उत्तर प्रदेश के बलिया में पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर और कई अन्य प्रमुख हस्तियों के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणी करने का मामला सामने आया है. इस मामले में यहां के रेवती थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस मामले की जाँच कर रही है. पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी.
पुलिस के अनुसार, पूर्व प्रधानमंत्री और देश की अन्य गणमान्य हस्तियों पर सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए अभद्र टिप्पणी की पोस्ट शेयर की गई थी, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही थी. ये मामला सामने आने के बाद रेवती थाने में अमित सिंह और अन्य लोगों की शिकायत पर गायघाट गांव निवासी परमात्मानंद ओझा और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की प्रासंगिक धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.
पूर्व प्रधानमंत्री पर आपत्तिजनक टिप्पणी
पुलिस ने प्राथमिकी का हवाला देते हुए बताया कि आरोपियों ने पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर और कई अन्य प्रमुख हस्तियों के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं. आरोप है कि ये टिप्पणियां उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने, जातिगत आधार पर समाज में विभाजन पैदा करने और सामाजिक माहौल खराब करने के उद्देश्य से की गई थीं.
मामले की जाँच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारी ने कहा कि इस तरह के भड़काऊ पोस्ट और आपत्तिजनक कमेंट करने व भ्रामक सामग्री प्रसारित करने से समाज में माहौल ख़राब हो सकता है और उनके समर्थकों की भावनाएं आहत हो सकती हैं. बैरिया के पुलिस क्षेत्राधिकारी आलोक गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है.
तहरीर देने वालों में गौरव सिंह, अखिलेश पांडेय, अभिनव पांडे, अभिनव सिंह, नीरज ओझा, रविशंकर सिंह और आनंद कुमार सिंह आदि हैं. पुलिस इस मामले की आगे की जाँच में जुट गई हैं. पुलिस का कहना है आरोपियों की तलाश की जा रही है.
धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर भड़के अखिलेश यादव, कहा- ईशनिंदा को माफी नहीं..














