जंतर-मंतर के प्रोटेस्ट पर जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर की प्रतिक्रिया आई है. पीके ने बड़ा बयान देते हुए सीधे तौर पर सरकार को घेरा है. शनिवार (10 अक्टूबर, 2026) को मीडिया से बातचीत में प्रशांत किशोर ने कहा कि 40 हजार पैरा मिलिट्री फोर्स को रोड पर उतारना पड़ा, ये अपने आप में दिखाता है कि ये जो प्रदर्शन है जो जनता का प्रोटेस्ट है वह कितना ताकतवर है. सरकार कितनी डरी हुई है.
प्रशांत किशोर ने कहा, “कई लोग यह देख रहे हैं कि प्रदर्शन में कितने लोग पहुंचे, हम लोग ये नहीं देख रहे हैं… सरकार को प्रदर्शन रोकने के लिए 40 हजार पैरा मिलिट्री फोर्स को उतारना पड़ा, यह दिखाता है कि प्रोटेस्ट कितना सक्सेसफुल है.”
बता दें कि कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की ओर से दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट होना था. देशभर से लोग पहुंचने वाले थे लेकिन इसे कामयाब नहीं होने दिया गया. सात हजार से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया था जिन्हें देर रात में दिल्ली पुलिस ने छोड़ा.
‘नीरज कुमार डॉक्टर नहीं’
दूसरी ओर बिहार एमएलसी चुनाव में जेडीयू के प्रत्याशी नीरज कुमार के बुखार छुड़ा देने वाले बयान पर भी पीके ने पलटवार किया. प्रशांत किशोर ने कहा कि नीरज कुमार अब बेरोजगार होने वाले हैं. डॉक्टर तो हो नहीं सकते, खुद को जेडीयू का वफादार बताने वाले नीरज कुमार ने आगे कोई बयान दिया तो पिछले 1-1.5 वर्षों में जेडीयू के खिलाफ किन-किन नेताओं की क्या जानकारी दी और क्या पेपर लीक किया, ये सब जनता के सामने जारी करेंगे.
यह भी पढ़ें- जंतर-मंतर का प्रदर्शन ‘फेल’ हुआ तो कन्हैया कुमार भड़के, ‘एक बात…’
एनडीए की समन्वय बैठक पर भी पीके ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि जैसे बांकीपुर में 480 नेताओं की बैठक से उनकी घबराहट दिखी थी, वैसे ही एमएलसी चुनाव को लेकर भी घबराहट है. एनडीए चाहे विधानमंडल की बैठक बुलाए या विधान परिषद की, बिहार के पढ़े-लिखे शिक्षक-स्नातक मतदाता 7वीं फेल CM के उम्मीदवारों को हराने का मन बना चुके हैं.
गौरतलब हो कि बिहार में 8 सीटों पर विधान परिषद का चुनाव होने वाला है जिसको लेकर प्रशांत किशोर इन दिनों एक्टिव हैं. जन सुराज की ओर से सभी आठ सीटों पर कैंडिडेट उतारे गए हैं. इस बीच प्रशांत किशोर एक्टिव मोड में नजर आ रहे हैं.
यह भी पढ़ें- ‘कॉक्रोच-झींगुर से नहीं डरते’, इस केंद्रीय मंत्री ने कहा- मोदी और शाह शेर














