भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर मुंबई स्थित चैत्यभूमि आने वाले अनुयायियों के लिए विभिन्न सुविधाओं, सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य और स्वच्छता की व्यवस्थाओं का बेहतर और समन्वित नियोजन करने के निर्देश मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दिए हैं.
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि दादर रेलवे स्टेशन का नाम ‘चैत्यभूमि’ रखने के प्रस्ताव को राज्य सरकार पहले ही सैद्धांतिक मंजूरी दे चुकी है. केंद्र सरकार से प्राप्त मार्गदर्शन के अनुसार विधानमंडल की समिति से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया विधानसभा सत्र के दौरान पूरी कर नामकरण की कार्रवाई की जाएगी.
सीएम ने की तैयारियों की समीक्षा
डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस के मद्देनजर चैत्यभूमि में की जा रही तैयारियों की समीक्षा के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई. विधान भवन स्थित मंत्रिमंडल सभागृह में हुई इस बैठक में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार, नगर विकास राज्यमंत्री माधुरी मिसाल, गृह राज्यमंत्री योगेश कदम, पूर्व मंत्री संजय बनसोडे, समन्वय समिति के महासचिव नागसेन कांबले, भाई गिरकर सहित विभिन्न विभागों के सचिव, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, रेलवे, मुंबई महानगरपालिका और भारतीय बौद्ध महासभा, अखिल भारतीय बौद्ध भिक्षु संघ सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित थे.
‘सभी सरकारी एजेंसियां आपसी समन्वय से काम करें’
महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर राज्य सहित देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में अनुयायी चैत्यभूमि में अभिवादन करने आते हैं. मुख्यमंत्री फडणवीस ने निर्देश दिए कि हर साल बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए मौजूदा सुविधाओं में सुधार करने और पिछले वर्षों के अनुभव से सामने आई कमियों को दूर करने के लिए सभी एजेंसियां आपसी समन्वय से काम करें.
सीएम ने कहा कि महापरिनिर्वाण दिवस के आयोजन में समन्वय समिति, बौद्ध संगठनों और विभिन्न संस्थाओं का महत्वपूर्ण सहयोग मिलता है. मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि सरकार की ओर से आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी निभाई जा रही है, लेकिन इस आयोजन को प्रभावी बनाने के लिए सभी संबंधित पक्षों के बीच समन्वय जरूरी है.
बृहन्मुंबई महानगरपालिका, पुलिस प्रशासन, जिला प्रशासन, प्रशासनिक विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियां नियोजनबद्ध तरीके से काम कर रही हैं. इस वर्ष भी प्रत्येक विभाग को सौंपी गई जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करना चाहिए.
अनुयायियों को किसी तरह की परेशानी न हो- सीएम
उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि महापरिनिर्वाण दिवस पर आने वाले अनुयायियों को किसी तरह की परेशानी न हो और कोई अप्रिय घटना न घटे, इसके लिए चैत्यभूमि परिसर में धरना, प्रदर्शन, मोर्चे अथवा आंदोलनों पर आधिकारिक रूप से प्रतिबंध लगाने के संबंध में गृह विभाग कार्रवाई करे. चैत्यभूमि और आसपास के क्षेत्र में शांतिपूर्ण, अनुशासित और श्रद्धापूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन विशेष ध्यान दें.
यातायात व्यवस्था के नियोजन में ऑटो रिक्शा के प्रवेश पर सीमाएं, श्रद्धालुओं के आगे के सफर के लिए सुविधाएं और परिसर में यातायात सुचारु रखने के लिए पहले से व्यवस्था की जाए. रेलवे, सड़क परिवहन, स्थानीय यातायात व्यवस्था और पुलिस प्रशासन मिलकर नियोजन करें, ताकि अनुयात्रियों का सफर आसान हो सके.
महापरिनिर्वाण दिवस के मद्देनजर राज्य में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की सभी प्रतिमाओं की सफाई और सौंदर्यीकरण करने का निर्णय पहले ही लिया गया था. इस निर्णय के क्रियान्वयन में कहीं कोई परेशानी है या नहीं, इसकी समीक्षा कर अगले पांच से सात दिनों में आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के निर्देश भी मुख्यमंत्री ने दिए.
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि महापरिनिर्वाण दिवस की गंभीरता और पवित्रता बनाए रखना जरूरी है. इस दिन उत्सव जैसा आयोजन नहीं किया जाना चाहिए. यह शोक का दिन है, इसलिए उत्सवी कार्यक्रमों के बजाय अनुयायियों के लिए डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर पर आधारित फिल्म या उनके विचारों से जुड़े अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं या नहीं, इस पर विचार किया जाएगा.
