सऊदी अरब की राजधानी रियाद में हूती विद्रोहियों ने बड़ा हमला किया है. रियाद में फाइनेंशियल सेंटर के एक टावर पर हूतियों के हमले में 11 लोग घायल हो गए. सऊदी सिविल डिफेंस ने बताया कि घायलों में दो भारतीय नागरिक भी शामिल हैं. सऊदी सिविल डिफेंस के जनरल डायरेक्टोरेट ने ‘X’ पर एक बयान में कहा कि घायलों में दो सऊदी , तीन नेपाली और चार मिस्र के नागरिक भी शामिल हैं.
सऊदी अरब के नागरिक सुरक्षा विभाग ने बताया कि रियाद के ‘किंग अब्दुल्ला फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट’ में स्थित एक टावर पर हूती विद्रोहियों ने हमला किया, जिसे उन्होंने “आतंकवादी हमला” बताया है. सऊदी सिविल डिफेंस ने कहा, “सिविल डिफेंस को एक घटना की सूचना मिली, जिसमें रियाद शहर के फाइनेंशियल सेंटर के एक टावर को हूती आतंकवादी गुट ने निशाना बनाया. इस हमले में 11 लोग घायल हुए हैं. इनमें दो सऊदी नागरिक, दो भारतीय नागरिक, तीन नेपाली नागरिक और चार मिस्र के नागरिक शामिल हैं.”
घटना के तुरंत बाद जरूरी कार्रवाई
उन्होंने आगे बताया कि घटना के तुरंत बाद संबंधित अधिकारियों ने कार्रवाई की और लोगों की जान-माल की सुरक्षा के लिए आपातकालीन कदम उठाए. “अधिकारियों ने घटना के तुरंत बाद कार्रवाई की, ऐसे मामलों से निपटने के लिए तय सभी प्रक्रियाओं और उपायों को लागू किया, और लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाए.”
लगातार हो रहे हूतियों की ओर से हमले
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब सऊदी अरब और यमन के हूती विद्रोहियों के बीच तनाव काफी बढ़ गया है. इससे पहले यमन के अल-हुदैदाह प्रांत में सऊदी के नेतृत्व वाले गठबंधन द्वारा हवाई हमले करने के आरोप लगे थे.
सोमवार को टेलीग्राम पर जारी एक बयान में, यमन के संचार और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने आरोप लगाया कि सऊदी के नेतृत्व वाले गठबंधन के विमानों ने अल-हुदैदाह प्रांत में दूरसंचार इमारतों, कर्मचारियों के आवास और एक मस्जिद पर हवाई हमले किए हैं. हूती-नियंत्रित मंत्रालय ने बताया कि इन हमलों में शुरुआती आंकड़ों के अनुसार 17 कर्मचारी मारे गए और 11 अन्य घायल हो गए, साथ ही दूरसंचार बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है.















