क्रिकेट में जब भी बड़े रन बनाने वाले बल्लेबाजों की बात होती है, तो अक्सर उनके छक्कों और चौकों का जिक्र होता है. आज के दौर में बल्लेबाज मैदान के हर कोने में बड़े शॉट लगाते नजर आते हैं, लेकिन वनडे क्रिकेट के इतिहास में कुछ ऐसे खिलाड़ी भी रहे हैं, जिन्होंने एक भी छक्का लगाए बिना हजारों रन बना दिए. इस सूची में भारत के पूर्व ऑलराउंडर मनोज प्रभाकर पहले नंबर पर हैं. उनके अलावा जिम्बाब्वे और इंग्लैंड के 2 बल्लेबाज भी इस खास रिकॉर्ड का हिस्सा हैं.
इस में सबसे ऊपर भारत के पूर्व क्रिकेटर मनोज प्रभाकर का नाम है. उन्होंने अपने वनडे करियर में 130 मैच खेले और 98 पारियों में 1,858 रन बनाए. हैरानी की बात ये है कि उनके वनडे करियर में एक भी छक्का दर्ज नहीं है. प्रभाकर अपनी अच्छी बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी के लिए भी जाने जाते थे. उन्होंने वनडे में 2 शतक और 11 अर्धशतक लगाए. वो भारतीय टीम के लिए एक ऑलराउंडर के तौर पर अहम भूमिका निभाते थे.
डियोन इब्राहिम के नाम 1,443 रन
जिम्बाब्वे के पूर्व बल्लेबाज डियोन इब्राहिम इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं. उन्होंने 82 वनडे मैचों में 1,443 रन बनाए, लेकिन अपने पूरे वनडे करियर में एक भी छक्का नहीं लगाया. इब्राहिम का वनडे में सबसे ज्यादा स्कोर 121 रन रहा. उनकी बल्लेबाजी में बड़े शॉट लगाने के बजाय पारी को संभालकर आगे बढ़ाने पर जोर दिखाई देता था. उन्होंने रन बनाने के लिए चौकों और दौड़कर रन लेने का सहारा लिया.
ज्योफ्री बॉयकॉट ने बनाए 1,082 रन
इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज ज्योफ्री बॉयकॉट इस सूची में तीसरे नंबर पर हैं. उन्होंने अपने वनडे करियर में 36 मैच खेले और 1,082 रन बनाए. उनके नाम भी वनडे में एक भी छक्का नहीं है. बॉयकॉट अपनी मजबूत तकनीक और संभलकर बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाते थे. वो गेंद को समझकर खेलते और खराब गेंदों पर रन बनाने का प्रयास करते थे.
बिना छक्के के भी बनाए हजारों रन
इन तीनों बल्लेबाजों के आंकड़े बताते हैं कि वनडे क्रिकेट में रन बनाने के लिए सिर्फ छक्कों पर निर्भर रहना जरूरी नहीं है. मनोज प्रभाकर का इस सूची में पहले स्थान पर होना भारतीय क्रिकेट के लिहाज से भी खास है.
यह भी पढ़ें:
‘इस टीम में कप्तानी मिल सकती है’, हार्दिक पांड्या को लेकर रविचंद्रन अश्विन का बयान वायरल

















