अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आज चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मेजबानी करेंगे. शी जिनपिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन के स्वागत के लिए व्हाइट हाउस में कई आधिकारिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय और विस्तारित बैठक के अलावा सैन्य समीक्षा, संबोधन और स्टेट डिनर भी होगा. व्हाइट हाउस के तय कार्यक्रम के मुताबिक, ट्रंप और शी जिनपिंग की मुलाकात से जुड़े कार्यक्रम भारतीय समय के अनुसार शाम से शुरू होकर अगले दिन सुबह तक चलेंगे.
शाम से शुरू होगा स्वागत कार्यक्रम
भारतीय समय के अनुसार शाम 5:30 बजे ट्रंप व्हाइट हाउस में अपने ‘एग्जीक्यूटिव टाइम’ में शामिल होंगे. यह कार्यक्रम मीडिया के लिए बंद रहेगा. इसके बाद शाम 7:30 बजे ट्रंप और प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप व्हाइट हाउस के साउथ पोर्टिको में शी जिनपिंग और पेंग लियुआन का स्वागत करेंगे. इसके 10 मिनट बाद शाम 7:40 बजे ग्रैंड फोयर में आधिकारिक आगमन समारोह आयोजित किया जाएगा.
शाम 7:45 बजे ट्रंप और शी जिनपिंग ग्रैंड फोयर में संबोधन देंगे. इसके बाद रात 8 बजे दोनों दंपती उपहारों का आदान-प्रदान करेंगे. यह कार्यक्रम मीडिया के लिए बंद रहेगा. रात 8:10 बजे साउथ पोर्टिको में ट्रंप और मेलानिया ट्रंप, शी जिनपिंग और पेंग लियुआन के साथ साइलेंट ड्रिल प्लाटून का प्रदर्शन देखेंगे.
सैन्य समीक्षा के बाद होगी द्विपक्षीय बातचीत
रात 8:30 बजे ट्रंप और शी जिनपिंग रोज गार्डन में सैन्य समीक्षा में शामिल होंगे. इसके बाद रात 9 बजे ओवल ऑफिस में दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बैठक होगी. यह बैठक मीडिया के लिए बंद रहेगी. रात 9:30 बजे कैबिनेट रूम में दोनों नेताओं के बीच विस्तारित द्विपक्षीय बैठक होगी.
इसी दौरान रात 9 बजे मेलानिया ट्रंप और पेंग लियुआन स्मिथसोनियन नेशनल म्यूजियम ऑफ एशियन आर्ट का सांस्कृतिक दौरा करेंगी.
ट्रंप की इंटेलिजेंस ब्रीफिंग और पॉलिसी मीटिंग
रात 11:30 बजे ट्रंप व्हाइट हाउस में अपनी इंटेलिजेंस ब्रीफिंग लेंगे. इसके बाद भारतीय समय के अनुसार 25 सितंबर की रात 1 बजे वह ओवल ऑफिस में एक पॉलिसी मीटिंग में शामिल होंगे. यह कार्यक्रम भी मीडिया के लिए बंद रहेगा.
25 सितंबर की सुबह स्टेट डिनर
शी जिनपिंग के सम्मान में कार्यक्रमों का सिलसिला 25 सितंबर की सुबह भी जारी रहेगा. भारतीय समय के अनुसार सुबह 4:15 बजे ट्रंप और मेलानिया ट्रंप व्हाइट हाउस के नॉर्थ पोर्टिको में शी जिनपिंग और पेंग लियुआन का स्वागत करेंगे. सुबह 5:25 बजे ट्रंप और शी जिनपिंग ईस्ट रूम में संबोधन देंगे. इसके बाद सुबह 5:40 बजे ट्रंप और मेलानिया ट्रंप शी जिनपिंग और पेंग लियुआन के साथ स्टेट डिनर में शामिल होंगे. यह डिनर ईस्ट रूम में आयोजित किया जाएगा.
व्हाइट हाउस के कार्यक्रम के मुताबिक, इसके बाद शुक्रवार सुबह ट्रंप और मेलानिया ट्रंप, शी जिनपिंग और पेंग लियुआन के साथ चाय के कार्यक्रम में भी शामिल होंगे. इसके बाद दोनों दंपती नेशनल आर्काइव्स का दौरा करेंगे, जहां ऐतिहासिक दस्तावेज देखे जाएंगे. इस तरह शी जिनपिंग की व्हाइट हाउस यात्रा के दौरान औपचारिक स्वागत से लेकर दोनों नेताओं की बातचीत और स्टेट डिनर तक कई अहम कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
यह भी पढ़िएः भारत की ओर बढ़ा चक्रवाती तूफान, इन राज्यों में अलर्ट, कब होगा लैंडफॉल?
















