फिल्ममेकर इम्तियाज अली इन दिनों अपनी अपकमिंग सीरीज ‘ओ साथी रे’ को लेकर चर्चा में हैं. हाल ही में उन्होंने बॉलीवुड के युवा कलाकारों के साथ काम करने के अपने अनुभव शेयर किए और उनकी जमकर तारीफ की.
उनका मानना है कि आज के युवा कलाकार काम के दौरान अपना ध्यान बेहतर तरीके से लगाते हैं और उनके साथ काम करना कई मायनों में आसान होता है.
इम्तियाज अली ने किया युवा कलाकारों का बचाव
इम्तियाज अली ने हाल ही में हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत के दौरान युवा कलाकारों का बचाव किया. दरअसल, जब उनसे पूछा गया कि क्या युवा कलाकारों और पुराने सितारों के ध्यान लगाने और किसी काम पर फोकस करने के तरीके में अंतर होता है? इस पर उन्होंने कहा कि अगर लोगों का ध्यान पहले के मुकाबले कम हो रहा है, तो ऐसा सिर्फ युवा पीढ़ी के साथ नहीं, बल्कि हर उम्र के लोगों के साथ हो रहा है.
इम्तियाज ने कहा, ‘मुझे लगता है कि आज हर किसी का ध्यान पहले के मुकाबले कम समय तक टिकता है. हालांकि, युवा लोग इसके ज्यादा आदी हैं, क्योंकि उनका जन्म इंटरनेट और उन तमाम डिवाइस के दौर में हुआ है, जिन्हें हम आज अपने साथ लेकर चलते हैं. वे बचपन से ही इसके बीच बड़े हुए हैं. हमने बाद में इन चीजों को अपनाया और धीरे-धीरे हमारा ध्यान भटकने लगा.’
सीनियर सितारों से की तुलना
उन्होंने युवा कलाकारों के बारे में बात करते हुए कहा, ‘युवा कलाकार आज की दुनिया के साथ खुद को ज्यादा अच्छी तरह ढाल लेते हैं. हम अक्सर कहते हैं कि नई पीढ़ी का ध्यान जल्दी भटक जाता है या वे लंबे समय तक किसी एक काम से जुड़े नहीं रहना चाहते. लेकिन मेरा एक्सपीरियंस इससे अलग है. मैंने देखा है कि काम करते समय युवा कलाकार सबसे ज्यादा बिना किसी परेशानी के अपना ध्यान लगाते हैं.’
उन्होंने आगे कहा, ‘जब वे किसी काम को करने का फैसला कर लेते हैं, तो उनका ध्यान किसी और चीज पर नहीं जाता. उन्हें लंबे समय तक किसी काम से जुड़े रहने के लिए कहना भी मुश्किल नहीं है. बल्कि पुराने कलाकारों के मुकाबले उनके साथ ऐसा करना ज्यादा आसान है.’
बता दें, इम्तियाज अली ने हाल ही में अपनी फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ में दो युवा कलाकारों वेदांग रैना और शरवरी के साथ काम किया है. इस फिल्म में उनके साथ दिग्गज एक्टर नसीरुद्दीन शाह और दिलजीत दोसांझ भी नजर आएंगे.
इम्तियाज अली का अपकमिंग प्रोजेक्ट
इम्तियाज की अपकमिंग वेब सीरीज ‘ओ साथी रे’ 4 दिसंबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी.















