अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 19 नवंबर 2026 को चीन के शेनझेन शहर में एक साथ बैठने वाले हैं. तीनों दुनिया की सबसे बड़ी सैन्य और आर्थिक शक्तियों के नेता हैं. इतिहास में पहली बार ये तीनों एक ही मंच पर और एक ही मेज पर बैठ रहे हैं. यह मुलाकात एशिया पेसिफिक इकोनॉमिक कोऑपरेशन (APEC) समिट के इतर हो रही है. कुछ लोग इसे ‘याल्टा 2.0’ कह रहे हैं, तो कुछ इसे सिर्फ एक ‘शानदार फोटो ऑप’ बता रहे हैं.
लेकिन सच को समझने के लिए पहले यह जानना जरूरी है कि मुलाकात इतनी अहम क्यों है…
‘याल्टा 2.0’ का मतलब क्या है?
1945 में द्वितीय विश्व युद्ध के आखिर में अमेरिका, ब्रिटेन और सोवियत संघ के नेताओं ने याल्टा में बैठकर युद्ध के बाद की दुनिया का नक्शा तय किया था. उस बैठक में यूरोप के भविष्य का फैसला उन देशों के बिना लिया गया था, जिनका भविष्य तय हो रहा था. अब जब ट्रंप, शी और पुतिन बैठ रहे हैं, तो यूरोप और दूसरे देशों को डर है कि कहीं यही न हो कि तीन बड़ी ताकतें मिलकर दुनिया को अपने-अपने ‘प्रभाव क्षेत्रों’ में बांटने की कोशिश कर दें.
यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने चेतावनी दी है कि यूक्रेन ‘याल्टा 2, 3, 4’ नहीं चाहता और उनका साफ रुख है- ‘यूक्रेन के बारे में, यूक्रेन के बिना कोई फैसला नहीं.’ जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने इसे ‘पूरी तरह नामंजूर’ बताया है कि तीसरे देश यूक्रेन की किस्मत तय करें. साउथ कोरिया को भी डर है कि कहीं यह बैठक नॉर्थ कोरिया को परमाणु शक्ति के रूप में मान्यता देने जैसा कुछ न कर दे.
तो इस बैठक में क्या-क्या बात होगी?
इस बैठक का कोई तय एजेंडा नहीं है, लेकिन जो मुद्दे उभर रहे हैं, वे बेहद अहम हैं:
1. परमाणु हथियारों पर कंट्रोल
अमेरिका और रूस के बीच आखिरी परमाणु हथियार संधि New START पिछले साल फरवरी में खत्म हो गई थी. रूस ने इसे बढ़ाने की पेशकश की थी, लेकिन अमेरिका ने मना कर दिया. ट्रंप चाहते हैं कि कोई भी नया परमाणु समझौता हो, तो उसमें चीन भी शामिल हो, क्योंकि चीन तेजी से अपने परमाणु शस्तागार का विस्तार कर रहा है.
हालांकि, शी ऐसे किसी समझौते में शामिल होने को तैयार नहीं दिखते, क्योंकि चीन की सैन्य रणनीति ही पूर्वी एशिया और पश्चिमी प्रशांत क्षेत्र में अपना दबदबा बनाने पर टिकी है. पुतिन नए समझौते के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस बैठक में कोई बड़ा परमाणु समझौता होने की संभावना बहुत कम है.
2. यूक्रेन युद्ध पर बातचीत
व्हाइट हाउस का कहना है कि यूक्रेन के मुद्दे पर चर्चा नहीं होगी, लेकिन पुतिन के लिए यह मुद्दा उठाना स्वाभाविक है. पुतिन की रणनीति है कि कीव और यूरोप को बाहर रखकर यूक्रेन पर समझौता किया जाए.
अगर ऐसा होता है, तो यह यूरोप के लिए ‘याल्टा 2.0’ जैसा ही होगा. पुतिन की मांग साफ है कि यूक्रेन की सेना को उन चार पूर्वी क्षेत्रों से पूरी तरह हटना होगा जिन पर रूस का कब्जा है. यूक्रेन को नाटो में शामिल होने का ख्याल छोड़ना होगा.
