बॉलीवुड की मशहूर फिल्ममेकर और कोरियोग्राफर फराह खान इन दिनों अपने एक वायरल वीडियो को लेकर चर्चा में हैं. इस वीडियो में वो अपने कुक दिलीप के साथ बहस करती नजर आ रही हैं. क्लिप सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर दोनों के बीच अनबन को लेकर कई तरह की बातें होने लगीं. अब फराह खान ने इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया दी है और लोगों से बिना पूरी बात जाने किसी नतीजे पर न पहुंचने की अपील की है.
वायरल वीडियो पर फराह खान ने क्या कहा?
दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में फराह खान और उनके कुक दिलीप के बीच बातचीत होती दिख रही है. इस दौरान दिलीप कहते हैं, ‘मैंने कितनी बार आपको बोला है.’ इस पर फराह जवाब देती हैं, ‘तू मुझे समझाएगा?’ इसी बीच फराह की नजर कैमरे पर पड़ती है और वो वीडियो बनाने वालों को शूटिंग रोकने के लिए कहती हैं. इस क्लिप को देखने के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने दोनों के बीच बहस और अनबन के कयास लगाने शुरू कर दिए.
वहीं, अब फराह खान ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर कर इस मामले पर अपनी बात रखी है. उन्होंने लिखा, ‘दोस्तों, कृपया दिलीप और मेरी निजता का सम्मान करें. किसी भी नतीजे पर न पहुंचें.’ इसके साथ ही उन्होंने हाथ जोड़ने वाला इमोजी भी लगाया.
फराह खान के व्लॉग से मशहूर हुए दिलीप
बता दें कि फराह खान के यूट्यूब व्लॉग ने उनके कुक दिलीप को भी सोशल मीडिया पर एक अलग पहचान दिलाई है. साल 2024 में शुरू हुई उनकी कुकिंग सीरीज में फराह और दिलीप की मजेदार बातचीत दर्शकों को खूब पसंद आती है. इस व्लॉग में फराह अलग-अलग सेलेब्स के घर जाकर उनके साथ खाना बनाती और बातचीत करती नजर आती हैं. अब तक काजोल, सोनाक्षी सिन्हा अनन्या पांडे और विजय वर्मा जैसे सितारे भी उनके इस शो का हिस्सा बन चुके हैं.
फराह खान ने दिलीप की जिंदगी में आए बदलावों पर की थी बात
हाल ही में सोहा अली खान के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान फराह खान ने बताया था कि कैसे उनके व्लॉग की वजह से दिलीप की जिंदगी बदल गई. उन्होंने कहा कि दिलीप को पहले भी अच्छी सैलरी मिलती थी, लेकिन चैनल पर आने के बाद उनकी कमाई और काम के मौके काफी बढ़ गए. फराह ने बताया कि अब वो दिलीप के बच्चों को इंग्लिश मीडियम स्कूल में पढ़ा रही हैं. इतना ही नहीं, उनके एक बेटे को उन्होंने कुकिंग में डिप्लोमा कोर्स भी करवाया है.
















