एशिया के कई देशों में भूकंप के झटकों से धरती कांप उठी. शुक्रवार सुबह पाकिस्तान, अफगानिस्तान और चीन में भूकंप दर्ज किए गए, जबकि इससे पहले गुरुवार देर रात तिब्बत में 7 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचाई.
तिब्बत में मची तबाही, 54 घायल
तिब्बत में इस आपदा में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई और 54 लोग घायल हुए हैं. सैकड़ों मकान ढह गए, जबकि राहत और बचाव अभियान जारी है. चीन के अधिकारियों ने प्रभावित इलाकों में बचाव दल तैनात किए हैं. भूकंप के बाद कई झटके भी महसूस किए गए और कुछ क्षेत्रों में सड़क तथा रेल यातायात प्रभावित हुआ है.
पाकिस्तान, अफगानिस्तान और चीन में सुबह भूकंप
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, शुक्रवार सुबह पाकिस्तान में भारतीय समयानुसार सुबह 4:56 बजे 4.9 तीव्रता का भूकंप आया. इसके बाद अफगानिस्तान में सुबह 5:54 बजे 4.1 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया. चीन में सुबह 6:05 बजे 4.4 तीव्रता के झटके महसूस किए गए.
इन तीनों देशों में सुबह आए भूकंपों के बाद लोगों में हलचल रही. हालांकि, इन झटकों से हुए नुकसान या किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है.
तिब्बत में 7 तीव्रता के भूकंप से भारी तबाही
तिब्बत क्षेत्र में गुरुवार देर रात आए 7 तीव्रता के भूकंप से जान-माल का भारी नुकसान हुआ है. सरकारी मीडिया के अनुसार, उत्तरी तिब्बत के नागचू शहर में कम से कम 339 मकान और पशुओं के 20 बाड़े ढह गए.
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, भूकंप स्थानीय समयानुसार रात 10:33 बजे आया. इसका केंद्र तिब्बत के कम आबादी वाले, ऊंचाई वाले क्षेत्र में नागचू से 191 किलोमीटर पूर्व-उत्तर-पूर्व में था. भूकंप का केंद्र जमीन से करीब 18 किलोमीटर नीचे दर्ज किया गया.
चीन के सरकारी प्रसारक CCTV ने इसे पिछले पांच वर्षों में इस क्षेत्र में आया सबसे बड़ा भूकंप बताया है. इसके बाद 4.3 से 5.2 तीव्रता के कम से कम सात और झटके दर्ज किए गए. इन झटकों का केंद्र जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई पर था.
यह भी पढ़िएः 4 घंटे तक भूकंप के तेज झटकों से कांपता रहा तिब्बत, 16 की मौत, 46 घायल, जानें अपडेट
