‘इंदू मिल स्मारक के काम के लिए अतिरिक्त फंड की कमी नहीं होने देंगे’
इंदू मिल में भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के स्मारक के शेष कार्यों के लिए फंड की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी. स्मारक का अधिकांश काम पूरा हो चुका है, लेकिन मुख्य प्रतिमा के काम से संबंधित कुछ मुद्दे लंबित हैं. काम की लागत बढ़ने पर भी सरकार इसकी भरपाई करने के लिए तैयार है. शेष काम तेजी से पूरा करने के लिए अगले सप्ताह अलग से बैठक आयोजित कर इस विषय को सुलझाया जाएगा, ऐसा मुख्यमंत्री फडणवीस ने स्पष्ट किया.
विधानसभा सत्र में पूरी होगी दादर स्टेशन के नामकरण की प्रक्रिया- सीएम
मुख्यमंत्री फडणवीस ने स्पष्ट किया कि दादर रेलवे स्टेशन का नाम चैत्यभूमि रखने की मांग के संबंध में राज्य सरकार पहले ही सैद्धांतिक मंजूरी देकर केंद्र सरकार को पत्र भेज चुकी है. हालांकि, इस प्रक्रिया के लिए विधानमंडल की समिति से संबंधित मार्गदर्शन केंद्र सरकार से प्राप्त हुआ है. इसलिए विधानसभा सत्र के दौरान आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाएगी. इसके बाद स्टेशन का नामकरण किया जाएगा.
अनुयायियों को सभी सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे- एकनाथ शिंदे
इस दौरान उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भरोसा दिलाया कि चैत्यभूमि आने वाले लाखों अनुयायियों को किसी भी तरह की असुविधा नहीं होने दी जाएगी. एकनाथ शिंदे ने कहा कि महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर आने वाले लाखों अनुयायियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार पूरी तरह से तैयारी कर रही है.
उन्होंने कहा कि मुंबई महानगरपालिका, पुलिस, लोक निर्माण विभाग, नगर विकास विभाग और अन्य संबंधित विभागों द्वारा संयुक्त रूप से किए जा रहे नियोजन के चलते हर साल व्यवस्थाओं में सुधार किया जा रहा है. समन्वय समिति और विभिन्न संगठनों की ओर से प्राप्त सुझावों पर ध्यान देकर उनका क्रियान्वयन किया जाएगा.
एकनाथ शिंदे ने यह भी कहा कि अनुयायियों के ठहरने, आराम करने और भोजन की व्यवस्था के लिए बड़े मंडप और जर्मन हैंगर बनाए जाते हैं. इनमें अधिक से अधिक श्रद्धालु ठहर सकें, इसके लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. स्वच्छता, पीने का पानी, भोजन, यातायात, पुलिस बंदोबस्त और रेलवे सेवाओं के नियोजन में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी. मुंबई में प्रवेश के दौरान राजमार्गों पर टोल पहले ही बंद किया जा चुका है. महापरिनिर्वाण दिवस के लिए आने वाले वाहनों को टोल में छूट देने के संबंध में सकारात्मक विचार किया जाएगा.
अनुयायियों की सुविधाओं और सुरक्षा को प्राथमिकता- सुनेत्रा अजित पवार
उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार ने कहा कि देशभर और राज्य के विभिन्न हिस्सों से आने वाले अनुयायियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए. चैत्यभूमि परिसर के साथ ही मुंबई आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं. सभी सरकारी विभाग आपसी समन्वय से काम करें और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सतर्क रहें.
उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह तैयार रहे और नागरिकों की सुविधाओं तथा सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे. डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर महापरिनिर्वाण दिवस समन्वय समिति के महासचिव नागसेन कांबले सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने बैठक में कई सुझाव रखे.
प्रतिनिधियों ने बताया कि इस वर्ष डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर का 70वां महापरिनिर्वाण दिवस है. 5 और 6 दिसंबर को चैत्यभूमि तथा शिवाजी पार्क परिसर में श्रद्धालुओं की संख्या लगभग 15 लाख तक पहुंचने की संभावना है. इसलिए उपलब्ध सुविधाओं में बढ़ोतरी की जानी चाहिए.
शिंदे गुट की नेता शायना एनसी ने बालठाकरे की फाड़ी फोटो? वायरल वीडियो पर दी सफाई


















