोल रेट 20 फीसदी बढ़ जाएंगे. नई टोल दरें मिनी बसों, हल्के कमर्शियल गाड़ियों, ट्रकों, बसों और अन्य भारी गाड़ियों पर लागू होंगी.
वहीं, लाइट मोटर व्हीकल, स्कूल बसें और राज्य परिवहन की बसें, जिन्हें 14 अक्टूबर, 2024 से टोल देने से छूट मिली हुई है, उन्हें आगे भी छूट मिलती रहेगी. वहीं अब मिनी बसों से लेकर हेवी मोटर व्हीकल तक 90 रुपये से 225 रुपये तक देने पड़ेंगे.
मुंबई में नई टोल दरें
1 अक्टूबर 2026 से मिनी बसों और हल्के कमर्शियल वाहनों के लिए 90 रुपये लगेंगे. अब तक इन गाड़ियों को 75 रुपये ही देने पड़ते थे. वहीं ट्रको और बसों को अब टोल टैक्स 180 रुपये देने होंगे. अब तक इन गाड़ियों को 150 रुपये देने पड़ते थे. वहीं हेवी मोटर व्हीकल को अब 225 रुपये देने होंगे. अब तक इन गाड़ियों से 180 रुपये वसूल किए जा रहे थे.
मुंबई में किन पांच एंट्री प्वाइंट्स पर बढ़े टोल रेट?
जिन पांच एंट्री प्वाइंट्स पर यह टोल रेट में इजाफा हुआ है- वे हैं वाशी (सायन-पनवेल हाईवे), मुलुंड में दो (LBS रोड और ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे), ऐरोली ब्रिज और दहिसर (वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे). वहीं, छठा एंट्री प्वाइंट अटल सेतु है, जहां टोल अलग से लिया जाता है.
2002 में शुरू हुई थी टोल वसूली
आर्थिक राजधानी मुंबई के इन पांच एंट्री पॉइंट्स पर टोल वसूली सितंबर 2002 में शुरू हुई थी और 2010 में इसे बढ़ाया गया था. मूल रूप से इसे नवंबर 2026 तक जारी रहना था, लेकिन अब इस रियायत की अवधि को 17 सितंबर, 2029 तक बढ़ा दिया गया है. साल 2024 में पैसेंजर कारों और छोटी गाड़ियों के लिए टोल माफ किए जाने के बाद कॉन्ट्रैक्टर को दिए जाने वाले 900 करोड़ रुपये के मुआवजे की भरपाई के लिए यह समय-सीमा बढ़ाने का फैसला किया गया है.
शिंदे गुट का बड़ा दावा, ‘कांग्रेस को राज ठाकरे पसंद नहीं इसलिए अब उद्धव…’














