IPL टीम मालिकों पर बड़ा संकट मंडराता दिख रहा है. ऑक्शन की तारीख पास आ रही है और 17 नवंबर तक सबको अपनी-अपनी रिटेंशन लिस्ट जारी करनी है. मगर अगले साल का मेगा ऑक्शन अभी से चर्चा में है. कुछ टॉप खिलाड़ियों की मांग है कि उन्हें रिटेन करने के लिए 40 करोड़ रुपये दिए जाएं, वरना वे अगले साल मेगा ऑक्शन में उतर जाएंगे. अब तक के इतिहास में ऋषभ पंत आईपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं, जिनपर 2025 की मेगा नीलामी में LSG ने 27 करोड़ रुपये की बोली लगाई थी.
40 करोड़ दो वरना…
क्रिकबज के अनुसार कुछ टॉप खिलाड़ियों ने 40 करोड़ रुपये की रिटेंशन फीस की मांग की है. बताया जा रहा है कि कुछ खिलाड़ियों ने अपनी-अपनी फ्रेंचाइजी के सामने अपना मत साफ किया है. आने वाले दिनों में इन खिलाड़ियों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि प्लेयर्स का मानना है कि उन्हें ऑक्शन में एंट्री लेने से बेहतर रकम प्राप्त हो सकती है.
आईपीएल 2026 को याद करें तो सिर्फ ऋषभ पंत, श्रेयस अय्यर, कैमरून ग्रीन, हेनरिक क्लासेन और विराट कोहली ही ऐसे पांच खिलाड़ी थे, जिन्हें 20 करोड़ से अधिक रकम मिली थी.
150 करोड़ का होगा पर्स
इस साल मिनी ऑक्शन होना है, लेकिन 2028 में मेगा नीलामी आने वाली है. कयास लगाए जा रहे हैं कि आईपीएल 2028 के ऑक्शन में टीमों का कुल पर्स 150 करोड़ रुपये का हो सकता है. अगर एक ही खिलाड़ी पर 40 करोड़ खर्च किए जाएंगे तो टीम का एक चौथाई से ज्यादा पर्स वहीं खत्म हो जाएगा. ऐसे में इतनी अधिक रिटेंशन फीस देना फ्रेंचाइजी के लिए बड़ा सिर दर्द बन सकती है. अभी तक औपचारिक रूप से इस मामले पर विचार नहीं किया गया है.
रिटेंशन एक बड़ी मुसीबत
IPL 2025 मेगा ऑक्शन को याद करें तो उससे पहले सभी टीमों को अधिकतम पांच-पांच खिलाड़ियों को रिटेन करने की छूट मिली थी. उन 5 खिलाड़ियों के लिए अधिकतम 75 करोड़ रुपये की लिमिट सेट की गई थी. उससे ज्यादा रकम जाने पर टीम के पर्स से पैसे काटे जाते.
उस समय फ्रेंचाइजी का लगभग दो-तिहाई पर्स केवल पांच खिलाड़ियों पर खर्च हो गया था. अब तो बात 40 करोड़ की हो रही है, वो भी सिर्फ एक खिलाड़ी के लिए. अगर 40 करोड़ का एक रिटेंशन हुआ, तो फ्रेंचाइजी के लिए बाकी रकम में एक टॉप टीम बनाना मुश्किल हो जाएगा. क्योंकि एक टीम में 4-5 मार्की प्लेयर्स जरूर होते हैं, जिन्हें लंबे समय से आईपीएल में खेलने के लिए मोटी रकम मिलती आई है.
यह भी पढ़ें:
न्यूजीलैंड की बढ़ी मुश्किलें, डेवोन कॉनवे भारत के खिलाफ ODI सीरीज से बाहर


















