जयपुर ग्रामीण के नरैना थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल भरा रहे एक युवक को ट्रैक्टर से कुचलने के कथित प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है. युवक पेट्रोल पंप पर अपनी बाइक में पेट्रोल भरवा रहा था. इसी दौरान एक ट्रैक्टर उसकी बाइक की तरफ आया और टक्कर मार दी. ट्रैक्टर को अपनी ओर आता देख युवक ने समय रहते साइड में हटकर अपनी जान बचाई. हालांकि उसकी बाइक ट्रैक्टर की चपेट में आ गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.
पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. सीसीटीवी में कैद तस्वीर रोंगटे खड़े कर देने वाली है. सीसीटीवी वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि ट्रैक्टर चालक पहले पेट्रोल भरा रहे युवक को कुचलने की कोशिश करता है. जान बचाने के लिए वह दीवार फांदकर भाग जाता है, तो चालक ट्रैक्टर को पूरे पंप पर घूमता है और बार-बार बाइक को कुचलता हुआ नजर आता है. ऐसा लगता है कि वह बाइक और उसके सवार को पूरी तरह कुचलने की नीयत से ही पंप पर पहुंचा था.
पींगुन रोड स्थित पेट्रोल पंप की घटना
घटना पींगुन रोड स्थित पेट्रोल पंप की है. पींगुन निवासी सुरेश गुर्जर पेट्रोल भरवाने के लिए पेट्रोल पंप पर पहुंचा था. इसी दौरान ट्रैक्टर लेकर वहां पहुंचे शैतान गुर्जर पर बाइक को टक्कर मारने का आरोप है. युवक का आरोप है कि टक्कर के बाद ट्रैक्टर चालक बाइक को कुछ दूर तक घसीटते हुए ले गया.
सिरोही चुनाव: मंदिर में BJP के पार्षदों ने खाई कसम, फिर भी मिले सिर्फ 5 वोट
पीड़ित और आरोपी के बीच पैसों को लेकर चल रहा था विवाद
अचानक ट्रैक्टर को अपनी तरफ बढ़ता देखकर सुरेश घबरा गया और तुरंत वहां से हट गया. इससे वह ट्रैक्टर की चपेट में आने से बच गया. कुछ ही सेकंड में बाइक ट्रैक्टर के नीचे आ गई और क्षतिग्रस्त हो गई. घटना के बाद पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई. अब इसका फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. फुटेज सामने आने के बाद मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है.
पीड़ित सुरेश गुर्जर ने घटना को लेकर नरैना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर CCTV फुटेज को जांच में शामिल किया है. पुलिस के अनुसार घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपी ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है. जानकारी के मुताबिक पीड़ित और आरोपी के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर कुछ विवाद था और इसी विवाद में इस घटना को अंजाम दिया गया. बहरहाल पुलिस का कहना है कि जांच के बाद घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी और उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
राजस्थान निकाय चुनाव परिणाम: अशोक गहलोत बोले- ‘BJP ने बेशर्मी की सारी हदें की पार’
















