भारत और न्यूजीलैंड की वनडे सीरीज रोमांचक मोड पर है. चार मैचों के बाद टीम इंडिया सीरीज में 2-1 से आगे है. रविवार को आखिरी वनडे मैच खेला जाएगा, जो सीरीज का परिणाम तय करेगा. या तो टीम इंडिया सीरीज 3-1 से जीतेगी या फिर न्यूजीलैंड 2-2 से ड्रॉ करवाने में सफल रहेगा.
चौथा वनडे मुकाबला याद हो तो न्यूजीलैंड ने स्कोरबोर्ड पर 333 रन लगा दिए थे. जवाब में भारतीय टीम महज 89 रनों पर सिमट गई और 244 रनों के विशालकाय अंतर से मैच हार गई. यह वनडे क्रिकेट में टीम इंडिया की रनों के लिहाज से दूसरी सबसे बड़ी हार रही. अब पांचवां मुकाबला भी माउंट माउंगानुई के उसी मैदान पर खेला जाना है.
श्रेयस अय्यर एक बार फिर टीम इंडिया की कप्तानी कर रहे होंगे, क्योंकि शुभमन गिल टेस्ट सीरीज की तैयारी में जुटे हैं. ऋतुराज गायकवाड़ एक बार फिर ओपनिंग करते नजर आ सकते हैं. यहां जान लीजिए भारत और न्यूजीलैंड का पांचवां और आखिरी वनडे मैच लाइव कहां देख सकते हैं.
कब और कहां लाइव देखें मैच?
भारत और न्यूजीलैंड का पांचवां वनडे मैच 15 नवंबर को माउंट माउंगानुई स्थित बे ओवल मैदान पर खेला जाएगा.
मैच भारतीय समयानुसार सुबह 7 बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा.
टीवी दर्शक मैच का लाइव टेलीकास्ट सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं.
मैच का लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव एप पर उपलब्ध होगा.
क्या बारिश देगी दखल?
वनडे सीरीज के पहले तीनों मैचों में बारिश का दखल देखने को मिला था. हालांकि चौथा मैच बिना किसी रुकावट के खेला गया था. पांचवें मैच के लिए माउंट माउंगानुई में आसमान साफ रहने का अनुमान है. न्यूजीलैंड के समय अनुसार यह मैच दोपहर 3 बजे से शुरू होगा. उस समय आसमान में बादल दिख सकते हैं, लेकिन बारिश की कोई संभावना नहीं है.
भारत का स्क्वाड: श्रेयस अय्यर (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, नमन धीर, तिलक वर्मा, अक्षर पटेल, ईशान किशन, कुमार कुशाग्र, आकिब नबी, गुरनूर बराड़, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज, यश ठाकुर, कुलदीप यादव
न्यूजीलैंड का स्क्वाड: मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, विल यंग, माइकल ब्रेसवेल, जोश क्लार्कसन, निक केली, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, टीम सीफर्ट, माइकल हे, क्रिस्टीयन क्लार्क, जैकब डफी, ब्रेट रैंडेल, ब्लेयर टिकनर, मैथ्यू फिशर
यह भी पढ़ें:
कब, कहां और किस दिन खेला जाएगा भारत-न्यूजीलैंड का पांचवां वनडे? सीरीज दांव पर

















