राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के विलय की चर्चाओं के बीच पार्टी के वरिष्ठ नेता और मंत्री छगन भुजबल ने बड़ा खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि इससे पहले भी दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टियों के विलय को लेकर चर्चा हुई थी.
छगन भुजबल ने दावा किया कि अजित पवार और जयंत पाटिल के बीच विलय को लेकर उनकी मौजूदगी में बातचीत हुई थी. उस समय मैंने दोनों से कहा था कि अजित पवार अच्छा नेतृत्व कर रहे हैं, इसलिए आप सभी को एक साथ आना चाहिए. इस मुद्दे पर करीब 40 से 45 मिनट तक चर्चा हुई थी.
दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टियों के विलय को लेकर फिलहाल राजनीतिक हलचल तेज है. पार्टी के वरिष्ठ नेता भी इस पर लगातार अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस की प्रमुख सुनेत्रा पवार ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि सही समय आने पर सही फैसला लिया जाएगा. अब मंत्री छगन भुजबल ने भी इस मामले में बड़ा दावा किया है.
मेरी सर्जरी हुई थी, तब जयंत पाटिल मिलने आए थे- छगन भुजबल
छगन भुजबल ने बताया, “मेरी सर्जरी हुई थी. जब मैं बीमार था, तब जयंत पाटिल मुझसे मिलने आए थे. इसके बाद पांच मिनट के भीतर ही जयंत पाटिल भी वहां पहुंच गए थे. उस समय मैंने उनसे कहा था कि हम सभी को एक साथ आना चाहिए. करीब 40 से 45 मिनट तक हमारी चर्चा हुई थी.
लेकिन जयंत पाटिल ने कहा था कि आप NDA के साथ सत्ता में हैं, ऐसे में क्या आपके सहयोगी दल को यह मंजूर होगा? तब मैंने उनसे कहा था कि पार्टी के अध्यक्ष अजित पवार हैं, वे इस बारे में देखेंगे. संस्थापक अध्यक्ष शरद पवार हैं, इस मुद्दे पर चर्चा हो सकती है. हालांकि, इसके बाद आगे कुछ नहीं हुआ. अजित पवार अब नहीं हैं, लेकिन जयंत पाटिल हैं.”
विलय पर सामूहिक रूप से चर्चा होनी चाहिए- छगन भुजबल
विलय की चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए छगन भुजबल ने कहा, “विलय को लेकर जो चर्चा हो रही है, वह सच है. मीडिया में भी इसे दिखाया जा रहा है. फिलहाल मर्जर-मर्जर का खेल चल रहा है. दोनों पक्षों की ओर से सामूहिक रूप से बातचीत होनी चाहिए. हमारी तरफ से कोई एक व्यक्ति जाता है और चर्चा करता है.
यह क्रिकेट का खेल नहीं है. सभी लोगों को एक साथ बैठकर चर्चा करनी चाहिए. अलग-अलग और टुकड़ों में बातचीत नहीं होनी चाहिए. हम तो सिर्फ टीवी पर देखते हैं और फिर उससे जो मतलब निकाला जाता है, उसे सुनते हैं.”
सुनेत्रा ताई हमें विश्वास में लेकर फैसला करेंगी- छगन भुजबल
छगन भुजबल ने कहा, “मैं भी शरद पवार साहब से मिलने गया था. उनकी तबीयत का हालचाल जानने जाना कोई गलत बात नहीं है. मेरी जिंदगी में दो नेता ऐसे रहे हैं, जिनसे मुझे मार्गदर्शन मिला. एक बालासाहेब ठाकरे, जो अब हमारे बीच नहीं हैं और दूसरे शरद पवार, जो अब दूसरी पार्टी में हैं. बाकी सभी हमारे सहयोगी और राजनीतिक साथी हैं.
सभी NDA में आएंगे या INDIA गठबंधन में जाएंगे, इस बारे में अभी कुछ स्पष्ट नहीं है. सुनेत्रा ताई ने कहा है कि सही समय आने पर सही फैसला लिया जाएगा. वह हमें विश्वास में लेकर ही फैसला करेंगी.”
पवार और ठाकरे परिवार के एक साथ आने से खुशी होगी
छगन भुजबल ने आगे कहा, “मेरी जिंदगी में मुझे दो मार्गदर्शक मिले, बालासाहेब ठाकरे और शरद पवार साहब. शरद पवार साहब के साथ हमारे आज भी अच्छे संबंध हैं. राजनीति में कोई दुश्मन भी हो, तो उसके साथ व्यक्तिगत संबंध बनाए रखने चाहिए. दिवाली के मौके पर मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं.
शरद पवार साहब राज्य के वरिष्ठ और सबसे परिपक्व नेताओं में से एक हैं. अगर कोई एक साथ आता है तो मुझे खुशी होगी. ठाकरे परिवार के लोग एक साथ आए तो सभी को खुशी हुई. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को बड़ा बनाने में शरद पवार और छगन भुजबल का योगदान रहा है. बाकी लोग बाद में आए और कुछ लोगों ने चुनाव में वोट हासिल किए. अगर दोनों गुटों का एकीकरण होता है और पुराने अनुभवी नेता एक साथ आते हैं, तो मुझे निश्चित रूप से खुशी होगी.”














