आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में परिवहन विभाग के प्रवर्तन अवर निरीक्षक (SI) अमित कुमार गुप्ता के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. EOU की जांच में सामने आया है कि अमित कुमार गुप्ता ने अपनी नौकरी के 13 साल के दौरान वैध आय से करीब 1.49 करोड़ रुपये अधिक की संपत्ति अर्जित की. बुधवार (30 सितंबर) को EOU की टीम ने पटना और आरा स्थित उनके दो ठिकानों पर तलाशी ली. कार्रवाई देर शाम तक जारी रही.
EOU के मुताबिक, अमित कुमार गुप्ता के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया गया है. जांच में करीब 1,49,58,500 रुपये की आय से अधिक संपत्ति का साक्ष्य मिलने की बात कही गई है. यह उनकी वैध आय से लगभग 148.10 फीसदी अधिक बताई गई है.
बिहार सरकार क्यों खरीद रही वॉटर कैनन और वज्र वाहन? सियासी पारा हाई, छात्र संगठन नाराज
अमित कुमार गुप्ता की नियुक्ति साल 2013 में परिवहन विभाग में प्रवर्तन अवर निरीक्षक के पद पर हुई थी. उनकी पहली पोस्टिंग दालकोला चेक पोस्ट, पूर्णिया में हुई थी. इसके बाद वह मुजफ्फरपुर, छपरा, अररिया, पटना समेत कई जिलों में प्रतिनियुक्त रहे.
घर से मिले 3 लाख रुपये कैश
EOU की टीम ने भोजपुर जिले के अवधपुरी, चेंदवा मोड़ के पास स्थित अमित कुमार गुप्ता के निजी आवास की तलाशी ली. इस दौरान करीब 3 लाख रुपये नकद बरामद किए गए. इसके अलावा एक इलेक्ट्रिक कार भी मिली है.
तलाशी के दौरान अलग-अलग जिलों में जमीन खरीदने से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं. इनमें आरा, पटना और छपरा में खुद और परिजनों के नाम पर खरीदे गए 11 भू-खंडों से संबंधित कागजात शामिल हैं.
आरा में निर्माणाधीन मकान, पटना में फ्लैट
जांच के दौरान अवधपुरी में G+3 मकान के अलावा आरा में करीब 5.1 डिसमिल जमीन पर निर्माणाधीन मकान और पटना स्थित साई वरदान सिटी में एक फ्लैट होने की जानकारी भी सामने आई है. EOU को नोएडा की इम्पेरिया इन्फ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड और नई दिल्ली की ऐरविल बिजनेस पार्क प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े फ्लैट और जमीन में निवेश के दस्तावेज भी मिले हैं.
तलाशी में अलग-अलग बैंकों के 15 खातों से संबंधित पासबुक और चेकबुक की प्रतियां बरामद हुई हैं. इनमें मौजूद राशि में से लाखों रुपये को फ्रीज कराया गया है. इसके अलावा एक बैंक लॉकर का भी पता चला है, जिसकी तलाशी अभी बाकी है.
शेयर और म्यूचुअल फंड में भी निवेश
EOU के मुताबिक, अमित कुमार गुप्ता के शेयर और म्यूचुअल फंड में करीब 30 लाख रुपये से ज्यादा के निवेश से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं. वहीं, भारतीय जीवन बीमा निगम से जुड़े 7 दस्तावेज बरामद हुए हैं, जिनमें करीब 10 लाख रुपये से ज्यादा के निवेश की जानकारी है.
पवन सिंह फिर विवादों में! ‘हरकत’ देख RJD भड़की, यूजर्स बोले- ‘पउआ स्टार’
तलाशी के दौरान आभूषण खरीदने से जुड़ी कई रसीदें भी मिली हैं. जांच एजेंसी के मुताबिक, उनके दोनों बच्चों की पढ़ाई पर भी बड़ी रकम खर्च की गई है. उनका एक बेटा दार्जिलिंग के महंगे आवासीय स्कूल में पढ़ रहा है, जबकि बेटी कोटा में रहकर NEET की तैयारी कर रही है.
EOU अब बरामद दस्तावेजों और संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है. जांच आगे बढ़ने के साथ अमित कुमार गुप्ता की संपत्तियों और निवेश से जुड़ी और जानकारी सामने आने की संभावना है.














