एशियन गेम्स 2026 में भारत को पहला गोल्ड मेडल महिला क्रिकेट टीम ने दिला दिया है. हरमनप्रीत कौर एंड टीम ने फाइनल में श्रीलंका को 147 रनों के बड़े अंतर् से हराया. टॉस जीतकर भारत ने पहले बल्लेबाजी चुनी थी. शेफाली वर्मा (48), स्मृति मंधाना (79) और ऋचा घोष (49) की शानदार पारी की मदद से भारत ने 216 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था. इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने कहर बरपाया और श्रीलंका की पूरी टीम को 69 रनों पर ढेर कर दिया.
217 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की कप्तान चमारी अट्टापट्टू और इमेशा दुलानी ने पारी की शुरुआत की थी, जो पहले विकेट के लिए सिर्फ 18 रन जोड़ पाई. बल्ले से कमाल करने के बाद शेफाली वर्मा ने गेंद से कहर बरपाया, उन्होंने पॉवरप्ले में 2 विकेट लिए. दुलानी (3) और हसीनी परेरा (0) को आउट किया.
पॉवरप्ले खत्म होने के बाद अगले ही ओवर में दीप्ति शर्मा ने श्रीलंका का सबसे बड़ा विकेट चटकाया, उन्होंने चमारी अट्टापट्टू को कैच आउट कराया. अट्टापट्टू ने 21 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 21 रन बनाए. इसके अगले ही ओवर में श्रेयांका पाटिल ने हर्षिता माधवी (0) को चलता किया. हंसिमा करुणारत्ने (1) के रूप में श्रीलंका का पांचवां विकेट 49 के स्कोर पर गिरा. 49 पर ही श्रीलंका ने अपना छठा विकेट कविशा दिलहरी (11) के रूप में गंवाया, जिन्हे दीप्ति शर्मा ने अपना शिकार बनाया.
लगातार दूसरी बार जीता गोल्ड
श्रीलंका की पूरी टीम 69 रनों पर सिमट गई. दीप्ति शर्मा ने भारत के लिए सर्वाधिक 3 विकेट लिए. शेफाली वर्मा, श्रेयांका पाटिल और श्री चरणी ने 2-2 विकेट लिए. भारत ने 147 रनों से इस मैच को जीतकर एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल जीत लिए है. ये एशियन गेम्स में महिला टीम का लगातार दूसरा गोल्ड है.
यह भी पढ़ें- एक ‘हिट’, दूसरा ‘फ्लॉप’; सहवाग और द्रविड़ के बेटों का टीम इंडिया के लिए प्रदर्शन
स्मृति मंधाना की ऐतिहासिक पारी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया को शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई थी. दोनों ने पहले विकेट के लिए 99 रन बनाए, शेफाली अपने अर्धशतक से मात्र 2 रन से चूक गई. उन्होंने 29 गेंदों में 3 छक्के और 3 चौकों की मदद से 48 रन बनाए.
स्मृति मंधाना ने अपना अर्धशतक पूरा किया, वह अपने शतक के करीब बढ़ रही थी लेकिन सुगंदिका ने 79 रनों पर उनकी पारी को समाप्त कर दिया. मंधाना ने 45 गेंदों में खेली 79 रनों की पारी में 7 छक्के और 5 चौके जड़े. इस दौरान उन्होंने अपने 11000 इंटरनेशनल रन पूरे किए, वह इस आंकड़े को छूने वाली दुनिया की पहली महिला क्रिकेटर बन गई हैं. कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 17 गेंदों में 19 रन बनाए.
यह भी पढ़ें- 13 साल की एथलीट ने रचा इतिहास, दूसरा गोल्ड जीतकर बना दिया महारिकॉर्ड
ऋचा की तूफानी पारी से 200 पार पहुंचा था भारत
स्मृति मंधाना जब आउट हुई थी तब भारत का स्कोर 16.5 ओवरों में 163 रन था. मुश्किल लग रहा था कि भारत 200 का आंकड़ा छू पाएगा, लेकिन ऋचा घोष की तूफानी पारी से भारत ने 216 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया. सिर्फ अंतिम ओवर में ही 25 रन बन गए, जिसमें ऋचा ने 2 छक्के लगाए. ऋचा ने 22 गेंदों में 3 छक्के और 6 चौकों की मदद से नाबाद 49 रन बनाए.


















