शारदीय नवरात्रि उत्सव के अवसर पर राजधानी लखनऊ में समाजवादी पार्टी के दफ़्तर के सामने एक ऐसा पोस्टर लगाया गया है जो चर्चा में आ गया है. सपा दफ्तर के बाहर नवरात्रि पर मां दुर्गा की तस्वीर के साथ बड़ा सा पोस्टर लगाया गया है, जिसमें महिला सशक्तिकरण को लेकर सपा सरकार द्वारा चलाई गई योजनाओं का जिक्र किया गया है. इस पोस्टर को महिला वोटरों को साधने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है.
लखनऊ में सपा दफ़्तर के सामने मां दुर्गा की तस्वीर की साथ महिला सशक्तिकरण को लेकर लगाया गया ये पोस्टर सपा नेता और इंजीनियर हिमांशु द्विवेदी ने लगाया है. जिसमें सपा द्वारा चलाई गई योजनाओं और कार्यों को दर्शाया गया है. इस पोस्टर पर ऊपर की ओर लिखा है- ‘कर्म ही पूजा है’ और ‘शुभ नवरात्रि’.
यूपी में बारिश के बाद बढ़ी ठंडक, अगले 3 दिनों के लिए भी अलर्ट जारी
महिला सशक्तिकरण की योजनाओं का जिक्र
इसके अलावा जिन कामों को गिनाया गया है, उनमें सपा सरकार में महिला सुरक्षा के लिए शुरू की गई 1090 वूमेन पावर लाइन और डायल 100 का जिक्र है. इसके अलावा स्वास्थ्य सेवाओं में 102 एंबुलेंस और मातृ शिशु रेफरल अस्पताल के बारे में भी में बताया गया है. इनके नीचे बेटियों के लिए कन्या विद्याधन और ‘हमारी बेटी, उसका कल’ योजना को गिनाया.
इस पोस्टर में सपा सरकार में महिलाओं के आर्थिक सहयोग के लिए दी जाने वाली समाजवादी पेंशन योजना का नाम भी लिखा है और महिला सम्मान से जुड़े रानी लक्ष्मीबाई अवॉर्ड और SHEROES Hangout का उल्लेख किया गया है. बच्चों और महिलाओं के पोषण के लिए हौसला पोषण मिशन को पोस्टर में जगह दी गई है. मुफ्त लैपटॉप वितरण को भी सपा की उपलब्धियों के तौर पर गिनाया गया.
पोस्टर में सपा का ख़ास संदेश
इस पोस्टर में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और डिम्पल यादव की तस्वीर लगाई है और सपा का संदेश देते हुए सबसे नीचे की ओर लिखा ‘समाजवाद की सोच निराली, हर बेटी बने शक्तिशाली.’ जबकि बाईं ओर सपा नेता हिमांशु द्विवेदी की भी तस्वीर लगी है जो सिद्धार्थनगर से सपा के नेता है.
सपा के इस पोस्टर में जिस तरह महिलाओं को लेकर शुरू की गई योजनाओं के बारे में बताया गया है, उसके बाद इसे यूपी चुनाव से पहले महिला वोटरों को रिझाने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है.
शिवा शर्मा मर्डर: हर साल बदल जाता था नंबर, दोस्त की मदद से नेपाल भागी आरोपी श्रद्धा














