छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में पर्यटन विभाग द्वारा खरीदी गई बेंच को लेकर एक नया मामला सामने आ रहा है. सोशल मीडिया पर अब छत्तीसगढ़ पर्यटन विभाग से जुड़ा एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है. दावा किया जा रहा है कि विभाग ने एक साधारण बेंच बनवाने के लिए 40,000 रुपए प्रति बेंच की दर से भुगतान किया है.
पूरे प्रदेश में इसी दर से करीब 69 बेंचों का निर्माण कराया गया है. इस मामले को लेकर अब खरीद प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं. हालांकि, मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है.
क्या है वायरल पोस्ट में?
छत्तीसगढ़ पोस्ट नाम के फेसबुक पेज पर शेयर किए गए इस वायररल पोस्ट में एक फोटो अटैच है, जिसमें एक बेंच के साथ एक दस्तावेज का अंश दिखाया गया है. इस दस्तावेज में लिखा है, ‘प्रोविजन फॉर प्रोवाइडिंग ऑफ सिटिंग बेंच एंड फिक्सिंग ऑफ सेंड स्टोन बेंच’, इसके बाद रेट के कॉलम में 40 हजार की रकम लिखी हुई है. इसके बाद इस पोस्ट में दावा किया गया है कि पर्यटन विभाग ने बनवाया बेंच, पर बेंच की कीमत 40 हजार रुपए, पूरे प्रदेश में इसी दर से करीब 69 बेंच का निर्माण कराया गया.
क्या है बेंच की हकीकत?
तस्वीर में दिख रही बेंच एक साधारण सैंड स्टोन की बेंच है, जो किसी पर्यटन स्थल पर रेलिंग के पास लगी हुई है. लोगों का कहना है कि बाजार में ऐसी बेंच इससे काफी कम कीमत में मिल जाती है. हालांकि विभाग की तरफ से अभी इस मामले में कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है.
जांच की मांग
इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर लोग सरकारी खर्च को लेकर सवाल उठा रहे हैं और सरकार से जवाबदेही की मांग कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि आखिर 40 हजार रुपए प्रति बेंच का एस्टीमेट कैसे बना, टेंडर में क्या शर्तें थीं और भुगतान किस आधार पर हुआ. कुछ यूजर्स ने टिप्पणी की है कि ‘यही तो विकसित सरकार की पहचान है.’ हालांकि, कुछ यूजर्स ने कहा कि अगर ये सच्ची खबर है तो इसकी जांच होनी चाहिए और इस पर सख्त कार्यवाही होनी चाहिए, लेकिन अगर खबर गलत है तो फेक न्यूज फैलाने वाले को सख्त सजा मिलनी चाहिए.














