श्रीनगर लोकसभा सीट से सांसद आगा सैयद रुहुल्ला मेहदी ने मंगलवार (03 नवंबर) को नेशनल कॉन्फ्रेंस से इस्तीफा दे दिया. इससे पहले उन्होंने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और पार्टी अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला पर तीखा राजनीतिक हमला बोला. उन्होंने अपने इस्तीफे के कारणों को स्पष्ट करते हुए पार्टी अध्यक्ष पर ‘दोहरी नागरिकता’ और ‘दोहरे मापदंड’ रखने का आरोप लगाया. रूहुल्लाह ने ये भी कहा कि जनता को धोखा दिया गया और मेरा इस्तेमाल किया गया.
बडगाम में एक जनसभा को संबोधित करते हुए, रुहुल्ला ने आरोप लगाया कि उमर अब्दुल्ला दैनिक वेतन भोगियों (डेली वेजर्स), छात्रों और जेल में बंद युवाओं के समर्थन में खड़े होने में विफल रहे, जबकि उनसे बार-बार इन मुद्दों को उठाने का आग्रह किया गया था.
‘जेलों में बंद लोगों के परिवारों की चिंता दूर करने में CM नाकाम’
रुहुल्ला ने कहा, “दैनिक वेतन भोगियों ने आपसे बात करने के लिए कहा, तो आपने जवाब दिया, ‘मैं किसी से नहीं डरता’. छात्रों ने आरक्षण के मुद्दे को सुलझाने के लिए आपसे संपर्क किया, तो आपने कहा, ‘मुझे धमकी मत दो. मैं डरता नहीं हूं’.” उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उन युवाओं और परिवारों की चिंताओं को दूर करने में नाकाम रहे, जिनके सदस्य जेलों में बंद हैं.
उन्होंने मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया, “आपको जेल में बंद युवाओं के बारे में बात करनी चाहिए थी, लेकिन इसके बजाय आप अपने निजी काम के लिए केंद्रीय गृह मंत्री के पास गए, ताकि अपने सलाहकार की फाइल पास करवा सकें.”
रुहुल्ला का फारूक अब्दुल्ला पर निशाना
पार्टी अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला पर निशाना साधते हुए, रूहुल्लाह ने कहा कि वे कुरान की आयतों का हवाला देते हैं और संसद की सीट से इस्तीफा देने की मांग करते हैं, लेकिन वे यही कुरान के सिद्धांत अपने “बेगैरत” बेटे को सिखाना भूल गए, जिसने मुझसे और जनता से किए गए हर वादे को भुला दिया है. रुहुल्ला ने उमर अब्दुल्ला पर विधानसभा चुनाव के दौरान मतदाताओं से किए गए वादों को भूलने का भी आरोप लगाया, जिसमें 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा भी शामिल था.
उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान उमर अब्दुल्ला ने लोगों से समर्थन मांगने के लिए उनके सामने जो टोपी रखी थी, ऐसा लगता है कि सत्ता में आने के बाद वे उसे भी भूल गए हैं. रुहुल्ला ने कहा, “आप उस टोपी को भूल गए हैं जिसे आपने वोट मांगने के लिए लोगों के सामने रखा था. आप 200 यूनिट बिजली देने का वादा भी भूल गए हैं. अब आपका पूरा ध्यान गाड़ियां हासिल करने पर है.”
आपने जनता को धोखा दिया, मेरा इस्तेमाल किया- रुहुल्ला
मुख्यमंत्री पर व्यक्तिगत कटाक्ष करते हुए, रुहुल्ला ने कहा, “डॉ. फारूक अब्दुल्ला, आपका बेटा ‘बेगैरत’ (नालायक) है, कश्मीरी कौम नहीं.” उमर अब्दुल्ला पर जनता और उनका राजनीतिक समर्थन करने वालों को धोखा देने का आरोप लगाते हुए रूहुल्लाह ने कहा, “आपने जनता को धोखा दिया, मुझे धोखा दिया, सबको धोखा दिया. आपने मेरा इस्तेमाल किया.”
चुनाव प्रचार के दौरान अपनी भूमिका को याद करते हुए, रुहुल्ला ने कहा कि उन्होंने नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायकों से उन युवाओं के महत्व को समझने का आग्रह किया था, जो उनका सम्मान करते थे और उनका समर्थन करते थे. उन्होंने कहा, “चुनाव प्रचार के दौरान मैं हर विधायक से कहता था कि अगर आपके निर्वाचन क्षेत्र के युवा मेरा सम्मान करते हैं, तो वे आपका सम्मान क्यों नहीं करेंगे?”
सीएम उमर अब्दुल्ला को जनता कर देगी खारिज- रुहुल्ला
उन्होंने आरोप लगाया कि युवा अब जवाबदेही की मांग करने के लिए आगे आए हैं, लेकिन उन्हें न तो कोई जगह दी जा रही है और न ही उनकी बात सुनी जा रही है. रूहुल्लाह ने चेतावनी दी कि जनता अंततः मुख्यमंत्री को खारिज कर देगी, क्योंकि जनता के भरोसे के साथ धोखा हुआ. उन्होंने डॉ. फारूक अब्दुल्ला को भी चेतावनी दी कि जनता उन्हें भी नहीं बख्शेगी.
ब्रिटिश पासपोर्ट को बाहर निकालें जिन्हें आपने छिपा रखा है- रुहुल्ला
रुहुल्ला ने आगे कहा, “यह कौम उन्हें इस तरह बाहर कर देगी कि वे कभी मुख्यमंत्री के रूप में वापस नहीं आ पाएंगे.” उन्होंने ये भी कहा, “अब समय आ गया है कि आप अपने उन ब्रिटिश पासपोर्टों को बाहर निकालें जिन्हें आपने छिपा रखा है. अब सब कुछ सामने लाने का समय आ गया है, क्योंकि हो सकता है कि देश छोड़ने के लिए आपको इन्हीं ब्रिटिश पासपोर्टों का इस्तेमाल करना पड़े.”
रुहुल्ला मेहदी ने NC और सांसदी से दिया इस्तीफा, नई पार्टी बनाने के संकेत
