3. ईरान से चल रही अमेरिकी जंग
ट्रंप ने खुद कहा है कि ईरान पर भी बात होगी. 11 नवंबर 2026 को CNN से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि अगर बातचीत में सुधार आता है तो सेना को फिर से हमला करने की जरूरत बहुत कम है. आगे की कार्रवाई की संभावना उन्होंने पूरी तरह खारिज नहीं की. ट्रंप ने यह भी माना कि वे (ईरान) समझौता बहुत चाहते हैं.
इसके अलावा व्यापार और अर्थशास्त्र भी एजेंडे में शामिल हैं. ट्रंप चीन के साथ व्यापार युद्धविराम को जनवरी 2027 के बाद भी जारी रखने की कोशिश कर सकते हैं.
तीनों नेताओं का असली मकसद क्या है?
विदेश मामलों के जानकार और JNU के रिटायर्ड प्रोफेसर डॉ. ए.के. पाशा के मुताबिक,
- ट्रंप के लिए: वाशिंगटन में चर्चा है कि ट्रंप यह यात्रा और यह बैठक इसलिए कर रहे हैं ताकि अमेरिकी मिडटर्म चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी की करारी हार से ध्यान हटाया जा सके. यह उनके लिए दुनिया को और अपने समर्थकों को यह दिखाने का मौका है कि वे अब भी अमेरिका के राष्ट्रपति हैं और दुनिया के सबसे ताकतवर नेताओं के साथ बैठ सकते हैं.
- शी जिनपिंग के लिए: चीन के लिए यह बैठक अपनी बढ़ती ताकत का प्रदर्शन करने का मंच है. APEC समिट की मेजबानी करके और दुनिया की दो सबसे बड़ी ताकतों को अपनी धरती पर बुलाकर शी बताना चाहते हैं कि चीन अब वैश्विक मामलों में एक ‘अहम खिलाड़ी’ है. चीन ने कहा है कि तीनों नेता ‘विश्व शांति और रणनीतिक स्थिरता’ पर गहन विचार-विमर्श करेंगे.
- पुतिन के लिए: क्रेमलिन ने कहा है कि इस बैठक का ‘महत्व और प्रतीकात्मकता’ बहुत बड़ा है. पुतिन के लिए यह एक ऐसा मंच है जहां वे यूक्रेन पर बिना कीव और यूरोप के समझौता करने की कोशिश कर सकते हैं. वे खुद को एक वैश्विक शक्ति के नेता के रूप में पेश कर सकते हैं.
तो इस बैठक की बड़ी तस्वीर क्या है?
यह बैठक ऐतिहासिक इसलिए है क्योंकि ऐसा पहले कभी नहीं हुआ. लेकिन सवाल यह है कि क्या इससे कोई ठोस नतीजा निकलेगा? ज्यादातर एक्सपर्ट्स का मानना है कि बड़े समझौतों की उम्मीद कम है. चीन यूक्रेन वार्ता में सक्रिय भूमिका निभाने से हिचक रहा है. तीनों देशों के हित इतने अलग-अलग हैं कि एक साथ कोई बड़ा फैसला मुश्किल है.
ए.के. पाशा कहते हैं, ‘सिर्फ इसलिए कि कोई समझौता नहीं हो रहा, इसका मतलब यह नहीं कि यह बैठक मायने नहीं रखती. जिस तरह से दुनिया अब तीन ध्रुवों के इर्द-गिर्द घूम रही है, यह बैठक उसी नई वास्तविकता का प्रतीक है. यूरोप और दूसरे देशों की चिंता यही है कि कहीं ये तीनों मिलकर उनके बारे में फैसले न लेने लगें.’
यह बैठक ‘याल्टा 2.0’ साबित होगी या सिर्फ एक बड़ी फोटो, यह तो 19 नवंबर 2026 के बाद ही पता चलेगा. इतना तय है कि दुनिया की नजरें शेनझेन पर टिकी हैं.














