अंडर-19 एशिया कप 2026 में भारत खिताब से एक कदम दूर है, आज हुए सेमीफाइनल में टीम इंडिया ने अफगानिस्तान को 8 विकेट से हराया. लक्ष्य का पीछा करते हुए वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने कप्तान के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की. आर्यवीर अभी तक इस संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं.
अंडर-19 एशिया कप सेमीफाइनल की बात करें तो अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी थी. भारतीय गेंदबाजों ने अफगानिस्तान को 227 रनों पर रोक दिया. लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत के कप्तान लक्ष्या रैचंदानी और आर्यवीर सहवाग ने पहले विकेट के लिए 117 रनों की साझेदारी की. सहवाग ने 57 गेंदों में 51 रन बनाए, इस पारी में उन्होंने 4 छक्के और इतने ही चौके लगाए.
U19 एशिया कप 2026 में आर्यवीर के आंकड़े
आर्यवीर सहवाग अंडर-19 एशिया कप 2026 में अभी सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. वह 4 पारियों में 303 रन बना चुके हैं. उनका एवरेज 101 और स्ट्राइक रेट 95.58 की है. वह इन पारियों में कुल 16 छक्के और 29 चौके लगा चुके हैं. उनके आलावा सिर्फ 2 ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने इस संस्करण 10 या इससे ज्यादा छक्के लगाए हैं.
जारी संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में आर्यवीर सहवाग के बाद पाकिस्तान के उस्मान खान हैं. वह 4 पारियों में 238 रन बना चुके हैं, इस दौरान उन्होंने 31 चौके और 3 छक्के लगाए हैं.
पाकिस्तान से बदला लेने का मौका
अंडर-19 एशिया कप 2026 के ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान ने भारत को हराया था. इस संस्करण का सिर्फ यही मैच था, जिसमें आर्यवीर के बल्ले से 50 से कम रन बने. इस मैच में उन्होंने 22 रन बनाए थे, भारतीय टीम 208 रनों पर सिमट गई थी. जवाब में पाकिस्तान ने 11 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर 3 विकेट से जीत दर्ज की थी.
अब भारत और उनके पास पाकिस्तान से बदला लेने का अच्छा मौका है, क्योंकि अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में भारत की भिड़ंत पाकिस्तान से ही है. पाकिस्तान ने सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 9 विकेट से हराया. फाइनल शनिवार, 14 नवंबर को है. भारतीय समयनुसार मैच सुबह 10:30 बजे से शुरू होगा.
यह भी पढ़ें- MI से ज्यादा PBKS को फायदा… हार्दिक-अर्शदीप की ट्रेड पर मोहम्मद कैफ का बड़ा बयान


















