भारतीय युवा कांग्रेस ने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को निशाना बनाकर कथित तौर पर AI से बनाए गए आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने के मामले में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और आम आदमी पार्टी (AAP) पर तीखा हमला बोला है.
संगठन ने आरोप लगाया है कि BJP की पुडुचेरी इकाई और AAP की गोवा इकाई के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से ऐसे वीडियो साझा किए गए, जिनका मकसद राहुल गांधी की छवि को नुकसान पहुंचाना है. युवा कांग्रेस ने दोनों दलों से वीडियो तत्काल हटाने, सार्वजनिक माफी मांगने और जिम्मेदार पदाधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है.
छठ के बाद दिल्ली लौटने वालों के लिए DMRC का खास इंतजाम, 5 दिन तक बदला रहेगा मेट्रो का समय
‘किसी नेता के चरित्र हनन के लिए नहीं किया जाना चाहिए एआई का इस्तेमाल’
युवा कांग्रेस का कहना है कि राजनीतिक विरोध के नाम पर AI तकनीक का इस्तेमाल किसी नेता के व्यक्तिगत अपमान और चरित्र हनन के लिए नहीं किया जाना चाहिए. संगठन ने इसे लोकतांत्रिक मर्यादाओं और राजनीतिक नैतिकता से जुड़ा गंभीर मामला बताया है. उसके मुताबिक, राजनीतिक दलों के बीच मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष जैसे संवैधानिक पद की गरिमा का सम्मान बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है.
चिब बोले- राजनीतिक मर्यादा की सीमाएं लांघीं
भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने BJP और AAP पर राजनीतिक मर्यादा की सीमाएं पार करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को निशाना बनाकर इस तरह की AI-जनरेटेड सामग्री तैयार करना और प्रसारित करना दोनों दलों की हताशा और निराशा को जाहिर करता है. चिब के मुताबिक, राहुल गांधी लगातार देश के युवाओं, किसानों, मजदूरों, महिलाओं और वंचित वर्गों से जुड़े मुद्दे उठा रहे हैं. वह सरकार की नीतियों और उसकी विफलताओं पर सवाल करते हुए जवाबदेही की मांग कर रहे हैं.
‘BJP ऐसे राजनीतिक नेतृत्व को बर्दाश्त नहीं कर पा रही’
युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि BJP ऐसे राजनीतिक नेतृत्व को बर्दाश्त नहीं कर पा रही है जो सरकार से सवाल पूछता है. AAP पर हमला बोलते हुए चिब ने उसे BJP की बी-टीम करार दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी जरूरत पड़ने पर सत्तारूढ़ दल के हितों के अनुरूप राजनीतिक सहयोगी की भूमिका निभाती है.
चिब ने कहा कि देश की जनता दोनों दलों के इस कथित राजनीतिक व्यवहार को समझ रही है. उन्होंने कहा कि AI जैसी तकनीक को किसी की छवि खराब करने का हथियार नहीं बनने दिया जाएगा. भारतीय युवा कांग्रेस ऐसे प्रयासों का राजनीतिक, लोकतांत्रिक और उचित कानूनी माध्यमों से विरोध करेगी.
भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा ने इस पूरे मामले को राजनीतिक आलोचना से अलग बताते हुए डिजिटल माध्यमों के जरिए आपत्तिजनक प्रचार फैलाने का प्रयास करार दिया. उन्होंने BJP की पुडुचेरी इकाई और AAP की गोवा इकाई से अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स पर साझा की गई सामग्री की जिम्मेदारी लेने को कहा.
शर्मा ने दोनों दलों को बेरोजगारी, महंगाई, आर्थिक संकट, भ्रष्टाचार और आम लोगों की रोजमर्रा की परेशानियों पर भी इसी तरह वीडियो बनाने की चुनौती दी. उनका सवाल था कि राहुल गांधी के खिलाफ AI-जनरेटेड सामग्री तैयार करने में दिखाई जा रही सक्रियता जनहित के मुद्दों पर क्यों नहीं दिखाई जाती.
उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस और युवा कांग्रेस के संयम को कमजोरी समझने की भूल न की जाए. शर्मा ने आपत्तिजनक वीडियो तत्काल हटाने, सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और जिम्मेदार लोगों की पहचान कर जवाबदेही तय करने की मांग की. उनके मुताबिक, यदि AI तकनीक का इस्तेमाल दुर्भावनापूर्ण और अपमानजनक प्रचार के लिए जारी रहता है, तो भारतीय युवा कांग्रेस अपनी लोकतांत्रिक और कानूनी कार्रवाई को और तेज करेगी.
युवा कांग्रेस की चार प्रमुख मांगें
इस मामले में भारतीय युवा कांग्रेस ने BJP और AAP के सामने चार स्पष्ट मांगें रखी हैं.
1. BJP की पुडुचेरी इकाई और AAP की गोवा इकाई के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स से आपत्तिजनक AI-जनरेटेड वीडियो तत्काल हटाए जाएं.
2. दोनों राजनीतिक दलों के राष्ट्रीय नेतृत्व सार्वजनिक रूप से माफी मांगें.
3. वीडियो तैयार करने और प्रसारित करने के लिए जिम्मेदार पदाधिकारियों तथा सोशल मीडिया टीमों की जवाबदेही तय की जाए.
4. लागू कानूनों और स्थापित सोशल मीडिया नियमों का उल्लंघन करने वाली सामग्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.
भारतीय युवा कांग्रेस ने दोहराया है कि लोकतांत्रिक राजनीति में मुकाबला विचारों, नीतियों, जनहित के सवालों और सरकार की जवाबदेही के आधार पर होना चाहिए. संगठन के मुताबिक, डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किसी नेता की छवि खराब करने या व्यक्तिगत हमले करने के लिए नहीं किया जा सकता. युवा कांग्रेस ने कहा कि राहुल गांधी को AI-जनरेटेड वीडियो, व्यक्तिगत टिप्पणियों या प्रचार के जरिए चुप नहीं कराया जा सकता. संगठन ने यह भी स्पष्ट किया कि ऐसे प्रयासों के खिलाफ उसका विरोध जारी रहेगा.
दिल्ली प्रदूषण से बुजुर्गों को राहत, HC ने विदेश से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग पर गवाही की दी मंजूरीदि्लली


















