नेपाल के कोशी प्रांत में मंगलवार सुबह 5.3 तीव्रता का भूकंप आया. यूरोपीय भूमध्यसागरीय भूकंप विज्ञान केंद्र (EMSC) के मुताबिक, भूकंप का केंद्र नेपाल के लेलेप क्षेत्र में था और इसकी गहराई 10 किलोमीटर दर्ज की गई. वहीं, भारत के राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) ने इसकी तीव्रता 5.3 और गहराई 20 किलोमीटर बताई है.
NCS के अनुसार, भूकंप का केंद्र सिक्किम के युकसोम से 61 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम दिशा में था. इसके झटके भारत, भूटान और चीन तक महसूस किए गए.
सुबह 7:02 बजे आया भूकंप
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार सुबह 7.02 बजे 5.3 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया. इसका अक्षांश 27.855 और देशांतर 87.909 रहा. भूकंप का केंद्र नेपाल में था.
अलग-अलग इलाकों में भी आया भूकंप
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने मंगलवार सुबह नेपाल के अलावा भारत और आसपास के क्षेत्रों में आए पांच अन्य भूकंपों का भी रिकॉर्ड जारी किया है. सभी घटनाओं को केंद्र ने जांच के बाद दर्ज किया.
इनमें सुबह 5.22 बजे सिक्किम के मंगन में 2.8 तीव्रता का भूकंप आया. इसका केंद्र लाचुंग से 51 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में और गहराई 21 किलोमीटर थी.
महाराष्ट्र और असम में भी आया हल्का भूकंप
सुबह 4.10 बजे महाराष्ट्र के पालघर में 2.5 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया. इसका केंद्र नासिक से 85 किलोमीटर पश्चिम में था और गहराई पांच किलोमीटर रही. सुबह 3.39 बजे असम के कार्बी आंगलोंग में 2.5 तीव्रता का भूकंप आया. इसका केंद्र नागालैंड के चुमुकेदिमा से 40 किलोमीटर पश्चिम में था और गहराई 15 किलोमीटर थी.
तिब्बत-बांग्लादेश में भी कांपी धरती
सुबह 3.19 बजे तिब्बत में 2.8 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया. इसका केंद्र अरुणाचल प्रदेश के पांगिन से 149 किलोमीटर उत्तर में था. इसकी गहराई पांच किलोमीटर रही. इसके अलावा सोमवार देर रात 2.24 बजे बांग्लादेश में 2.8 तीव्रता का भूकंप आया. इसका केंद्र त्रिपुरा की राजधानी अगरतला से 41 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में और गहराई नौ किलोमीटर दर्ज की गई.
नेपाल में आ चुके हैं कई विनाशकारी भूकंप
गौरतलब है कि नेपाल में पहले भी कई विनाशकारी भूकंप आ चुके हैं. 15 जनवरी 1934 को 8.0 तीव्रता के भूकंप ने नेपाल और भारत के बिहार राज्य में भारी तबाही मचाई थी. इसमें करीब 10,600 लोगों की जान गई थी. 20 अगस्त 1988 को 6.6 तीव्रता के भूकंप में नेपाल और बिहार में करीब 1,000 लोगों की मौत हुई थी.
इसके बाद 25 अप्रैल 2015 को 7.8 तीव्रता का भूकंप आया, जिसमें करीब 9,000 लोगों की जान गई और लाखों इमारतें क्षतिग्रस्त हुईं. 12 मई 2015 को 7.3 तीव्रता का आफ्टरशॉक भी आया था. इसके अलावा भी नेपाल में हल्के और मध्यम तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस होते रहते हैं.
यह भी पढ़िएः 11 दिन में कैसे जेन्सेन हुआंग ने की Nvidia के CEO के पद पर वापसी, इनसाइड स्टोरी














