यूपी के महोबा में सरकारी बीज की कालाबाजारी का मामला सामने आया है. चरखारी से भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत ने राजकीय कृषि बीज भंडार पर प्रभारी सोनू यादव को किसानों के लिए आए चने के बीज की सौ बोरियां पिकअप में लादकर ले जाते रंगे हाथों पकड़ लिया. विधायक का गुस्सा इस कदर फूटा कि उन्होंने आरोपी प्रभारी को थप्पड़ तक जड़ दिए और उसे अखिलेश यादव से मिला हुआ बताया. इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है.
बीजेपी विधायक बृजभूषण राजपूत का ये वीडिया उस वक्त का बताया जा रहा है जब उन्होंने सरकारी योजनाओं में सेंधमारी करने वाले एक जिम्मेदार अधिकारी को रंगे हाथों धर दबोच लिया. जानकारी के मुताबिक चरखारी के राजकीय कृषि बीज भंडार में किसानों के बीच बांटने के लिए सरकार की ओर से निशुल्क चने का बीज भेजा गया था.
बीजेपी विधायक ने गोदाम प्रभारी को मारे थप्पड़
आरोप है कि बुधवार रात के अंधेरे में बीज गोदाम प्रभारी सोनू यादव अपने साथियों के साथ मिलकर इस बेशकीमती सरकारी बीज को चुपचाप पिकअप वाहन में लोड कर कालाबाजारी के लिए ले जा रहा था. शिकायत मिलने पर बृजभूषण राजपूत अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए. जब उन्होंने गोदाम प्रभारी से जब्ती और कागजात को लेकर पूछताछ की तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और गुमराह करने की कोशिश करने लगा.
MLC चुनाव: रवि किशन ने साधा विपक्ष पर निशाना, कहा- ‘इनका शिक्षा से कोई…’
प्रभारी की हरकतों से विधायक का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उन्होंने गोदाम प्रभारी को खरी-खोटी सुनाते हुए कहा कि तुम अखिलेश यादव से मिले हुए हो और उसे दो थप्पड़ जड़ दिए. इस दौरान वो उस पर जमकर भड़ास निकालते दिखाई दिए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
कालाबाजारी को लेकर दी सख्त चेतावनी
बृजभूषण राजपूत ने साफ चेतावनी देते हुए कहा कि किसानों के हक पर डाका डालने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें जेल की हवा खिलाई जाएगी और जरूरत पड़ेगी तो इनका लठ पूजन किया जाएगा.
इस घटना की जानकारी मिलते ही उपकृषि निदेशक के निर्देश पर प्रभारी जिला कृषि अधिकारी बीसी विश्वकर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. जांच के दौरान पिकअप वाहन से चने के बीज के करीब सौ बोरी बीज बरामद किए गए, जिनकी कीमत चार से पांच लाख रुपये आंकी गई है.
फिलहाल, प्रभारी जिला कृषि अधिकारी ने चरखारी कोतवाली में बीज गोदाम प्रभारी सोनू यादव और उसके दो सहयोगियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी. पुलिस ने वाहन समेत पूरा सरकारी बीज अपने कब्जे में ले लिया है. प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के भ्रष्ट कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है.
यूपी में सुबह-शाम सर्दी का एहसास, दिन में धूप, जानें- आज कैसा रहेगा मौसम














