कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई ने कहा कि परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का शरद पवार की पार्टी का फैसला दुर्भाग्यपूर्ण है. पार्टी ने आरोप लगाया कि इससे सत्तारूढ़ दल को अपनी कथित अधिनायकवादी सोच के तहत सत्ता पर पकड़ और मजबूत करने में मदद मिलेगी. कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत ने कहा कि विधेयक के पीछे केंद्र सरकार की मंशा नेक नहीं है और इसका उद्देश्य सत्ता पर अपनी पकड़ मजबूत करना है. कांग्रेस ने नई जनगणना कराए बिना परिसीमन की प्रस्तावित प्रक्रिया की आवश्यकता पर भी सवाल उठाए.
सावंत ने सवाल उठाया कि नयी जनगणना कराए बिना परिसीमन की प्रक्रिया के लिए साल 2011 की जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल क्यों किया जा रहा है. उन्होंने असम में हुए परिसीमन का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि वहां निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं का पुनर्निर्धारण भाजपा के राजनीतिक हितों को ध्यान में रखकर किया गया था.
‘इंडिया गठबंधन की बैठक में लिए जाना चाहिए था फैसला’
सावंत ने आरोप लगाया, “इसे निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में राजनीतिक लाभ के लिए हेरफेर करना (जेरिमैंडरिंग) कहते हैं. इसमें कोई संदेह नहीं है कि सरकार इसी प्रयोग को राष्ट्रीय स्तर पर दोहराना चाहती है.” ‘जेरिमैंडरिंग’ का अर्थ किसी राजनीतिक दल को अनुचित लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में जानबूझकर बदलाव करना है. सावंत ने एनसपीपी (SP) के नेता जितेंद्र आव्हाड के परिसीमन का समर्थन करने संबंधी बयान का जिक्र करते हुए कहा कि इस तरह का फैसला विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की बैठक में लिया जाना चाहिए था. कांग्रेस नेता सावंत ने कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ ने पहले भी इसी विधेयक का विरोध किया था.
‘शरद पवार ने परिसीमन को संवैधानिक प्रक्रिया बताया’
इससे पहले दिन में, NCP (SP) के वरिष्ठ विधायक और प्रवक्ता जितेंद्र आव्हाड ने पत्रकारों से कहा था कि शरद पवार ने परिसीमन को एक संवैधानिक प्रक्रिया बताया है, जिसे देर-सबेर पूरा करना ही होगा. आव्हाड के अनुसार, पार्टी ने इस विधेयक का समर्थन करने का फैसला किया है. केंद्र सरकार ने इस विधेयक पर चर्चा के लिए संसद का चार दिवसीय विशेष सत्र बुलाया है. लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और एक दिसंबर को जबकि राज्यसभा की बैठक दो और तीन दिसंबर को होगी.
Delimitation Bill: अब उद्धव ठाकरे गुट ने बढ़ाया सस्पेंस, ‘हमारी पार्टी की…’














